- गोबरा गांव की घटना, पहले से चल रहे विवाद को बताया जा रहा कारण
जौनपुर। जिले के चंदवक थाना क्षेत्र के गोबरा गांव में रविवार रात एक विधि के छात्र की बेरहमी से पिटाई कर हत्या कर दी गई। गंभीर हालत में उसे जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि अन्य की तलाश जारी है। जानकारी के अनुसार गोबरा गांव निवासी रामचरण मिश्रा का 28वर्षीय पुत्र सच्चिदानंद मिश्र प्रयागराज के एक निजी कॉलेज से विधि की पढ़ाई कर रहा था। वह इन दिनों जौनपुर दीवानी न्यायालय में एक अधिवक्ता के साथ इंटर्नशिप भी कर रहा था। परिजनों के मुताबिक रविवार रात करीब सवा दस बजे गांव के ही दो लोग, जिनसे पहले से विवाद चल रहा था, घर आए और सच्चिदानंद को जबरन अपने साथ ले गए। कुछ देर बाद ग्रामीणों ने सूचना दी कि घर से लगभग 600 मीटर दूर एक पंप हाउस पर सच्चिदानंद गंभीर रूप से घायल अवस्था में पड़ा है। उसके सिर और आंख के पास गंभीर चोट के निशान थे। घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल को चारपाई सहित एंबुलेंस से जिला अस्पताल भिजवाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। प्रारंभिक जांच में मुकदमे में पैरवी को लेकर चले आ रहे विवाद को घटना की वजह बताया जा रहा है। मृतक की मां सरिता ने आरोप लगाया कि तीन-चार दिन पहले गांव के ही एक व्यक्ति से विवाद हुआ था, जिसकी तहरीर चंदवक थाने में दी गई थी, लेकिन पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की। उनका कहना है कि यदि समय रहते पुलिस कार्रवाई करती तो यह घटना टाली जा सकती थी। पुलिस के अनुसार मृतक के अवैध संबंध को लेकर पड़ोसियों से विवाद की बात भी सामने आई है। प्राप्त तहरीर के आधार पर चंदवक थाने में मुकदमा संख्या 73/2026 धारा 103(1)/61(2) बीएनएस के तहत विष्णु मिश्रा, सूर्यकांत मिश्रा सहित कुल नौ लोगों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया गया है। प्रभारी निरीक्षक के नेतृत्व में पुलिस टीम ने सोमवार सुबह सूचना के आधार पर मुड़ैला तिराहे के पास से दो आरोपियों—विष्णु मिश्रा (30 वर्ष) और ताड़क नाथ मिश्रा (50 वर्ष) निवासी गोबरा—को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने दोनों को उनके जुर्म से अवगत कराते हुए विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है। गिरफ्तारी टीम में प्रभारी निरीक्षक सत्यप्रकाश सिंह, उपनिरीक्षक राजकुमार यादव, हेड कांस्टेबल बलवंत सिंह और कांस्टेबल नितीश यादव शामिल रहे। पुलिस का कहना है कि मामले में अन्य आरोपियों की तलाश की जा रही है और जल्द ही उन्हें भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा।



