Become a member

Get the best offers and updates relating to Liberty Case News.

― Advertisement ―

spot_img
Homeअपना जौनपुर5000 विद्यार्थियों को मिली नि:शुल्क शिक्षण व खेल सामग्री

5000 विद्यार्थियों को मिली नि:शुल्क शिक्षण व खेल सामग्री

  • शाहपुरसानी विद्यालय में भव्य कार्यक्रम आयोजित

जौनपुर। बदलापुर क्षेत्र के कम्पोजिट विद्यालय शाहपुरसानी में शनिवार को 5000 विद्यार्थियों के लिए नि:शुल्क शिक्षण एवं खेल-कूद सामग्री वितरण का भव्य कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं, अभिभावकों और स्थानीय लोगों की उपस्थिति रही। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि सांसद व अभिनेता मनोज तिवारी, विशिष्ट अतिथि कृपाशंकर सिंह, बदलापुर विधायक रमेश मिश्रा, जिलाधिकारी दिनेश चन्द्र तथा पुलिस अधीक्षक कुंवर अनुपम सिंह सहित अन्य अतिथियों ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। मुख्य अतिथि सांसद मनोज तिवारी ने कहा कि जौनपुर की धरती पर आकर उन्हें हमेशा विशेष खुशी होती है, क्योंकि यहीं से उन्हें नई पहचान मिली थी। उन्होंने कार्यक्रम में बच्चों की बड़ी संख्या में मौजूदगी पर प्रसन्नता जताते हुए कहा कि यही बच्चे देश का भविष्य हैं। जितने अधिक बच्चे शिक्षित होंगे, उतना ही मजबूत समाज और राष्ट्र का निर्माण होगा। उन्होंने प्रत्येक बच्चे को आवश्यक शिक्षण सामग्री उपलब्ध कराने की पहल की सराहना करते हुए पीली नदी के जीर्णोद्धार कार्य की भी प्रशंसा की। विशिष्ट अतिथि कृपाशंकर सिंह ने कार्यक्रम की सराहना करते हुए कहा कि जौनपुर प्रतिभाओं की धरती है। उन्होंने हाल ही में सिविल सेवा परीक्षा में चयनित युवाओं को बधाई देते हुए कहा कि समाज में शिक्षा के माध्यम से ही सकारात्मक बदलाव लाया जा सकता है। उन्होंने यह भी कहा कि प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री की मंशा है कि प्राथमिक विद्यालयों से पढ़कर आगे बढ़े पूर्व छात्र अपने विद्यालयों में जाकर विद्यार्थियों को प्रेरित करें। विधायक रमेश चंद्र मिश्र ने कहा कि बदलापुर विधानसभा क्षेत्र में बेसिक शिक्षा विभाग द्वारा लगातार बेहतर कार्य किए जा रहे हैं। सरकार की ओर से बच्चों को बैग, जूते, मोजे और मध्याह्न भोजन जैसी सुविधाएं दी जा रही हैं। उन्होंने बताया कि कम्पोजिट विद्यालय शाहपुरसानी के पूर्व छात्र सतीश तिवारी के सहयोग से 5000 विद्यार्थियों को शिक्षण व खेल सामग्री उपलब्ध कराना अत्यंत सराहनीय पहल है। जिलाधिकारी डॉ.दिनेश चंद्र ने अपने संबोधन में कविता के माध्यम से बच्चों को वर्ष 2047 तक देश को विकसित बनाने के लक्ष्य में योगदान देने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि इस पहल का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्र के विद्यार्थियों को शिक्षा और खेल के लिए प्रोत्साहित करना है, ताकि वे आगे चलकर समाज और देश के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकें। कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों को नि:शुल्क शिक्षण सामग्री के साथ खेल-कूद से संबंधित आवश्यक वस्तुएं भी वितरित की गईं। इस अवसर पर ब्लॉक प्रमुख ब्रजेश यादव, रोहित उपाध्याय, खंड शिक्षा अधिकारी अरविंद पांडेय, अभिनव तिवारी, अवधेश यादव, मंडल अध्यक्ष शनि शुक्ला, सिद्धार्थ सिंह, बबलू चौहान, लवकुश सिंह सहित बड़ी संख्या में अभिभावक, शिक्षकगण और स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।

Share Now...