जौनपुर। सरपतहां थाना क्षेत्र में हुए तीन सड़क हादसों में दो व्यक्तियों की मौत हो गई और एक गम्भीर रूप से घायल हो गया। जिसका इलाज जिला अस्पताल में चल रहा है। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
पहला हादसा डीह असरफाबाद गांव के समीप गलगला शहीद बाजार के पास हुआ, जहां 51वर्षीय जुनेदपुर गांव निवासी राजनाथ विश्वकर्मा पुत्र रामजतन बाइक से घर लौटते समय सड़क पर गिर पड़े। गंभीर रूप से घायल अवस्था में उन्हें सीएचसी ले जाया गया, जहां हालत नाजुक देख चिकित्सकों ने जिला अस्पताल रेफर किया, लेकिन रास्ते में ही उनकी मौत हो गई। दूसरा हादसा सदरूद्दीनपुर गांव के पास हुआ। यहां साइकिल सवार सारी जहांगीर पट्टी गांव निवासी 49 वर्षीय राम विसुन पुत्र सुखई को बाइक सवार ने टक्कर मार दी। इलाज के दौरान देर रात उन्होंने दम तोड़ दिया। तीसरा हादसा जहीरूद्दीनपुर गांव के पास रात करीब साढ़े आठ बजे हुआ, जहां पटैला (खुटहन) निवासी पैतालीस वर्षीय शिवपूजन गुप्ता पुत्र झगड़ू बाइक से मुड़ते समय फिसलकर घायल हो गए। एंबुलेंस से शाहगंज अस्पताल ले जाया गया, जहां से चिकित्सकों ने उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया। दो मौतों की सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मचा हुआ है। थानाध्यक्ष यजुवेंद्र सिंह ने बताया कि पुलिस द्वारा सभी मामलों में आवश्यक कार्रवाई पूरी कर ली गई है और शव पोस्टमार्टम हेतु भेज दिए गया है।
पति, सास ससुर सहित नौ लोगों के खिलाफ दहेज उत्पीड़न का केस दर्ज
खुटहन। जमुनियां गांव में एक लाख रूपए दहेज की मांग को लेकर विवाहिता को मारपीट कर घायल करने तथा उसे घर से भगा देने के आरोपित पति, सास ससुर और ननद सहित परिवार के नौ लोगों के खिलाफ पुलिस ने दहेज उत्पीड़न का केस दर्ज कर लिया है। यह कार्रवाई विवाहिता के द्वारा दी गई नामजद तहरीर पर की गई है।
गांव निवासी साधना पत्नी अजीत ने थाने में तहरीर देकर आरोप लगाया कि उसका विवाह एक वर्ष पूर्व अजीत के साथ हुआ था। साधना का मायका सुइथाखर्द गांव में है। उसके माता पिता का पहले ही निधन हो चुका है। आरोप लगाया है कि उसके भाई ने सामर्थ्य के अनुसार विवाह में दान स्वरूप नकदी व गृहस्थी का सामान देकर हंसी खुशी के माहौल में उसे बिदा किया था। आरोप है कि शादी के कुछ दिनों बाद से ही उसे एक लाख दहेज के लिए प्रताड़ित किया जाने लगा। जिसको लेकर लगभग दो माह पूर्व उसे पति अजीत, ससुर रामनाथ, सास उर्मिला देवी, देवर नवनीत, अतुल और अनुराग, ननद रिंकल, डिंपल और रीता ने मारपीट कर उसे घर से भगा दिया गया।
ओवरटेक करने में बाइक सवार घायल, हालात नाजुक
जौनपुर। महराजगंज क्षेत्र के भटपुरा पावर हाउस के बगल में बुधवार देर रात बोलेरो गाड़ी और पिकअप ओवरटेक करते समय अनियंत्रित होकर पलट गई, जिसकी चपेट में आने से एक फेरी करने वाला बाइक सवार युवक गम्भीर रूप से घायल हो गया। बाइक सवार की एक आंख निकल कर बाहर आ गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने घायल को अस्पताल भेजवाया। वहीं, बोलेरो और पिकअप चालक सुरक्षित बच गए। मीरगंज थाना क्षेत्र के कुछ लोग दावत खाने के बाद बोलेरो में सवार लौट रहे थे। उधर, भटपुरा पावर हाउस के पास पहुंचे ही थे कि बाजार से मुर्गी का चारा लादकर सुजानगंज की तरफ जा रहे पिकअप को ओवरटेक करने में बोलेरो गाड़ी सड़क किनारे असंतुलित होकर पलट गई, जिसकी चपेट में आने से बाइक सवार फेरी करने वाला 32 वर्षीय लालू प्रसाद सिंह निवासी राजा रामपुर सौरिक थाना छिबरामऊ जिला कन्नौज घायल हो गया। यही नहीं उसे बचाने में पिकअप भी सड़क के किनारे पलट गई। सूचना पर पुलिस पहुंची और घायल को एम्बुलेंस से सीएचसी भेजवाया, जहां डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार कर हालत नाजुक देख जिला अस्पताल रेफर कर दिया। वहीं, पिकअप पर लदे मुर्गी दाने की बोरी पूरी सड़क पर बिखर गई, जिससे आवागमन घंटों बाधित रहा। पुलिस ने घटनास्थल से बोरियां हटवाकर रास्ता चालू करवाया।
अनियंत्रित ट्रेलर पेड़ से टकराया, चालक-खलासी चोटिल
खेतासराय। नगर के वीटी गर्ल्स इण्टर कॉलेज के सामने बुधवार रात एक ट्रेलर अनियंत्रित होकर पेड़ से टकरा गया। टक्कर इतनी तेज थी कि विशालकाय पेड़ से झड़ से उखड़ कर ट्रेलर के साथ दूर तक चला गया। हादसे में चालक और खलासी मामूली रूप से घायल हो गए। अर्द्धरात्रि के दौरान गिट्टी लदा एक ट्रेलर शाहगंज की ओर जा रहा था।
बताया जा रहा है कि इस दौरान चालक को झपकी आ गई। जिससे ट्रेलर वीटी गर्ल्स इंटर कालेज के पास एक विशालकाय पाकड़ के पेड़ से टकरा गया। ट्रेलर की गति इतनी तेज थी कि पेड़ जड़ से उखड़ गया। पेड़ समेत ट्रेलर नाली को तोड़ते स्कूल की दीवार के किनारे जा कर रुक गया। हादसे में मामूली रूप से घायल चालक विकास शर्मा निवासी मालीपुर और खलासी एक निजी अस्पताल में उपचार कराने के बाद फरार हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस जांच पड़ताल में जुट गई।
पिकअप और डीजे की टक्कर में युवक की मौत, एक घायल
जौनपुर। मड़ियाहूं कोतवाली क्षेत्र के मड़ियाहूं-मछलीशहर मार्ग पर जंगी रोड के पास बीती रात लगभग 12बजे पिकअप और डीजे की आमने-सामने जोरदार भिड़ंत हो गई। हादसे में पिकअप सवार 28वर्षीय युवक डॉ.सोनकर निवासी रामनगर द्वितीय की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि उसके साथी रवि शिल्पकार गंभीर रूप से घायल हो गए। घायल को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी हालत नाजुक बताई जा रही है। पुलिस के अनुसार, दोनों युवक मड़ियाहूं से पत्थर लादकर मछलीशहर गए थे और वापसी के दौरान यह हादसा हुआ। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि पिकअप के परखच्चे उड़ गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। डॉक्टर सोनकर की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। पत्नी रुचि का रो-रोकर बुरा हाल है।


