- अटल आवासीय विद्यालय प्रवेश परीक्षा: जौनपुर में 202 छात्र-छात्राओं ने आजमाया भाग्य
जौनपुर। उत्तर प्रदेश भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण बोर्ड द्वारा संचालित अटल आवासीय विद्यालय (करसड़ा, वाराणसी) के शैक्षणिक सत्र 2026-27 में प्रवेश हेतु रविवार को प्रवेश परीक्षा का आयोजन किया गया। शहर के राजा श्रीकृष्ण दत्त इण्टर कालेज में आयोजित यह परीक्षा पूरी तरह शांतिपूर्ण और पारदर्शी ढंग से संपन्न हुई।
सहायक श्रमायुक्त देवब्रत यादव ने बताया कि इस विद्यालय का मुख्य उद्देश्य निर्माण श्रमिकों के बच्चों और विशेष परिस्थितियों में निराश्रित हुए बच्चों को समाज की मुख्यधारा से जोड़ना है। परीक्षा में बोर्ड के अंतर्गत पंजीकृत श्रमिकों के पाल्यों के साथ-साथ, कोविड-19 महामारी के दौरान निराश्रित हुए बच्चों और मुख्यमंत्री बाल सेवा योजना के पात्र बच्चों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। प्रवेश परीक्षा के आंकड़ों की जानकारी देते हुए उन्होंने बताया कि कुल 202 बच्चों ने अपनी दावेदारी पेश की। इसमें कक्षा-06 में प्रवेश के लिए 96 और कक्षा-09 के लिए 106 छात्र-छात्राएं परीक्षा में शामिल हुए। जिलाधिकारी के मार्गदर्शन और मुख्य विकास अधिकारी के नेतृत्व में परीक्षा केंद्र पर सुरक्षा और शुचिता के कड़े इंतजाम रहे। सहायक श्रमायुक्त ने बताया कि पूरी प्रक्रिया को कुशलतापूर्वक संपादित कराया गया है ताकि पात्र बच्चों को गुणवत्तापूर्ण आवासीय शिक्षा का लाभ मिल सके।



