- प्रभारी निरीक्षक के बुलेट प्रूफ जैकेट में लगी गोली
- जवाबी फायरिंग में कोतवाली प्रभारी की गोली से तस्कर हुआ घायल
जौनपुर धारा, जौनपुर। शाहगंज कोतवाली क्षेत्र अन्तर्गत अरंद गांव में गोतस्करों से मुठभेड़ में एक तस्कर को पैर में गोली लगी है। वहीं तस्कर द्वारा फायर हुई एक गोली प्रभारी निरीक्षक के बुलेट प्रूफ जैकेट में लगी। मुठभेड़ देर रात ढाई बजे अरंद नहर के पास हुई। आजमगढ़-अरनौला मार्ग पर शाहगंज की ओर से तस्कर के आने की सूचना पुलिस को मिली जिस पर नहर के समीप रुक कर इंतजार किया गया। बाइक पर सवार एक व्यक्ति आता दिखा। रोकने पर पुलिस पर फायरिंग कर भागने लगा। गोलीबारी में एक गोली प्रभारी निरीक्षक सदानन्द राय के बुलेट प्रूफ जैकेट में जा लगी। वहीं जवाबी कार्रवाई में ईनामिया बदमाश के दाहिने पैर में एक गोली जा लगी। पकड़े जाने पर पता चला कि उक्त व्यक्ति अन्तर्जनपदीय 25 हजार रुपये का ईनामिया गो-तस्कर निकला। खेतासराय थानान्तर्गत रानीमऊ गांव निवासी 55 वर्षीय अब्दुल सलाम उर्फ बिल्लर पुत्र मुस्लिम है। बिल्लर पर आजमगढ़, सुल्तानपुर समेत जौनपुर में कुल 21 मामला दर्ज है। इसके पास से 315 बोर का तमंचा, कारतूस, चोरी की बाइक व मोबाइल बरामद किया गया। आरोपित पर हत्या के प्रयास, गैंगस्टर एक्ट, आपराधिक षड्यंत्र, गोवध निवारण अधिनियम, पशु क्रूरता निवारण अधिनियम, वन संरक्षण अधिनियम, चोरी, आर्म्स एक्ट समेत तमाम आपराधिक मामले दर्ज हैं। आरोपित घायल को इलाज हेतु राजकीय चिकित्सालय लाया गया जहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उक्त घायल की हालत गम्भीर देख जिला चिकित्सालय रेफर कर दिया गया। इससे पूर्व 26 सितम्बर को अरंद गांव में व 10 अक्टूबर को हुसेनाबाद गांव में हुये मुठभेड़ में सदानंद राय की गोली से एक एक गो तस्कर घायल हो चुके हैं। टीम में प्रभारी निरीक्षक सदानन्द राय समेत खेतासराय थानाध्यक्ष यजुवेन्द्र कुमार सिंह मयफोर्स के साथ मौजूद रहे।



