Become a member

Get the best offers and updates relating to Liberty Case News.

― Advertisement ―

spot_img
Homeअपना जौनपुरजिला विद्युत समिति की बैठक में सांसद ने जताई नाराजगी

जिला विद्युत समिति की बैठक में सांसद ने जताई नाराजगी

जौनपुर। जिला विद्युत समिति की बैठक रविवार को कलेक्ट्रेट सभागार में सांसद जौनपुर बाबू सिंह कुशवाहा की अध्यक्षता में संपन्न हुई। बैठक में जिलाधिकारी डॉ. दिनेश चंद्र सहित जनप्रतिनिधि और विद्युत विभाग के अधिकारी उपस्थित रहे। बैठक की शुरुआत में सांसद और अन्य जनप्रतिनिधियों का पुष्पगुच्छ व अंगवस्त्र देकर स्वागत किया गया।

जर्जर खंभों और हाईटेंशन तारों के सर्वे की जानकारी

बैठक में जिलाधिकारी ने बताया कि विद्युत विभाग के सभी अधिकारियों और कर्मचारियों के मोबाइल में जनप्रतिनिधियों के नंबर फीड करा दिए गए हैं। साथ ही जर्जर बिजली खंभों का सर्वे कराया जा रहा है तथा विद्यालयों के ऊपर से गुजर रहे हाईटेंशन तारों को हटाने की कार्रवाई भी की जा रही है।

लंबित विद्युत कार्य जल्द पूरा करने के निर्देश

बैठक के दौरान विधायकों ने बताया कि विधायक निधि से स्वीकृत कुछ विद्युत कार्य अभी भी अधूरे हैं। इस पर सांसद ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि सभी लंबित कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा किया जाए तथा जमीन से जुड़े विवादों का एक सप्ताह के भीतर निस्तारण किया जाए।

ट्रांसफार्मर क्षमता बढ़ाने और जर्जर तार बदलने पर जोर

ट्रांसफार्मरों के बार-बार जलने और समस्याओं के समाधान में देरी की शिकायत पर सांसद ने कड़ी नाराजगी जताई। उन्होंने निर्देश दिया कि जिन क्षेत्रों में ट्रांसफार्मर बार-बार जल रहे हैं, वहां उनकी क्षमता बढ़ाई जाए।

साथ ही गर्मी को देखते हुए जहां जरूरत हो वहां नए ट्रांसफार्मर लगाए जाएं, टेढ़े खंभों को ठीक किया जाए और जर्जर तारों को बदला जाए।

योजनाओं और विकास कार्यों की भी हुई समीक्षा

बैठक में जनप्रतिनिधियों को पीएम सूर्य घर योजना और ओटीएस योजना की जानकारी दी गई। विद्युत अधिकारियों ने बदलापुर, मछलीशहर, मल्हनी सहित विभिन्न विधानसभा क्षेत्रों में प्रस्तावित सब स्टेशन और ट्रांसफार्मर क्षमता वृद्धि से संबंधित जानकारी भी प्रस्तुत की।

सांसद ने स्मार्ट मीटर से अधिक बिल आने की शिकायतों की जांच कराने तथा ऐसे मामलों का समाधान करने के निर्देश दिए। साथ ही विद्युत विभाग के कार्य पूर्ण होने पर जियो टैग फोटो लगाने को भी अनिवार्य बताया।

आग की घटनाओं की जांच के निर्देश

मल्हनी के बेलसरी गांव और शाहगंज क्षेत्र में शॉर्ट सर्किट से खेत में आग लगने की घटना की जांच कराने के निर्देश भी दिए गए। इसके अलावा विद्यालयों और घरों के ऊपर से गुजर रहे हाईटेंशन तारों को शिफ्ट कराने के लिए प्रस्ताव भेजने को कहा गया।

बैठक में नलकूप और सिंचाई विभाग की भी समीक्षा की गई। नलकूपों के शेष विद्युतीकरण कार्य को 15 दिन के भीतर पूरा करने तथा नहरों की सफाई, झाड़ियों की कटाई और खराब सड़कों के निर्माण के निर्देश दिए गए।

जनप्रतिनिधियों के पत्रों का समय से जवाब देने के निर्देश

अंत में सांसद ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि जनप्रतिनिधियों के पत्रों का समय से जवाब दिया जाए और बैठक से पहले एजेंडा उपलब्ध कराया जाए। जिलाधिकारी ने आश्वासन दिया कि बैठक में दिए गए सभी निर्देशों का पालन सुनिश्चित कराया जाएगा।

इस अवसर पर विधायक जफराबाद जगदीश नारायण राय, विधायक शाहगंज रमेश सिंह, विधायक मछलीशहर डॉ. रागिनी सोनकर, विधायक मुंगराबादशाहपुर पंकज पटेल, मुख्य विकास अधिकारी ध्रुव खाड़िया, चीफ इंजीनियर विद्युत सहित अन्य अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।

Share Now...