जौनपुर।केराकत थाना क्षेत्र में एक युवक पर हमला किया गया। 31दिसंबर 2025 को रात 8बजे हुई। इस घटना में युवक के दाहिने हाथ में गंभीर चोटें आई हैं।
पीड़ित रमेश कुमार पुत्र स्वर्गीय मूलचंद ग्राम खारगसीपुर थाना केराकत, जौनपुर का निवासी है। उसने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह अपने घर लौट रहा था, तभी गांव के ही विक्रम राव पुत्र अरविंद कुमार ने लोहे की रॉड से उस पर हमला कर दिया। हमले में रमेश कुमार के दाहिने हाथ में गंभीर चोटें आईं। आरोपी विक्रम राव ने उसे जान से मारने की धमकी भी दी और मौके से फरार हो गया। रमेश कुमार ने थाना प्रभारी निरीक्षक केराकत से मामले में मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई करने का निवेदन किया है।
दो बाइकों की टक्कर में पांच युवक घायल, दो गंभीर
जौनपुर। चंदवक थाना क्षेत्र में रील बनाने के दौरान हुए एक सड़क हादसे में पांच युवक घायल हो गए। यह घटना सिधौनी गांव के समीप हुई, जहां दो तेज रफ्तार बाइकों की आमने-सामने की टक्कर हो गई। घायलों में से दो की हालत गंभीर बताई जा रही है।
पुलिस के अनुसार, लेवरुआ गांव निवासी विश्वनाथ सिंह और एक अन्य युवक एक बाइक पर सवार होकर तराव से सिधौनी गांव की ओर जा रहे थे। बताया जा रहा है कि ये दोनों युवक बाइक चलाते समय मोबाइल पर रील बना रहे थे, जिसके चलते उनका ध्यान भटक गया। इसी दौरान सामने से आ रही एक अन्य बाइक से उनकी सीधी टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों बाइकों पर सवार सभी युवक सड़क पर गिरकर घायल हो गए। दूसरी बाइक पर तीन युवक सवार थे। हादसे के बाद वे घबराकर मौके से फरार हो गए। स्थानीय लोगों की मदद से घायल युवकों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज जारी है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
चाइनीज मंझा से चाय विक्रेता सहित दो लोग घायल
जौनपुर। जिले के दो अलग-अलग स्थानों पर बुधवार को प्रतिबंधित चाइनीज मंझे की चपेट में आकर दो लोग घायल हो गए। बक्शा थाना क्षेत्र के सलारपुर नौपेड़वा लकड़मंडी बाजार में बुधवार की शाम प्रतिबंधित चाइनीज मंझे से चाय विक्रेता का होठ कट गया। गले में बंधे मफलर की वजह से गर्दन बाल बाल बच गया। लकड़मंडी बाजार में चाय विक्रेता जियालाल गौड़ चाय पान की दुकान चलाते हैं। जियालाल दुकान से थोड़ी दूर आर्डर पर चाय देने के लिए गये थे। वापस आते समय प्रतिबंधित मंझे से की चपेट में आ गए जिससे उनके होंठ कट गया। जबकि गले में मफलर होने के कारण गला सुरक्षित बच गया। बाजारवासी डॉ.विजय गोंड, महाजन यादव, संदीप विश्वकर्मा, ग्राम प्रधान सुनील मिश्रा, राजेश गुप्ता, दिनेश विश्वकर्मा आदि लोगों ने बाजार में बिक रहे चाइनीज मंझे को पूरी तरह रोकने की प्रशासन से मांग की। इसी तरह गौराबादशाहपुर थाना क्षेत्र के धर्मापुर गांव निवासी 32 वर्षीय मिलन यादव पुत्र राजनाथ बुधवार की दोपहर खेत में काम कर रहे थे। अचानक पतंग कटने के बाद उनके गले में मंझा फंस गया। गर्दन बचाने के चक्कर अंगुली से पकड़ लिए और अंगुली कट गई। जिला अस्पताल में उपचार के दौरान दो टांका लगा है।
युवती ने फांसी लगाकर किया आत्महत्या
