- विद्यालयों में सरदार बल्लभभाई पटेल की विरासत पर सेमिनार
जौनपुर। जिलाधिकारी डॉ.दिनेश चन्द्र की अध्यक्षता में भारत के लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की 150वीं जयंती को समर्पित एक ऐतिहासिक राष्ट्रव्यापी अभियान रन-फॉर-यूनिटी सरदार150 यूनिटी मार्च के संबंध में कलेक्ट्रेट सभागार में बैठक आयोजित हुई। बैठक में जिलाधिकारी ने कहा कि शासन के निर्देश के क्रम में लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की 150वीं जयंती के उपलक्ष्य में सरदार@150 यूनिटी मार्च का आयोजन कर रही है। उन्होंने ज़ोर दिया कि इस राष्ट्रव्यापी कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य युवाओं में एकता, देशभक्ति और कर्तव्य भावना को जागृत करना है। जिलाधिकारी ने कहा कि रन फॉर यूनिटी के दौरान हम राष्ट्र की एकता और अखंडता के संबंध में जनता को जागरूक भी करेंगे। उन्होंने कहा कि इस यात्रा में छात्र-छात्राएं, वरिष्ठ नागरिक, एन.एस.एस., एन.सी.सी. कैडेट के बच्चे, अध्यापकगण और माई भारत से जुड़े युवाओं के साथ-साथ जनपद के सभी युवा भी शामिल होंगे, उन्होंने जनपद के युवाओं से अपील किया है कि वे इस अभियान से जुड़ें। उन्होंने बताया कि 31 अक्टूबर को प्रात: 8:00बजे से यह पदयात्रा पुलिस लाइन से शुरु होकर विकास भवन में स्थित सरदार बल्लभ भाई पटेल जी की प्रतिमा पर माल्यार्पण के साथ समाप्त होगी। इसके साथ ही अन्य तहसीलों में भी पदयात्रा निकाली जाएगी। पदयात्रा के सफल आयोजन हेतु नोडल अधिकारी भी नामित किये गये है। समस्त कार्यालय के अधिकारी और कर्मचारी को इस पदयात्रा में प्रतिभाग करने के लिए निर्देश दिये गये है। इस पदयात्रा में मुख्य अतिथि जनपद गाजीपुर की राज्यसभा सांसद डॉ.संगीता बलवन्त सहित अन्य जनप्रतिनिधि भी सम्मलित होंगे। जिलाधिकारी ने पेयजल, फल वितरण सहित अन्य व्यवस्थाएं कराये जाने के निर्देश सम्बन्धित अधिकारियों को दिये है। जिलाधिकारी ने कहा कि यह अभियान युवा कार्यक्रम और खेल मंत्रालय, भारत सरकार और माई भारत की पहल है, कार्यक्रम के अंतर्गत जनपद के सभी विधानसभा क्षेत्रों में पदयात्राएँ निकाली जाएंगी। जिलाधिकारी ने सरदार वल्लभभाई पटेल की 150वीं जयन्ती के उपलक्ष्य में आयोजित किए जाने वाले सरदार@150 एक भारत-आत्मनिर्भर भारत अभियान के सम्बन्ध में सरकार की मंशा के अनुसार जानकारी देते हुए बताया कि सरदार वल्लभभाई पटेल की जयन्ती 31 अक्टूबर के अवसर पर जनपद के तीनों विधानसभा क्षेत्रों में पद-यात्रा का आयोजन किया जाएगा और इसके साथ स्वच्छता अभियान, सरदार पटेल की विरासत पर सेमिनार व वाद-विवाद प्रतियोगिताएं आदि आयोजित की जाएंगी। लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती के अवसर पर आयोजित की जाने वाली पद-यात्राओं से संबंधित की जा रही तैयारियों की जानकारी लेते हुए जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि पदयात्रा में शामिल होने वाले युवाओं, छात्रों व अन्य प्रतिभागियों की सुविधाओं से संबंधित व्यवस्थाओं की तैयारी पहले से ही सुनिश्चित कर ली जाए। उन्होंने निर्देश दिए कि पदयात्रा के दौरान स्वास्थ्य शिविर की व्यवस्था रखी जाए तथा स्वच्छ पेयजल, मोबाइल शौचालय व एंबुलेंस की भी व्यवस्था सुनिश्चित रखी जाए। इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी ध्रुव खाड़िया, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ.लक्ष्मी सिंह, जिला विकास अधिकारी, उपायुक्त मनरेगा, परियोजना निदेशक, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी, जिला सूचना अधिकारी सहित अन्य अधिकारीगण, उपस्थित रहे।



