Become a member

Get the best offers and updates relating to Liberty Case News.

― Advertisement ―

spot_img
Homeअपना जौनपुर8 घंटे बिजली आपूर्ति रहेगी बाधित

8 घंटे बिजली आपूर्ति रहेगी बाधित

जौनपुर। जगदीशपुर रेलवे क्रॉसिंग के पास ओवरब्रिज निर्माण कार्य के चलते 33 केवी लाइन कुद्दुपुर के स्थानांतरण का कार्य 8 मार्च को कराया जाएगा। इसके चलते 33/11 केवी कुद्दुपुर से पोषित क्षेत्रों में सुबह 9 बजे से शाम 5 बजे तक विद्युत आपूर्ति बाधित रहेगी। इस संबंध में अधिशासी अभियंता ने बताया कि लाइन स्थानांतरण का कार्य कार्यदायी संस्था द्वारा किया जाएगा। उन्होंने उपभोक्ताओं से कटौती अवधि के दौरान सहयोग बनाए रखने की अपील की है।

चकबंदी पुन: शुरू कराने व सड़क निर्माण की मांग, डीएम को सौंपा ज्ञापन

जौनपुर। अवकाशप्राप्त मानद कैप्टन अशोक उपाध्याय ने जिलाधिकारी से मिलकर खुटहन क्षेत्र के बीरमपुर गांव में चकबंदी प्रक्रिया पुन: शुरू कराने और सड़क निर्माण की मांग को लेकर ज्ञापन सौंपा।

ज्ञापन में बताया गया कि गांव में लगभग 25वर्ष पहले चकबंदी प्रक्रिया शुरू हुई थी, लेकिन विगत वर्ष बिना पूरी हुए ही अभिलेख तहसील को वापस कर दिए गए, जिससे गांव से जुड़ी कई समस्याएं लंबित हैं। इसके अलावा गांव में सड़क मार्ग का अभाव होने से ग्रामीणों को आवागमन, स्वास्थ्य सेवाओं और शिक्षा तक पहुंचने में काफी परेशानी हो रही है। कैप्टन उपाध्याय ने बताया कि बीरमपुर सैनिक बाहुल्य गांव है, जहां कई युवक सेना व अन्य सुरक्षा बलों में देश की सेवा कर रहे हैं, बावजूद इसके गांव आज भी मूलभूत सुविधाओं से वंचित है। जिलाधिकारी ने ज्ञापन प्राप्त कर संबंधित अधिकारियों को मामले में शीघ्र कार्रवाई करने के निर्देश दिए।

सोंधी ब्लॉक में मनरेगा कर्मचारियों का धरना, आठ महीने से वेतन बकाया

खेतासराय। लंबे समय से मानदेय का भुगतान न होने से नाराज मनरेगा कर्मियों ने शनिवार को सोंधी ब्लॉक कार्यालय के सामने प्रदर्शन कर प्रशासन के खिलाफ नाराजगी जताई और प्रशासनिक अधिकारी को ज्ञापन सौंपा। कर्मचारियों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही लंबित मानदेय का भुगतान नहीं किया गया तो वे कार्य बहिष्कार करने को बाध्य होंगे।

मनरेगा कर्मचारी महासंघ उत्तर प्रदेश के आह्वान पर आयोजित इस प्रदर्शन की अध्यक्षता अतिरिक्त कार्यक्रम अधिकारी निपेंद्र बहादुर सिंह ने की। इस दौरान मनरेगा कर्मचारी, ग्राम रोजगार सेवक, तकनीकी सहायक, लेखा सहायक और कंप्यूटर ऑपरेटर शाहगंज ब्लॉक के सोंधी स्थित कार्यालय के सामने एकत्रित हुए और अपनी मांगों को लेकर विरोध जताया। प्रदर्शन के बाद मनरेगा कर्मियों ने सहायक विकास अधिकारी प्रमोद कुमार सिंह को ज्ञापन सौंपकर लंबित मानदेय के भुगतान की मांग की। कर्मचारियों का कहना है कि पिछले आठ माह से उनका मानदेय लंबित है, जिससे उनके सामने भरण-पोषण का संकट उत्पन्न हो गया है। उन्होंने कहा कि होली जैसे बड़े त्योहार पर भी मानदेय का भुगतान नहीं किया गया, जिससे उनकी होली फीकी रह गई। कर्मचारियों ने बताया कि लंबे समय से वेतन न मिलने के कारण कई कर्मचारियों के सामने भुखमरी जैसी स्थिति पैदा हो गई है। उन्होंने प्रशासन से जल्द से जल्द मानदेय का भुगतान कराने की मांग की। साथ ही चेतावनी दी कि यदि समय रहते भुगतान नहीं किया गया तो मनरेगा कर्मचारी कार्य बहिष्कार करने को मजबूर होंगे। इस मौके पर निशानाथ, उमाकांत यादव, सुरेश, पिंटू कुमार, राम लवट यादव, शिखा सिंह, साधना यादव, रमेश कुमार समेत कई मनरेगा कर्मचारी मौजूद रहे।

सड़क हादसे में युवक घायल, जिला अस्पताल में चल रहा इलाज

जौनपुर। मड़ियाहूं कोतवाली क्षेत्र के बेलवा पट्टी गांव निवासी एक युवक सड़क दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसका इलाज चल रहा है।

जानकारी के अनुसार बेलवा पट्टी निवासी गिरीश पटेल शुक्रवार की शाम अपनी बाइक से निजी कार्य से मछलीशहर गए हुए थे। देर शाम कार्य निपटाकर वह बाइक से अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान जब वह सिकरारा थाना क्षेत्र के अरुआँवा गांव के पास पहुंचे, तभी किसी अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि गिरीश पटेल सड़क के किनारे गिर पड़े और उनके सिर व पैर में गंभीर चोटें आ गईं। दुर्घटना होते ही आसपास मौजूद लोग मौके पर पहुंच गए और घायल युवक को तत्काल एंबुलेंस की मदद से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) भिजवाया। सीएचसी में प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने युवक की हालत गंभीर देखते हुए उसे बेहतर इलाज के लिए जिला अस्पताल रेफर कर दिया। फिलहाल युवक का इलाज जिला अस्पताल में चल रहा है। घटना के बाद परिजनों में चिंता का माहौल बना हुआ है।

घर में अकेली बुजुर्ग महिला से दुष्कर्म का प्रयास, आरोपी हिरासत में

जौनपुर। मछलीशहर कोतवाली क्षेत्र के एक गांव में बुजुर्ग महिला के साथ दुष्कर्म के प्रयास की शर्मनाक घटना सामने आई है। पीड़िता की नातिन की तहरीर पर पुलिस ने गांव के ही एक बुजुर्ग के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उसे हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार कोतवाली क्षेत्र के एक गांव की करीब 65वर्षीय बुजुर्ग महिला घर पर अकेली थीं। इसी दौरान गांव का ही लगभग 65वर्षीय एक बुजुर्ग शराब के नशे में उनके घर पहुंच गया और उनके साथ छेड़खानी करते हुए दुष्कर्म का प्रयास करने लगा। बताया जा रहा है कि महिला के शोर मचाने पर परिवार के अन्य सदस्य मौके पर पहुंच गए। लोगों को आता देख आरोपी मौके से फरार हो गया। इसके बाद पीड़िता की नातिन ने शुक्रवार को कोतवाली पहुंचकर आरोपी के खिलाफ तहरीर दी। पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए बुजुर्ग महिला का मेडिकल परीक्षण कराया और आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया। प्रभारी निरीक्षक विनीत राय ने बताया कि आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है और मामले की जांच की जा रही है।

Share Now...