पेट्रोल-डीजल की सतत आपूर्ति सुनिश्चित, स्टॉक की जानकारी जारी
जौनपुर। जिलाधिकारी डॉ.दिनेश चंद्र के निर्देश पर जिला पूर्ति अधिकारी ने जानकारी दी है कि जनपद के 275पेट्रोल/डीजल पम्पों पर डीजल और पेट्रोल की सतत आपूर्ति सुनिश्चित की जा रही है।
29 मार्च की स्थिति के अनुसार, जनपद के पेट्रोल/डीजल पम्पों पर 1558 के.एल. डीजल और 1182 के.एल.पेट्रोल उपलब्ध हैं। साथ ही, सभी पम्पों पर ऑयल डिपो से लगातार आपूर्ति भी जारी है। उल्लेखनीय है कि 28 मार्च को अधिक मांग के कारण 6 पम्पों पर स्टॉक समाप्त हो गया था, लेकिन ऑयल कंपनियों के माध्यम से आपूर्ति पुन: प्रारंभ कर दी गई है। जिला अधिकारी ने कहा कि उपभोक्ताओं को डीजल एवं पेट्रोल की उपलब्धता सुनिश्चित की जा रही है और आपूर्ति विभाग के अधिकारी एवं निरीक्षक लगातार क्षेत्र में भ्रमणशील हैं। सभी नागरिकों से अपील की गई है कि अनावश्यक भीड़ न लगाएं, आवश्यकता अनुसार ही ईंधन प्राप्त करें, डीजल/पेट्रोल का संग्रहण न करें और अफवाहों पर ध्यान न दें। केवल आधिकारिक सूचनाओं का ही पालन करें।
पुलिस मुठभेड़ में बदमाश घायल होकर गिरफ्तार, तमंचा व बाइक बरामद
जौनपुर। अपराध की रोकथाम और वांछित अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत थाना मड़ियाहूं पुलिस ने मुठभेड़ के दौरान एक वांछित अभियुक्त को घायल अवस्था में गिरफ्तार कर लिया। उसके कब्जे से देशी तमंचा, कारतूस और एक मोटरसाइकिल बरामद की गई है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक कुंवर अनुपम सिंह के निर्देशन, अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण के दिशा-निर्देशन तथा क्षेत्राधिकारी मड़ियाहूं के पर्यवेक्षण में प्रभारी निरीक्षक दीपेन्द्र सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम क्षेत्र में शांति व्यवस्था ड्यूटी और वांछित अभियुक्तों की तलाश में लगी थी। इसी दौरान पाली बाजार क्षेत्र में मुखबिर से सूचना मिली कि शिवम राजभर उर्फ गोलू अपने एक साथी के साथ अवैध असलहे के साथ केडवारी की ओर जा रहा है। सूचना पर पुलिस टीम ने केडवारी मोड़ के पास घेराबंदी कर संदिग्ध मोटरसाइकिल सवारों को रुकने का इशारा किया, लेकिन वे भागने लगे और अनियंत्रित होकर गिर पड़े। पीछा करने पर एक बदमाश ने पुलिस टीम पर जान से मारने की नीयत से फायर कर दिया, जिसमें पुलिसकर्मी बाल-बाल बच गए। आत्मरक्षा में पुलिस द्वारा की गई जवाबी फायरिंग में एक अभियुक्त शिवम राजभर उर्फ गोलू (करीब 21 वर्ष), निवासी मंझनपुर थाना मड़ियाहूं घायल हो गया, जिसे मौके पर ही गिरफ्तार कर उपचार के लिए सीएचसी मड़ियाहूं भेजा गया। उसका साथी अंधेरे का लाभ उठाकर फरार हो गया, जिसकी तलाश जारी है। गिरफ्तार अभियुक्त के पास से एक देशी तमंचा .315 बोर, एक जिंदा कारतूस, एक खोखा कारतूस और स्प्लेंडर मोटरसाइकिल बरामद की गई है। पुलिस मामले में आवश्यक विधिक कार्रवाई कर रही है।
चोरी का विरोध करने पर ग्रामीण को मारी गोली, हालत गंभीर
