Become a member

Get the best offers and updates relating to Liberty Case News.

― Advertisement ―

spot_img
Homeअपना जौनपुरCchath Puja 2024 : खरना के साथ छठ पूजा प्रारम्भ, आज दिया...

Cchath Puja 2024 : खरना के साथ छठ पूजा प्रारम्भ, आज दिया जायेगा डूबते सूर्य अर्घ्य, Jaunpur Me रूट रहेगा डायवर्ट

घाटों की साफ-सफाई का दिया निर्देश

जौनपुर धारा, जौनपुर। छठ पूजा के दूसरे दिन की शुरुआत बुधवार को खरना से हो गई है, छठ के चारों दिन का अलग-अलग महत्व होता है। छठ के महापर्व में खरना का विशेष महत्व हैं, क्योंकि, इस दिन छठ का विशेष प्रसाद बनाया जाता है। आज के दिन शाम से लगभग 36 घंटे का व्रत का आरंभ हो जाता है। इस दिन से रोटी, गुड़ की खीर और फल का भोग लगाया जाता है। खरना वाले दिन भगवान का विशेष प्रसाद व्रत रखने वाले ही तैयार करते हैं और शाम के समय भगवान को अर्पित करने के बाद ही वह उसे ग्रहण करते हैं।

खरना से जो उपवास आरंभ होता है वह सप्तमी तिथि के दिन अर्घ्य देने के साथ ही समाप्त होता है।  मिट्टी के चूल्हे पर गुड़ की खीर बनाई जाती है। इसके लिए पीतल के बर्तन का प्रयोग किया जाता है। यह खीर बहुत ही शुद्धता और पवित्रता के साथ बनाई जाती है। इसलिए मिट्टी के चूल्हे का प्रयोग किया जाता है। खीर के अलावा गुड़ की अन्य मिठाई, ठेकुआ और लड्डू आदि भी बनाए जाते हैं। खरना की यह खास खीर सिर्फ और सिर्फ व्रती इंसान ही बनाता है। पूरे दिन व्रत रखने के बाद शाम के समय व्रती व्यक्ति इसी गुड़ की खीर का सेवन करते हैं। शाम के समय व्रत रखने वाला व्यक्ति कमरा बंद करके ही खीर का सेवन करता है। इसके बाद पूरा परिवार व्रती व्यक्ति से आशीर्वाद लेता है, साथ ही सुहागन महिलाएं व्रती महिलाओं से सिंदूर लगवाती हैं। शाम में केले के पत्ते पर खीर, के कई भाग किए जाते हैं। अलग-अलग देवी देवताओं, छठ मैय्या, सूर्यदेव का हिस्सा निकाला जाता है। इसके बाद केला, दूध, बाकी पकवान भी उसके ऊपर रखे जाते हैं। फिर छठी मैया का ध्यान करते हुए अर्पित करने के बाद व्रती महिलाएं इसे ग्रहण करती हैं।

छठ पूजा को लेकर डीएम-एसपी ने किया घाटों का निरीक्षण

जौनपुर धारा, जौनपुर। जिले में छठ पूजा 7 व 8 नवम्बर को धूमधाम से मनाए जाने को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह से अलर्ट है, इस त्योहार के दौरान किसी भी प्रकार की परेशानी से बचने के लिए सभी तैयारियां लगभग पूर्ण हो चुकीं हैं। बुधवार को डीएम डॉ.दिनेश चंद्र व एसपी डॉ.अजय पाल शर्मा सदभावना पुल स्थित गोपी घाट व सिपाह स्थित अचला घाट का निरीक्षण किया और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर आवश्यक निर्देश दिए। एसपी ने घाटों पर पार्किंग की व्यवस्था सुनिश्चित करने के साथ-साथ सभी घाटों पर बैरिकेडिंग और उचित प्रकाश व्यवस्था के निर्देश भी दिए। वहीं सीसीटीवी कैमरे लगाने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि चप्पे-चप्पे पर निगरानी की जा सके। सभी घाटों पर गोताखोरों की टीम, एसडीआरएफ और एनडीआरएफ के सदस्यों को तैनात किया गया। एनडीआरएफ के सदस्यों को तैनात कर दिया गया है, ताकि किसी भी आपातकालीन स्थिति में त्वरित मदद उपलब्ध हो सके। सुरक्षा व्यवस्था को लेकर जिलाधिकारी डॉ.दिनेश चंद्र ने चेतावनी दी कि सोशल मीडिया पर किसी भी प्रकार की अफवाह फैलाने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने अधिकारियों से यह सुनिश्चित करने को कहा कि माहौल खराब करने की कोशिश करने वालों के खिलाफ सख्त कदम उठाए जाएं।

