- कब्जे से अवैध टेलीकॉम उपकरण, सिमकार्ड, मोबाइल, लैपटॉप व अन्य सामान बरामद
जौनपुर धारा, जौनपुर। नगर कोतवाली थाना क्षेत्र के मोहल्ला बल्लोच टोला स्थित एक मकान से संदिग्ध गतिविधियों में लिप्त तीन आरोपियों को एटीएस वाराणसी और स्थानीय पुलिस की संयुक्त टीम ने शुक्रवार की रात छापा मारकर हिरासत में ले लिया। तीनों के खिलाफ कोतवाली में मुकदमा पंजीकृत कर उन्हें जेल भेज दिया गया।
जानकारी के अनुसार वाराणसी एटीएस को सूचना मिली कि नगर स्थित मोहल्ला बल्लोच टोला में अवैध रूप से टेलीकॉम सम्बन्धित उपकरण के माध्यम से धोखाधड़ी मामले में लिप्त हैं। एटीएस ने स्थानीय पुलिस के साथ उक्त मोहल्ले में छापा मारकर वसीम खान पुत्र स्व. अब्दुल कादिर खान, फहीम खान, सलीम खान पुत्र वसीम खान को हिरासत में ले लिया। इनके कब्जे से पांच अदद सिम बॉक्स, अवैध उपकरण, दो अदद फाइबर केबल, तीन फाइबर चार्जर, स्वीच बोर्ड, दो लैपटॉप, पांच कीपैड मोबाइल, तीन एण्ड्रायड मोबाइल फोन, 349 सिमकार्ड, एण्टिना बरामद हुआ। आरोपियों द्वारा अवैध एक्सचेंज चलाया जा रहा था। शनिवार को एटीएस ने कार्रवाई करते हुए कोतवाली में इन तीनों के खिलाफ धारा 420, 120बी, 3/6, इंडियन वायरलेस टेलीग्राफी एक्ट 1933 व धारा 4/20/21/25 इंडियन टेलीग्राफी एक्ट 1885 व धारा 66/68 आईटी एक्ट के तहत मुकदमा पंजीकृत कर जेल भेज दिया।



