जौनपुर। जनपद में किसानों की फार्मर रजिस्ट्री (किसान आईडी) का कार्य शत-प्रतिशत पूरा कराने के लिए प्रशासन ने विशेष अभियान शुरू करने का निर्णय लिया है। जिलाधिकारी डॉ. दिनेश चंद्र ने शनिवार को कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित समीक्षा बैठक में अधिकारियों को निर्देश दिया कि 06 अप्रैल से ग्राम पंचायत स्तर पर विशेष शिविर लगाकर लंबित फार्मर रजिस्ट्री का कार्य तेजी से पूरा कराया जाए।
एग्रीस्टैक योजना के तहत हो रही फार्मर रजिस्ट्री
जिलाधिकारी ने बताया कि भारत सरकार और प्रदेश सरकार की प्राथमिकता योजना एग्रीस्टैक (डिजिटल पब्लिक इन्फ्रास्ट्रक्चर फॉर एग्रीकल्चर) के अंतर्गत पीएम किसान योजना के लाभार्थियों सहित सभी भूमिधारक किसानों की फार्मर रजिस्ट्री कराई जा रही है।
उन्होंने कहा कि कई विकास खंडों में अभी भी बड़ी संख्या में किसानों की रजिस्ट्री लंबित है, जिसे विशेष अभियान चलाकर पूरा किया जाएगा।
ग्राम पंचायत स्तर पर लगाए जाएंगे विशेष कैंप
बैठक में बताया गया कि सभी विकास खंडों के लिए 21 नोडल अधिकारी और छह तहसील नोडल अधिकारी नामित किए गए हैं। ये अधिकारी अपने-अपने क्षेत्रों में अधिक लंबित रजिस्ट्री वाली ग्राम पंचायतों को चिन्हित कर वहां विशेष कैंप आयोजित करेंगे।
इन कैंपों में किसानों को फोन और प्रचार-प्रसार के माध्यम से बुलाकर उनकी फार्मर रजिस्ट्री कराई जाएगी।
सरकारी योजनाओं के लिए फार्मर रजिस्ट्री जरूरी
जिलाधिकारी ने निर्देश दिया कि एडीओ (कृषि), लेखपाल, प्राविधिक सहायक, एटीएम, बीटीएम, ग्राम सचिव और पंचायत सहायक प्रतिदिन सुबह 8 बजे से शिविर में उपस्थित रहकर किसानों को सहयोग दें।
उन्होंने कहा कि किसान सम्मान निधि, उर्वरक समेत अन्य सरकारी योजनाओं का लाभ अब उन्हीं किसानों को मिलेगा जिनकी फार्मर रजिस्ट्री बनी होगी। इसलिए सुनिश्चित किया जाए कि कोई भी पात्र किसान इस प्रक्रिया से वंचित न रहे।



