Become a member

Get the best offers and updates relating to Liberty Case News.

― Advertisement ―

spot_img
Homeअपना जौनपुरशीतला अष्टमी पर शीतला चौकियां धाम में उमड़ा भक्तों का जनसैलाब

शीतला अष्टमी पर शीतला चौकियां धाम में उमड़ा भक्तों का जनसैलाब

जौनपुर धारा, जौनपुर। शीतला अष्टमी पर शनिवार को सुबह से शीतला चौकियां धाम से लेकर मैहर देवी मंदिर परमानतपुर में भक्तों की भीड़ रही। इस दौरान पुलिस व मंदिर के पुजारियों ने बारी-बारी से सभी को दर्शन कराया। शीतला चौकियां धाम में शनिवार को चैत्र मास की शीतला अष्टमी तिथि के पावन पर्व पर श्रद्धालुओं की भीड़ रही। भोर में मंदिर का कपाट खुलने के बाद मंदिर के पुजारियों द्वारा आरती पूजन किया गया। भक्तों की लंबी कतार शीतला माता रानी के दर्शन पूजन करने के लिए लगी रही। दर्शनार्थी हाथ में नारियल चुनरी लिए बारी-बारी से कतार में खड़े होकर दर्शन पूजन करते रहे। चैत्र मास की अष्टमी तिथि को मां शीतला माता रानी का विशेष पूजन किया जाता है।

पूर्वांचल क्षेत्र में सभी घरों की महिलाएं भोर में ही हलवा, पूड़ी, रोट प्रसाद तैयार करके शीतला माता रानी के दरबार प्रसाद चढ़ाने पहुंच गए। इस दौरान किसी भी दर्शनार्थी के साथ कोई छीना झपटी न हो इसके लिए महिला पुलिस की भी ड्यूटी लगाई गई थी। वहीं पुलिस चौकी चौकियां धाम की पुलिस लगातार मंदिर परिसर में भ्रमण करती रही। जौनपुर शहर से चार किमी दूर मां शीतला चौकियां धाम पूर्वांचल के लोगों के आस्था का केंद्र है। यहां दर्शन करने के बाद ही लोग मां विध्यवासिनी देवी का दर्शन करने जाते हैं। मान्यता है कि यहां के बाद ही वहां जाने पर लोगों की मनौती पूर्ण होती है। यही कारण है कि गोरखपुर, देवरिया, बलिया, आजमगढ़, मऊ, गाजीपुर, फैजाबाद, आंबेडकरनगर समेत कई जनपदों के श्रद्धालुओं का यहां तांता लगा रहता है। दर्शनार्थी बारी-बारी से मातारानी के चरणों में हलुवा, पूरी, रोट माला फूल प्रसाद चढ़ाकर दर्शन पूजन करने के उपरांत मंदिर के बगल में स्थित पवित्र कुंड में भी वेदी बनाकर हल्दी लेपन कर दर्शन पूजन करती हुई नज़र आई। चौकियां धाम स्थित मां शीतला चौकियां धाम में नवरात्रि के अष्टमी तिथि के अवसर पर मां शीतला माता रानी जी का मां महागौरी के स्वरूप में भक्तों ने दर्शन पूजन किया। मां महागौरी का प्रिय पुष्प रात की रानी है। इनका राहु ग्रह पर आधिपत्य है। यही कारण है कि राहुदोष से मुक्ति पाने के लिए मां महागौरी की पूजा की जाती है। कतार में खड़े दर्शनार्थी बारी-बारी से दर्शन पूजन करते हुए नज़र आए। वहीं पूर्वांचल के कोने कोने से आए हुए श्रद्धालु मुंडन संस्कार, कड़ाही पूजन कर परिवार समेत मां के चरणों में मत्था टेककर सुख शांति, समृद्धि, धन यश वैभव की कामना की। दूर-दराज से आने वाले भक्तों का तांता लगा रहा। वहीं दर्शन पूजन करने के पश्चात् दर्शनार्थी पवित्र कुंड के बगल स्थित बाबा कालभैरव नाथ मन्दिर व मां काली मंदिर में दर्शन पूजन किए। सुरक्षा की दृष्टि से मन्दिर परिषद क्षेत्र में शीतला चौकियां चौकी प्रभारी निखिलेश तिवारी सहयोगी पुलिस व पीएसी दल के साथ मौजूद रहे।

Share Now...