  • छठ पूजा को लेकर रूट रहेगा डायवर्ट

जौनपुर धारा, जौनपुर। छठ पूजा पर नगर में गुरुवार को दोपहर 2 बजे से शाम 7 बजे व आठ नवम्बर को सुबह 4 बजे से 8 बजे तक यातायात व्यवस्था में बदलाव करते हुए मार्गों को डायवर्ट किया गया है, जिससे व्रती महिलाओं को नदी घाट तक पहुंचने में कोई कठिनाई न हो।इस दौरान पॉलिटेक्निक चौराहा से ओलन्दगंज के तरफ, जेसीज से ओलन्दगंज की तरफ तीन पहिया और चार पहिया वाहन प्रतिबंधित किया गया है, वहीं जोगियापुर पुल के नीचे से नक्खास और ओलन्दगंज की तरफ तीन पहिया और चार पहिया वाहनों पर पूरी तरह से प्रतिबंध लगाया गया है, साथ ही अशोक टॉकीज तिराहा और सद्भावना मोड़ से सद्भावना पुल की तरफ भी बड़े वाहनों को प्रवेश नहीं दिया जायेगा। इस दौरान चहरसू चौराहा से शाहीपुल व ओलन्दगंज से शाही पुल की तरफ भी यही व्यवस्था लागू रहेगी। नक्खास तिराहा से सद्भावना पुल की तरफ जाने वाले छठ पर्व से संबंधित वाहन नदी से पहले दाहिने हाथ चहारदीवारी के अंदर और प्राथमिक विद्यालय परिसर में पार्क होंगे। अशोक टाकिज से सद्भावना पुल की तरफ आने वाले वाहन नदी से पहले किला के पीछे मेन रोड पर किनारे पार्क होंगे। चाहरसू से शाही पुल और पॉलिटेक्निक चौराहा से शाही पुल की तरफ आने वाले वाहन बदलापुर पड़ाव सेंटर पार्किंग में खड़े होंगे।

घाटों की साफ-सफाई का दिया निर्देश, चायनीज मांझों पर भी कार्यवाही

जौनपुर धारा, जौनपुर। जिलाधिकारी डॉ0 दिनेश चंद्र की अध्यक्षता एवं पुलिस अधीक्षक डॉ0 अजय पाल शर्मा की उपस्थिति में छठ पूजा की तैयारियों के दृष्टिगत कलेक्ट्रेट सभागार में बैठक संपन्न हुई। बैठक में जिलाधिकारी ने समस्त अधिशासी अधिकारियों से तैयारी के संबंध में जानकारी लेते हुए घाटों पर साफ-सफाई, सिल्ट सफाई, घाटों पर की गई व्यवस्था के संदर्भ में जानकारी ली। उन्होने घाटों पर  चेंजिंग रूम बनाने, पर्याप्त प्रकाश की व्यवस्था और बैरिकेडिंग बनाए जाने के निर्देश दिए। उन्होंने घाटों पर कूड़ेदान रखे जाने के निर्देश दिए और इसके साथ ही लोगों से कूड़ेदान का प्रयोग करने की अपील भी की। नगर मजिस्ट्रेट को निर्देशित किया गया कि कि चाईनीज मांझे के बिक्री करने वालों के विरुद्ध अभियान चलाकर कार्यवाही करें। पुलिस अधीक्षक ने बताया कि पुलिस विभाग की तरफ से सभी आवश्यक तैयारियां पूर्ण कर ली गई है। पर्याप्त संख्या में महिला और पुरुष बल तैनात किए गए है। सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सख्त निगरानी रखी जा रही है। इस दौरान छठ पूजा समिति के अध्यक्ष ने अवगत कराया कि सिपाह स्थित अचला देवी घाट का रास्ता कई वर्षो से खराब था, काफी प्रयास के बाद भी सड़क का निर्माण नहीं हो पाया। जिलाधिकारी डा0 दिनेश चन्द्र के कुशल निर्देशन में सड़क का निर्माण हो चुका है, जिससे पूजन के दौरान अब लोगों को कठिनाई नहीं होगी। उन्होने बैठक में जिलाधिकारी को धन्यवाद ज्ञापित किया। इस दौरान अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व, ईओ नगर पालिका पूजा समिति के प्रतिनिधि, चेयरमैन, समस्त अधिशासी अधिकारी सहित अन्य उपस्थित रहे।

Share Now...