― Advertisement ―

spot_img

पूर्वांचल विश्वविद्यालय में समर ट्रेनिंग पर विशेष व्याख्यान

जौनपुर स्थित वीर बहादुर सिंह पूर्वांचल विश्वविद्यालय के एचआरडी विभाग में प्रशिक्षण 2026 के अंतर्गत "समर ट्रेनिंग: डूज़ एंड डोन्ट्स" विषय पर विशेष व्याख्यान...
Homeअपना जौनपुरGovt.hospital in bad condition : 12 साल बाद भी बदहाल अवस्था में...

Govt.hospital in bad condition : 12 साल बाद भी बदहाल अवस्था में पड़ा सरकारी अस्पताल

  • डॉक्टरों की नियुक्ति और सुविधाओं का अभाव में आदमपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र
सोहन यादव – करंजाकला

जौनपुर धारा, जौनपुर। 12साल पहले बड़े सपनों और उम्मीदों के साथ स्थापित किया गया आदमपुर का सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र आज तक सिर्फ एक सरकारी इमारत बनकर रह गया है, जिससे लोगों की आशा-मंशा पर पानी फिर गया। स्थानीय लोगों को उम्मीद थी कि इस स्वास्थ्य केंद्र से उन्हें बुनियादी चिकित्सा सुविधाएं जैसे एक्स-रे, डिलीवरी और अन्य उपचार के लिए दूर-दराज के अस्पतालों का रुख नहीं करना पड़ेगा। लेकिन हकीकत में, इस केंद्र की हालत दयनीय बनी हुई है।

स्थानीय लोगों के अनुसार अब तक न तो यहाँ डॉक्टरों की नियुक्ति हो पाई है और न ही किसी प्रकार की जांच सुविधाएं उपलब्ध हो सकी हैं। लोग एक्स-रे और प्रसव जैसी सामान्य चिकित्सा सेवाओं के लिए 25 से 30 किलोमीटर दूर अन्य स्वास्थ्य केंद्रों और अस्पतालों पर निर्भर हैं। इससे ग्रामीणों क्षेत्र में आपातकालीन स्थिति में भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है। आदमपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर सिर्फ एक डेंटल हाइजीनिस्ट और एक फार्मासिस्ट मामूली इलाज करने के लिए मौजूद रहतें है।

  • गंदगी व अव्यवस्था का अम्बार

स्वास्थ्य केंद्र की चारदीवारी के भीतर गंदगी का साम्राज्य फैला हुआ है। जगह-जगह पेड़-पौधे और झाड़ियाँ उग आई हैं, जिससे यह भवन एक उपेक्षित ढाँचे की तरह दिखाई देता है। सफाई का अभाव और अस्वच्छ वातावरण ने इसे और अधिक बदहाल बना दिया है। आस-पास के निवासियों का कहना है कि प्रशासन की लापरवाही के कारण स्वास्थ्य केंद्र आज अपनी बुनियादी सेवाओं से कोसों दूर है।

  • सरकारी वादों की हकीकत

यह स्थिति सरकारी योजनाओं और वादों की विफलता को उजागर करती है। जब इस केंद्र का उद्घाटन हुआ था, तो इसे आदमपुर और आसपास के गाँवों के लिए एक महत्वपूर्ण स्वास्थ्य सुविधा के रूप में देखा गया था। लेकिन प्रशासनिक उदासीनता और संसाधनों की कमी ने इसे बस एक कागजी इमारत बनाकर छोड़ दिया।

  • स्थानीय निवासियों की माँग

ग्रामीणों की माँग है कि स्वास्थ्य विभाग जल्द से जल्द इस केंद्र को सुचारू रूप से संचालित किया जाय। उनकी प्रमुख माँगों में डॉक्टरों की स्थायी नियुक्ति, एक्स-रे और प्रसव जैसी आवश्यक चिकित्सा सेवाओं की उपलब्धता, तथा केंद्र की सफाई और रखरखाव शामिल हैं।

स्वास्थ्य सेवाओं का अभाव इस क्षेत्र के लोगों के लिए एक बड़ी चुनौती बना हुआ है। प्रशासन से अपील की जा रही है कि वह इस ओर तुरंत ध्यान दे और स्वास्थ्य केंद्र को पुनः कार्यशील बनाए, ताकि आदमपुर के निवासियों को उनके घर के पास ही बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं मिल सकें।

आदमपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र को आधुनिक बनाने के लिए व्यवस्था चल रही है। जल्दी वहां पर डॉक्टर, वार्ड बॉय वहां डिलीवरी तथा अन्य प्रकार के उपचारों के लिए व्यवस्था की जाएगी। इसके लिए कागजी कार्रवाई की जा रही है।

डॉ लक्ष्मी सिंह, जिला चिकित्सा अधिकारी जौनपुर

Share Now...