जौनपुर धारा, जौनपुर। जौनपुर के बाजार में धनतेरस की पूर्व संध्या पर भरपूर रौनक बिखरी नजर आई है। बाजार के हर शोरूम और दुकान पर ग्राहकों का भारी हुजूम देर शाम तक उमड़ता रहा। उत्साहित कारोबारियों ने कहा कि यह फेस्टिवल सीजन उनके लिए यादगार रहेगा।
सोमवार को सराफा, बर्तन, परिधानों, इलेक्ट्रानिक्स, क्राकरी, गिफ्ट आइटमों, होम डेकोरोशन से संबधित सामानों, इलेक्ट्रिक लड़ियों, पेंटिग्स सहित दीपावली के दीयों, पूजा के थाल आदि की भरपूर खरीदारी की जा रही है। इस दौरान नगर में कई फर्मों पर चल रहे ज्वेलरी प्रदर्शनी भी लोगों को अपनी तरफ आकर्षित कर रहीं है। आज धनतेसर है इसे लेकर बाजार के व्यापारियों ने अपनी तैयारियों को पुख्ता कर लिया है।
धनतेरस के दिन सबसे अधिक ग्राहक सराफा, बर्तन, क्राकरी, गिफ्ट आइटमों, होम डेकोरेशन, इलेक्ट्रिक, परिधानों और इलेक्ट्रानिक्स के दुकानों पर आते हैं। यही कारण है कि इससे संबंधित कारोबारियों ने अपनी तैयारियों को अंतिम रूप दे दिया है। सब्जी मण्डी, कोतवाली चौराहा, चहारसू चौराहा, हरलालका रोड, ओलन्दगंज, बदलापुर पड़ाव, सद्भावना पुल सहित आदि मार्केट में भी अच्छी खासी खरीदारी का दौर चल रहा है। बाजार विशेषज्ञों का कहना है कि जिस प्रकार से धनतेरस की पूर्व संध्या पर बाजारों में ग्राहकों का उत्साह दिख रहा है उसे देखते हुए मंगलवार को धनवर्षा का योग बनना तय है। इस दौरान प्रशासन ने भी बाजार में वाहनों का प्रवेश परिवर्तित कर दिया है। जिसके बाद अब शहर के मुख्य बाजारों में बड़े वाहनो का प्रवेश वर्जित रहेगा।
धनतेरस से ही शुरू हो जाती है दीवाली

दीपावली पर्व की शुरुआत धनतेरस 29 अक्टूबर से होगी। 30 को नरक चौदस और 31अक्टूबर को लक्ष्मी पूजा (मुख्य दिवाली) का पर्व मनेगा। वही एक नवंबर को गोर्वधन पूजा और दो नवंबर को भाईदूज मनेगा। उत्साह, उमंग के इस त्योहार को मनाने की तैयारी अभी से शुरू कर दी गई है। त्यौहार नजदीक आने के साथी बाजार में खरीदारी के लिए भीड़ बढ़ती जा रही है। धनतेरस के पूर्व संध्या पर ज्वेलरी प्रदर्शनी के कारण भी मार्वेâट में काफी चहल पहल है। हर तरफ बाजार में जमकर भीड़ हो रही है। शहर के मुख्य मार्गों पर रोशनी की भव्य सजावट की गई। मान्यता है की धनतेरस पर की गई खरीदारी सुख समृद्धि का प्रतीक है। इस दिन लोग अपनी पसंद के हिसाब से सोना चांदी से लेकर बर्तन, झाड़ू सहित जरूरत के अन्य सामान भी खरीदते हैं। इस दिन बाजार में करोड़ों का व्यवसाय होता है। नया मकान लेना हो या नई गाड़ी धनतेरस को शुभ मानते हैं। ऐसे में आज भी बाजार में करोड़ों के व्यापार की उम्मीद है।