- आंगनबाड़ी क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य हेतु अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस पर मिला सम्मान
जौनपुर धारा, खुटहन। जहां चाह, वहां राह उक्ति को बखूबी चरितार्थ किया है, आंगनबाड़ी कार्यकर्ती प्रतिभा सिंह ने अपनी दृढ़इच्छा शक्ति, लगन व नवाचार के माध्यम से बड़नपुर आंगनबाड़ी केंद्र को एक आदर्श आंगनबाड़ी केंद्र के रूप में स्थापित कर दिया है। इस उत्कृष्ट कार्य व प्रबन्धन हेतु महामहिम राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने अन्तराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर उन्हें राजभवन लखनऊ में आयोजित सम्मान समारोह में सम्मानित किया। वापस घर आने पर क्षेत्रवासियों ने प्रतिभा को बधाई व शुभकामना संदेश प्रेषित किया।
मुख्यमंत्री से भी मिला है सम्मान
सकारात्मक सोच की धनी प्रतिभा सिंह को वर्ष-2020 में लखनऊ में आयोजित एक कार्यक्रम में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सम्मानित कर हौसला बढ़ाया था। इससे पूर्व पूर्वांचल विश्वविद्यालय में आयोजित दीक्षांत समारोह में भी राज्यपाल ने उन्हें उनके अच्छे कार्यों की वजह से सम्मानित किया था। इसके अलावा इनको प्रशासनिक स्तर पर डीएम व बीईओ द्वारा सम्मानित किया जा चुका है।
वेतन खर्च कर जुटाए संसाधन
नैतिकता की प्रेरणा लेकर प्रतिभा सिंह ने सरकारी धन के अलावा अपना वेतन खर्च कर आंगनबाड़ी केंद्र में नौनिहालों के लिये कुर्सी,बेंच,टेबल, स्वच्छ जल के लिए आरो, साउंड सिस्टम, वाद्य यंत्र, एलईडी टेलीविजन,फैन, खिलौने तथा अन्य साज सज्जा हेतु सामग्री समेत तमाम संसाधन जुटा लिए। जिससे बच्चों को पढ़ने में सहूलियत महसूस हो रही है।
अभिभावकों से बनाया बेहतर तालमेल
समाज मे बदलाव की चाहत हो तो रास्ते खुद ही निकल आते है। प्रतिभा सिंह ने अपनी मातृत्व कुशलता की बदौलत केंद्र के पढ़ने वाले नौनिहालों को अपना बना लिया है। उनके अभिभावकों से भी सम्पर्क साधकर उन्हें बच्चों की शिक्षा के प्रति प्रेरित करती रहती है।