जौनपुर। जनपद के तेजी बाजार थाना क्षेत्र में बेखौफ अपराधियों ने तांडव मचाते हुए एक ग्रामीण को गोली मारकर घायल कर दिया। घटना गडाबागरायसेनी गांव की है, जहाँ शनिवार रात लगभग 1:00 बजे घर के बाहर सो रहे 35 वर्षीय अवधेश कुमार यादव पर आधा दर्जन से अधिक बदमाशों ने हमला कर दिया।
मिली जानकारी के अनुसार, हमलावर टाटा मैजिक वाहन पर सवार होकर चोरी की नीयत से आए थे। आहट पाकर जब अवधेश की नींद खुली, तो उन्होंने साहस दिखाते हुए चोरों का विरोध किया और शोर मचाना शुरू कर दिया। खुद को घिरता देख पशु तस्करों ने फायरिंग शुरू कर दी, जिसमें एक गोली अवधेश के बाएं जांघ के आर-पार हो गई। वारदात को अंजाम देकर बदमाश मौके से फरार हो गए। परिजनों ने आनन-फानन में घायल को जिला अस्पताल पहुँचाया, जहाँ डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए वाराणसी बीएचयू रेफर कर दिया है। पुलिस मामले की जांच और आरोपियों की तलाश में जुट गई है।
फांसी पर लटकता मिला दुष्कर्म के आरोपी का शव, क्षेत्र में फैली सनसनी
जौनपुर। कोतवाली थाना क्षेत्र के वाजिदपुर उत्तरी मोहल्ले में शनिवार देर रात उस समय सनसनी फैल गई जब दुष्कर्म के एक आरोपी का शव फांसी के फंदे से लटकता हुआ मिला। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और मामले की जांच शुरू कर दी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार गौरा बादशाहपुर थाना क्षेत्र के अमरा गांव निवासी विजय कुमार यादव(लगभग 22 वर्ष) पुत्र रामसूरत यादव के खिलाफ करीब दस दिन पहले गांव की एक नाबालिग लड़की से दुष्कर्म का मुकदमा दर्ज कराया गया था। इस मामले में उसी गांव के राहुल यादव को भी आरोपी बनाया गया था। एफआईआर दर्ज होने के बाद से दोनों आरोपी फरार चल रहे थे और पुलिस उनकी तलाश कर रही थी। बताया जा रहा है कि फरार होने के बाद दोनों आरोपी गांव के ही संजय यादव द्वारा वाजिदपुर उत्तरी में बनाए गए एक मकान में छिपकर रह रहे थे। इसी दौरान शनिवार देर रात विजय कुमार यादव ने रस्सी के सहारे फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना की सूचना रात करीब 3:30बजे चौकी प्रभारी भंडारी जयदीप कुमार कोल को मिली। सूचना मिलते ही वह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और उच्च अधिकारियों को घटना से अवगत कराया। देर रात फॉरेंसिक टीम भी घटनास्थल पर पहुंची और साक्ष्य एकत्र किए। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। अधिकारियों का कहना है कि मौत के सही कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चल सकेगा। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।
संदिग्ध हालात में विवाहिता की मौत, पति समेत सात पर दहेज हत्या का मुकदमा
जौनपुर। मड़ियाहूं कोतवाली क्षेत्र के मुकुंदपुर गांव में शनिवार रात एक 30 वर्षीय विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो जाने से इलाके में हड़कंप मच गया। मायके पक्ष ने पति व ससुराल वालों पर दहेज के लिए हत्या करने का आरोप लगाया है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार मुकुंदपुर गांव निवासी सुनीता पटेल (30) पत्नी शैलेश कुमार उर्फ शशी पटेल की बीती रात हालत बिगड़ने की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने