जौनपुर। जिलाधिकारी डॉ.दिनेश चंद्र की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में राजकीय जिला पुस्तकालय समिति की बैठक आयोजित की गई। जिसमें पुस्तकालय के विकास, सुविधाओं के विस्तार तथा प्रचार-प्रसार से संबंधित विभिन्न बिंदुओं पर विस्तार से चर्चा की गई। बैठक में पाठकों की बढ़ती संख्या को दृष्टिगत रखते हुए पुस्तकालय में आवश्यकतानुसार फर्नीचर एवं इंटरनेट सेवा में वृद्धि किए जाने पर सहमति बनी। साथ ही विद्युत व्यय को कम करने तथा बिजली कटौती की समस्या के समाधान हेतु पुस्तकालय परिसर में सोलर पैनल लगाए जाने का प्रस्ताव रखा गया। पुस्तकालय की नियमित साफ-सफाई सुनिश्चित करने के लिए नगर पालिका के माध्यम से एक सफाई कर्मी को संबद्ध किए जाने पर विचार-विमर्श किया गया। इसके अतिरिक्त प्रत्येक माह जिला स्तर के किसी अधिकारी द्वारा पुस्तकालय का भ्रमण कर पाठकों को कैरियर काउंसलिंग एवं प्रेरणा प्रदान किए जाने के निर्देश दिए गए। बैठक में जनपद में कार्यरत अधिकारियों एवं अध्यापकों को पुस्तकालय की सदस्यता ग्रहण करने हेतु प्रेरित किए जाने पर विशेष जोर दिया गया। शासन के निर्देशों के क्रम में जिला पुस्तकालय समिति की बैठक प्रत्येक छह माह में अनिवार्य रूप से आयोजित किए जाने का निर्णय लिया गया। राजकीय जिला पुस्तकालय के प्रचार-प्रसार हेतु जनपद के प्रमुख स्थलों पर नगर पालिका के माध्यम से बैनर एवं बोर्ड लगाए जाने पर सहमति बनी। वहीं जनपद में आधुनिक डिजिटल पुस्तकालय की स्थापना के लिए लगभग 1000 वर्ग मीटर भूमि की आवश्यकता पर चर्चा की गई। भूमि उपलब्ध न होने की स्थिति में शहर के मध्य उपयुक्त स्थान उपलब्ध कराए जाने के निर्देश दिए गए। पुस्तकालय परिसर में प्रकाश व्यवस्था सुदृढ़ किए जाने के उद्देश्य से नगर पालिका के माध्यम से तीन स्ट्रीट लाइट लगाए जाने का प्रस्ताव भी बैठक में रखा गया। बैठक में उपस्थित सदस्यों द्वारा राजकीय जिला पुस्तकालय को जनसामान्य के लिए अधिक उपयोगी, आधुनिक एवं आकर्षक बनाए जाने हेतु सामूहिक प्रयास करने का संकल्प लिया गया। इस अवसर पर नगर पालिका अध्यक्ष जौनपुर मनोरमा मौर्य, मुख्य राजस्व अधिकारी डॉ.अजय अंबष्ट सहित जिला स्तरीय अधिकारीगण उपस्थित रहे।
― Advertisement ―
राजकीय जिला पुस्तकालय समिति की बैठक आयोजित



