जौनपुर धारा, मीरगंज। थाना क्षेत्र के अदारी गांव में सांड़ के हमले में एक वृद्ध किसान की मौत हो गई। वृद्ध किसान की मौत से गांव में दहशत का माहौल बना हुआ है, ग्रामीणों का कहना है कि छुट्टा पशु फसलों को तो नुकसान पहुंचा ही रहे थे अब हमला करके ये किसी को घायल कर दे रहे हैं तो किसी को मौत के घाट उतार दे रहे हैं। अदारी गांव के सुरेंद्र गिरी (71) आम के बगीचे में आम तोड़ने गए थे। बगल खेत में चरी बोई हुई थी उसी में सांड़ चरी खा रहा था। वृद्ध किसान ने सांड़ को हांकना चाहा उसी समय सांड़ आक्रामक हो गया और किसान को कई पटकनी देकर मरणासन्न कर दिया। बगल में मुसहर बस्ती के लोगों ने शोर मचाया तो गांव वालों ने जुटकर सांड़ को भगाया और वृद्ध किसान को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मछलीशहर ले गए जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। इस घटना से परिजनों में कोहराम मच गया। इस घटना से पूरे गांव में दहशत का माहौल है। ग्राम प्रधान चंद्रसेन गिरी ने बताया कि गांव में इस समय तीन सांड़ आतंक का पर्याय बने हुए हैं। आवारा पशुओं की जानकारी एसडीएम मछलीशहर को दिया गया है लेकिन शासन प्रशासन द्वारा कोई भी कार्रवाई इन आवारा पशुओं पर नहीं हो रही है जिससे आए दिन इस तरह की दुर्घटना का सामना गांव वालों को करना पड़ रहा है।
- ट्रेन से कटकर वेंडर की मौत
जौनपुर धारा, शाहगंज। स्थानीय रेलवे स्टेशन पर ट्रेन में उतरने के दौरान पैर फिसलने से एक वेंडर की ट्रेन से कटकर मौत हो गई। सूचना पर मौके पर पहुंची रेलवे पुलिस ने शव को कब्जे में ले पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। सरपतहां थाना क्षेत्र के बघरवारा कोइरीपुर गांव निवासी 30 वर्षीय रवि कुमार पुत्र सुखदेव स्थानीय स्टेशन पर वेंडर का काम करता था। बुधवार को लोकमान्य तिलक एक्सप्रेस प्लेटफार्म नंबर एक पर खड़ी थी। रवि सामान बेचने के लिए चढ़ा हुआ था। जब ट्रेन चलने का समय हुआ तो उतरने के दौरान पैर फिसलने के चलते प्लेटफार्म व पटरी के बीच ज्यादा दूरी होने के कारण सीधे ट्रेन के नीचे आ गया जिसके चलते कटकर मौके पर ही उसकी मौत हो गई। सूचना पर पहुंची जीआरपी पुलिस ने शव को कब्जे में पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। वहीं घटना की सूचना परिजनों को दें दिया गया है। सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच हुआ है।