उसे तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भिजवाया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की खबर मिलते ही मृतका के मायके पक्ष के लोग भी मौके पर पहुंच गए और ससुराल पक्ष पर दहेज हत्या का आरोप लगाते हुए हंगामा किया। मृतका के पिता किशन कुमार पटेल निवासी चतुभुजपुर थाना बरसठी ने मड़ियाहूं कोतवाली में तहरीर देकर बताया कि उनकी पुत्री की शादी वर्ष 2017 में मुकुंदपुर निवासी शैलेश कुमार उर्फ शशी पटेल के साथ हुई थी। शादी के बाद से ही पति, जेठ, ससुर व अन्य परिजन अतिरिक्त दहेज के रूप में पांच लाख रुपये की मांग कर रहे थे। मांग पूरी न होने पर सुनीता को आए दिन प्रताड़ित किया जाता था। पिता का आरोप है कि 28 मार्च की रात पति समेत ससुराल पक्ष के लोगों ने मिलकर सुनीता की पिटाई कर उसकी हत्या कर दी। मृतका के शरीर पर चोट के निशान भी पाए गए हैं। आरोप है कि घटना की सूचना भी ससुराल पक्ष द्वारा मायके वालों को नहीं दी गई। प्रभारी निरीक्षक दीपेंद्र सिंह ने बताया कि मृतका के पिता की तहरीर के आधार पर पति सहित सात लोगों के खिलाफ दहेज हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
सार्वजनिक रास्ते पर अतिक्रमण का आरोप, 10 नामजद समेत अन्य पर मुकदमा
जौनपुर। गौराबादशाहपुर थाना क्षेत्र के मेहौड़ा गांव में पुस्तैनी सार्वजनिक रास्ते पर अतिक्रमण करने तथा विरोध करने पर जान से मारने की धमकी देने के मामले में पुलिस ने 10 नामजद सहित अन्य अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।
मेहौड़ा गांव निवासी गोरखनाथ राय पुत्र स्व. शिवनाथ ने थाने में तहरीर देकर आरोप लगाया कि उनके मकान के दक्षिण दिशा में पूर्वजों के समय से करीब 7 से 8 फीट चौड़ा सार्वजनिक रास्ता चला आ रहा है, जिसका उपयोग गांव के लोग आवागमन के लिए करते हैं। आरोप है कि गांव के ही महेंद्र और ज्ञानेंद्र पुत्र स्व. सूर्यभान ने मकान निर्माण के लिए उक्त रास्ते की जमीन में नींव भर दी और ईंट आदि रखकर अवैध रूप से अतिक्रमण कर लिया, जिससे ग्रामीणों का आवागमन बाधित हो गया है। पीड़ित का कहना है कि रास्ते पर ईंटें रखे होने के कारण जहरीले जीव-जंतु उनके घर में घुस रहे हैं और वह अपने मकान की रंगाई-पुताई भी नहीं कर पा रहे हैं। आरोप है कि जब उन्होंने रास्ता खाली करने के लिए कहा तो विपक्षी पक्ष के लोग एकजुट होकर गाली-गलौज करने लगे और जान से मारने की धमकी देते हुए मारपीट पर उतारू हो गए। पुलिस ने पीड़ित की तहरीर के आधार पर आरोपी महेंद्र, ज्ञानेंद्र, विनीत, सुमित, नवनीत, प्रेमशंकर, आद्या प्रसाद, मनोज राय, हर्षित राय, रजत राय समेत अन्य अज्ञात लोगों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। मामले की जांच उपनिरीक्षक प्रदीप कुमार सिंह को सौंपी गई है।
पुरानी रंजिश में दंपती से मारपीट, चार लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज
जौनपुर। गौराबादशाहपुर थाना क्षेत्र के ग्राम असवारा में पुरानी रंजिश को लेकर एक दंपती के साथ मारपीट और गाली-गलौज करने का मामला सामने आया है। पुलिस ने पीड़ित की तहरीर के आधार पर एक महिला सहित चार लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।
