- शीतलहर के चलते तापमान में लगातार हो रही गिरावट
- अभी एक हफ्ते तक ऐसे ही कड़ाके की ठंड पड़ने का अनुमान
जौनपुर। जनपद में कड़ाके की ठंड का प्रकोप लगातार जारी है। शीतलहर चलने से ठंड में इजाफा हुआ है। वहीं पिछले दिनों हुई बूंदाबांदी से गलन और बढ़ गई है। सोमवार को सुबह पूरा क्षेत्र कोहरे की चादर से ढका हुआ रहा। कड़ाके की ठंड को देखते हुए जिला प्रशासन ने स्कूलों की छुट्टियों को बढ़ा दिया है। सोमवार की दोपहर हल्की धूप देखने को मिली लेकिन सर्द हवाएं लगातार चल रही थी। जिसकी वजह से लोग ठिठुरे हुए दिखाई दिए। मौसम विभाग के अनुसार अगले एक हफ्ते तक ऐसे ही कड़ाके की ठंड पड़ने का अनुमान है। ठंड का प्रकोप जारी है, पिछले चार दिनों से कड़ाके की सर्दी पड़ रही है। सोमवार सुबह के समय विजिबिलिटी न के बराबर रही। मौसम विभाग की ओर से जारी रिपोर्ट के मुताबिक आगामी एक हफ्ते तक कोई राहत नहीं मिलने वाली है। इस दौरान सुबह और रात के वक्त घना कोहरा छाया रहेगा। गलन इतनी ज्यादा है कि लोग जगह-जगह अलाव जलाकर बैठे हुए हैं। तीन, चार दिन घना कोहरा रहने की संभावना है, जिसकी वजह से सुबह और शाम ठण्ड ज़्यादा रहेगी। ठंड में हो रही बढ़ोत्तरी की वजह विशेषज्ञों ने पहाड़ों पर हो रही बर्फबारी को एक बड़ी वजह बताया है। सर्द हवाएं चलने की वजह से लोगों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा। दोपहर तक जरूरी कामों को निपटाकर लोग शाम में जल्द ही अपने घरों की तरफ चल दिए। सुबह पूरा आसमान बादलों की चादर से ढाका रहा जिसकी वजह से सूरज नहीं दिखाई दिया। दोपहर 12बजे सूरज हल्का-हल्का दिखाई दे रहा था, लेकिन लोगों ने धूप में बैठना मुनासिब नहीं समझा क्योंकि सर्द हवाओं की वजह से हाथ पैर ठिथुर रहे थे। ठंड को देखते हुए लकडियों की भी खूब बिक्री हो रही है क्योंकि लोग घर में और अपने घर के बाहर अलाव की व्यवस्था कर रहे हैं ताकि ठंड से बचा जा सके। घरों के अंदर इलेक्ट्रिक लैंप और हीटर का इस्तेमाल लोग कर रहे हैं जिसकी वजह से इनकी कीमतों में भी उछाल आया है। ठंड इतनी ज्यादा है कि लोग इसी के सहारे गुजारा कर रहे। अचानक से गर्म कपड़ों की बिक्री में भी बिक्री में उछाल आया है क्योंकि अभी एक हफ्ता पहले तक इतनी ज्यादा ठंड नहीं थी लेकिन इधर अचानक से ठंड बढ़ने से गर्म कपड़ों की बिक्रीयां हो रही है।



