- प्रभारी एआरएम/फोरमैन से नहीं संभल रहा डिपो की कमान
- वर्कशॉप से लेकर स्टेशन तक लगा रहता है गन्दगी का अम्बार
जौनपुर धारा,जौनपुर। जौनपुर डिपो पर बसों के संचालन में घोर असुविधायें तो थी हीं लेकिन अब स्टेशन की व्यवस्था भी प्रभारी एआरएम/सीनियर फोरमैन से नहीं संभाली जा रही है। वर्कशॉप से लेकर स्टेशन परिसर में गन्दगी का अम्बार लगा रहता है। शाम ढलते ही परिसर में शराब की पार्टी का दौर शुरू हो जाता है। आये दिन रोडवेज के छत की सीढ़ियों व कार्यालयों में बियर व अग्रेजी शराब की बोतलें पाई जातीं है। बताया जाता है कि अभी कुछ दिन पहले ही स्थानान्तरित हुए एआरएम राजेन्द्र सिंह यादव ने रोडवेज की व्यवस्थाओं में खासा सुधार लाते हुए डिपो के संचालन की व्यवस्था पटरी पर आती दिख रही थी लेकिन वर्कशॉप की खामियों के चलते लगातार यात्रियों को असुविधाएं ही झेलनी पड़ रही हैं।

जानकारी के अनुसार हमेशा से अपनी कार्य प्रणाली को लेकर चर्चा में रहने वाला जौनपुर डिपो एक बार फिर सुर्खियों में है। अंधेरा होते ही परिसर में गांजा, शराब, बियर आदि नशीने पदार्थों का सेवन करने वालों का जमावड़ा लगना शुरू हो जाता है जिससे रात में सफर करने वालों को भी काफी समस्याओं का सामना करना पड़ता है। स्थानीय लोगों से मिली जानकारी के अनुसार शाम को अंधेरा होते ही कुछ कर्मचारी कार्यालय परिसर में शराब का सेवन शुरू कर देते हैं। शाम होते ही जौनपुर डिपो से कुछ रूटों के लिये बसों का संचालन बन्द हो जाता है।

रोडवेज सेवाएं फिर से चरमराने लगीं हैं। जौनपुर डिपो से गोरखपुर-आजमगढ़-इलाहाबाद की गाड़ियों का संचालन शाम होते ही बन्द कर दिया जाता है। वहीं टंकी भरने के बाद पूरे स्टेशन पर पानी लगा रहता है। परिसर में शौचालय की हालत भी काफी छतिग्रस्त है तो वहीं महिला शौचालय का दरवाजा भी टूटा पड़ा है। स्टेशन की क्षमता के अनुरूप बसों की प्रतीक्षा में यात्रियों के बैठने की व्यवस्थाएं भी दुरूस्त नहीं है।

बतातें चले कि वर्तमान जौनपुर डिपो के एआरएम के चार्ज में फोरमैन हरिशरण शुक्ला का कार्यकाल हमेशा विवादों से घिरा रहा है। इससे पहले भी वे आजमगढ़ डिपो पर इसी पद पर कार्यरत रहते हुए वाटर ब्वाय देवमती देवी के साथ अभद्र व्यवहार कर चुके है जिसकी जाँच वर्तमान में भी जारी है, यही नहीं डिपो के समस्त कर्मचारियों को भी किसी न किसी तरह से परेशान करतें रहतें है।