ग्राम असवारा निवासी सभाजीत यादव पुत्र रामलाल यादव उर्फ लल्ला ने थाने में दी गई तहरीर में आरोप लगाया कि बीते 11 मार्च की रात करीब 8:30 बजे गांव के ही कुछ लोगों ने पुरानी रंजिश को लेकर उन्हें घेर लिया। आरोप है कि सतीशचन्द्र यादव और रविकान्त (दोनों पुत्र श्यामजीत यादव), शीला देवी पत्नी श्यामजीत तथा प्रतिभा पत्नी सतीशचन्द्र ने एकजुट होकर उन्हें और उनकी पत्नी उषा देवी को भद्दी गालियां दीं। विरोध करने पर आरोपियों ने दंपती के साथ लात-घूसों से मारपीट कर दी, जिससे दोनों को काफी चोटें आईं। पीड़ित का आरोप है कि मारपीट के बाद विपक्षियों ने उन्हें जान से मारने की धमकी भी दी। पुलिस ने पीड़ित की तहरीर के आधार पर सतीशचन्द्र यादव, रविकान्त, शीला देवी और प्रतिभा के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। थाना प्रभारी ने बताया कि मामले की जांच उपनिरीक्षक बीरेन्द्र प्रसाद को सौंपी गई है।
नाबालिग से छेड़खानी और अश्लील वीडियो दिखाने का आरोप, दुकानदार के खिलाफ मामला दर्ज
जौनपुर। गौराबादशाहपुर थाना क्षेत्र के एक गांव में शनिवार को एक किशोरी के साथ अभद्रता और डराने-धमकाने का मामला सामने आया है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, घटना उस समय हुई जब 12 वर्षीय बालिका पास की एक दुकान पर सामान लेने गई थी।
पीड़िता के परिजनों द्वारा दी गई तहरीर के मुताबिक, दुकानदार पर किशोरी के साथ दुर्व्यवहार करने और उसे मोबाइल पर आपत्तिजनक सामग्री दिखाने का आरोप है। विरोध करने पर आरोपी ने बालिका को डराया और जान से मारने की धमकी भी दी। घर लौटकर किशोरी ने अपने परिवार को घटना की जानकारी दी। जब परिजन शिकायत करने दुकान पर पहुंचे, तो आरोपी ने उनके साथ भी गाली-गलौज की और धमकी दी। थाना अध्यक्ष प्रवीण कुमार यादव ने बताया कि तहरीर के आधार पर आरोपी संजय साहू के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस प्रशासन ने आश्वासन दिया है कि मामले की गंभीरता को देखते हुए उचित कानूनी कार्रवाई की जाएगी। क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने और सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए पुलिस सतर्क है।
जनरेटर चोरी की नाकाम कोशिश में बदमाशों ने की फायरिंग, डीजे संचालक घायल
जौनपुर। जिले के तेजीबाजार थाना क्षेत्र में शनिवार देर रात जनरेटर चोरी की कोशिश का विरोध करने पर बदमाशों ने फायरिंग कर दी, जिसमें एक डीजे संचालक घायल हो गया। घटना के बाद घायल ने खुद फोन कर एम्बुलेंस बुलाया। पुलिस मामले की जांच में जुटी है और बदमाशों की तलाश जारी है।
