- कांवरियों की सेवा में जुटे छोटे-छोटे बच्चे रहे आकर्षक का केंद्र
- हरिप्रभा वेलनेस ट्रस्ट ने स्वास्थ्य कैंप लगाकर की सेवा
जौनपुर धारा, मुंगराबादशाहपुर। नगर व ग्रामीण क्षेत्रों में सुबह से ही कांवरियों का आना शुरू हो गया। जिसको लेकर श्रद्धालुओं ने जगह-जगह भंडारे का आयोजन किया। जहाँ शिवभक्तों ने प्रसाद ग्रहण किया और विश्राम किया। कांवरियों की सेवा में जुटे छोटे बच्चे आकर्षण का केंद्र बने रहे। बताते चलें कि तेरस पर्व से पूर्व जनपद के विभिन्न हिस्सों सहित अन्य जनपद से भी शिवभक्त गौरीशंकर धाम सुजानगंज जलाभिषेक करते हैं। इससे पहले कांवरिया प्रयागराज संगम पर स्नान कर पूजा अर्चना करने के बाद वहां से सुजानगंज के लिए प्रस्थान किया और शुक्रवार को मुंगराबादशाहपुर पहुंचने पर नगर व ग्रामीण क्षेत्रों में जगह-जगह चल रहे भंडारे में कांवरियों ने प्रसाद ग्रहण किया। वहीं शिवभक्तों के लिए मरहम पट्टी, दवा के साथ डॉक्टर्स भी मौजूद रहे। क्षेत्र के गांव बुढ़िया का इनारा, पुरऊपुर, तरहठी मोड़, मुंगराबादशाहपुर तिराहा, नगर में काली जी मंदिर, कटरा, गुड़ाहाई, नई बाजार व विश्वनाथ मंदिर पर श्रद्धालुओं के लिए जलपान, भोजन सहित दवा, मरहम पट्टी की व्यवस्था की गई थी। वहीं नगर में श्रद्धालुओं की सेवा में जुटे छोटे-छोटे बच्चे आकर्षक का केंद्र रहे और उन्हें खूब सराहा गया। इसी क्रम में हरिप्रभा वेलनेस ट्रस्ट द्वारा स्थानीय थाना परिसर में स्वास्थ्य कैंप लगाकर, शिवभक्तों की निस्वार्थ भाव से सेवा की। इस दौरान समूचा क्षेत्र हर हर महादेव, ॐ नमः शिवाय व बोल बम के जयघोष से देर शाम तक गुंजायमान रहा, ऐसा लगा मानो धरती पर स्वर्ग उतर आया हो। इस अवसर पर शिवप्रसाद गुप्ता(बब्लू), अनिल गुप्ता(सभासद), मृदुल, सौरभ जायसवाल, मनोज कुमार, पवन कुमार, सुनील कुमार, राहुल गुप्ता, रिशु, कार्तिकेय, सीके गुप्ता, स्वास्थ्य सलाहकार डॉ.सुधाकर दुबे सहित आदि लोग मौजूद रहें।