जानकारी के अनुसार तेजीबाजार थाना क्षेत्र के गढ़ाबाघराय बाजार में शनिवार रात करीब 1:30 बजे मैजिक वाहन से पहुंचे करीब आधा दर्जन बदमाशों ने पहले हवाई फायरिंग की और पूर्व दिशा की ओर चले गए। कुछ देर बाद बदमाश दोबारा लौटे और बाजार में रखे जनरेटर को वाहन में लादने का प्रयास करने लगे। इसी दौरान डीजे संचालक 35वर्षीय अवधेश यादव उर्फ पुल्ली पुत्र कृपाशंकर ने विरोध करते हुए बदमाशों की ओर डंडा फेंक दिया। इससे नाराज एक बदमाश ने उन पर फायरिंग शुरू कर दी। एक गोली उनकी जंघे को छूते हुए निकल गई, जबकि दूसरी गोली जंघे में लग गई। गोली लगने से घायल पुल्ली जमीन पर गिर पड़े। इसके बाद बदमाश जनरेटर लेकर भागने में असफल रहे और वाहन समेत हैदरपुर की ओर फरार हो गए। घायल पुल्ली ने खुद फोन कर एम्बुलेंस को बुलाया। मौके पर पहुंची एम्बुलेंस ने उन्हें पहले नौपेड़वा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। बाद में परिजन उन्हें बेहतर इलाज के लिए वाराणसी के ट्रामा सेंटर ले गए, जहां उपचार के बाद उन्हें छुट्टी दे दी गई। घटना की सूचना मिलते ही तेजीबाजार थानाध्यक्ष सतेंद्र भाई पटेल मौके पर पहुंचे और उच्चाधिकारियों को अवगत कराया। देर रात एएसपी व सीओ सदर सहित कई थानों की फोर्स ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगालते हुए बदमाशों की तलाश में जुटी है।
दहेज हत्या के मामले में तीन दोषियों को 10-10 वर्ष की सजा
जौनपुर। दहेज हत्या के एक मामले में अपर सत्र न्यायाधीश चतुर्थ/विशेष न्यायाधीश ई.सी. एक्ट की अदालत ने तीन अभियुक्तों को दोषी करार देते हुए प्रत्येक को 10-10 वर्ष के कठोर कारावास और 9-9 हजार रुपये के अर्थदंड से दंडित किया है। अदालत ने यह फैसला 28 मार्च 2026 को सुनाया।
मामला बक्शा थाना क्षेत्र के धीराजपुर गांव से संबंधित है। इस प्रकरण में गोविंद पुत्र जोखन, जोखन पुत्र कन्हई और धर्मादेवी पत्नी जोखन के खिलाफ बक्शा थाने में वर्ष 2017 में मुकदमा दर्ज किया गया था। इनके विरुद्ध धारा 498ए, 304बी, 326 भादवि और 4 दहेज प्रतिषेध अधिनियम के तहत आरोप लगाए गए थे। सुनवाई के बाद अदालत ने तीनों आरोपियों को दोषी पाते हुए 10-10 वर्ष के कारावास के साथ 9-9 हजार रुपये का अर्थदंड भी लगाया। अर्थदंड अदा न करने पर चार माह का अतिरिक्त कारावास भुगतना होगा। यह कार्रवाई पुलिस महानिदेशक के ‘ऑपरेशन कन्विक्शन’ अभियान के तहत की गई। मामले में अभियोजन अधिकारी आशीष कुमार सिंह ने प्रभावी पैरवी की, जबकि बक्शा थाना प्रभारी विक्रम लक्ष्मण सिंह समेत पुलिस टीम ने भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
महिला ने मारपीट व छेड़खानी का लगाया आरोप, मारपीट का वीडियो इलेक्ट्रॉनिक मीडिया पर प्रसारित
खुटहन। तिघरा गांव में एक महिला के साथ मारपीट का वीडियो इलेक्ट्रॉनिक मीडिया में प्रसारित हो रहा है। पीड़िता का आरोप है कि उसके साथ आरोपितों द्वारा छेड़छाड़ किया गया।जिसका विरोध करने पर उसे पीटकर घायल कर दिया गया। पीड़िता ने तीन नामजद आरोपितों के खिलाफ थाने में तहरीर दिया है। गांव निवासी नाजरीन पत्नी मोहम्मद अख्तर ने थाने में तहरीर देकर आरोप लगाया है कि गत शनिवार की शाम वह गली के रास्ते अपने घर आ रही थी। तभी गांव के इरफान उसके साथ छेड़खानी करने लगा। विरोध करने पर वह दो अन्य साथियों को बुला कर गाली गलौज देते हुए लात घूंसो से पीटने लगा। आरोप है कि बचाव को आई उसकी माता हदीसुन की भी पिटाई किए। थानाध्यक्ष रामाश्रय राय ने बताया कि तहरीर मिली है घटना की जांच की जा रही है।