जौनपुर। जिले के बक्शा थाना क्षेत्र के चपरामऊ गांव निवासी इण्टर की छात्रा ने बृहस्पतिवार को अपने कमरे में फांसी लगाकर आत्महत्या कर लिया। परिजनों को सुबह घटना की जानकारी हुई तो उन्होंने तत्काल युवती को फंदे से उतारा। उसे उपचार के लिए जौनपुर के नईगंज स्थित एक निजी अस्पताल ले जाया गया, जहाँ डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
मृतका के परिजनों ने शव को वापस घर लाकर पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर सदर अस्पताल के शवगृह भेज दिया। पुलिस की सूचना पर फोरेंसिक टीम भी घटनास्थल पर पहुंची और निरीक्षण किया। 20वर्षीया मृतका वसु यादव इतेन्द्र यादव की पुत्री थी और चपरामऊ गांव की निवासी थी। वह कक्षा 12वीं की छात्रा थी। पुलिस बताया कि शव का पंचनामा कराकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।
मौसमी बीमारियों का प्रकोप बढ़ा
जौनपुर। कड़ाके की ठंड और बढ़ते कोहरे के कारण मौसमी बीमारियों में तेजी आई है। सर्दी, जुकाम और खांसी के मरीजों की बढ़ती संख्या को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग अलर्ट पर है। इसी क्रम में सामुदायिक एवं प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र सिकरारा के अधीक्षक डॉ.तपीश कुमार ने आम जनता को जागरूक करने के लिए एक विशेष परामर्श जारी किया है। डॉ.तपीश कुमार ने क्षेत्रवासियों को नए वर्ष की शुभकामनाएं देते हुए स्वस्थ जीवन के महत्व पर जोर दिया। उन्होंने बताया कि सर्दी के मौसम में श्वसन तंत्र से जुड़ी समस्याएं अधिक होती हैं, इसलिए सावधानी ही सबसे बड़ा बचाव है। डॉक्टर ने जानकारी दी कि वर्तमान में प्रचलित सर्दी-खांसी की समस्या मुख्य रूप से ‘राइनोवायरसÓ के कारण होती है, जिसे चिकित्सीय भाषा में ‘कॉमन कोल्डÓ कहा जाता है। इसके लक्षणों में नाक का बंद होना या पानी बहना, सिरदर्द, हल्का बुखार और सूखी या बलगम वाली खांसी शामिल हैं। डॉ. कुमार ने स्पष्ट किया कि यह एक स्व-सीमित संक्रमण है, जो आमतौर पर 7 से 10 दिनों में उचित देखभाल के बाद अपने आप ठीक हो जाता है। उन्होंने अस्पताल जाने से पहले कुछ प्रभावी घरेलू उपायों पर जोर दिया। गले की खराश और संक्रमण को कम करने के लिए दिन में 2-3 बार गर्म पानी में नमक डालकर गरारे करें। ठंडे पानी और शीतल पेय के बजाय गर्म चाय, वेजिटेबल सूप या गुनगुने पानी का सेवन करें। खांसी या सीने में जकड़न होने पर दिन में कम से कम दो बार भाप लें, जो बंद नाक खोलने और श्वसन मार्ग को साफ करने में मदद करती है। घर से बाहर निकलते समय पर्याप्त ऊनी कपड़े पहनें और सिर व कानों को ढक कर रखें।
नए साल पर वृद्धाश्रम में वृद्धजनों को कराया भोजन
आजमगढ़। अंबरपुर गांव स्थित वृद्धाश्रम में नव वर्ष के मौके पर एक सेवा कार्यक्रम का आयोजन किया गया। गुरुवार दोपहर एक बजे आयोजित इस कार्यक्रम में आश्रम में रह रहे सभी वृद्धजनों को मिष्ठान, फल और स्वादिष्ट भोजन परोसा गया।
इस अवसर पर कृष्ण शरण श्रीवास्तव ने अपने परिवार के साथ वृद्धजनों को अपने हाथों से दोपहर का भोजन और फल परोसे। समाज के कई अन्य लोगों ने भी सेवा भाव से इस कार्यक्रम में हिस्सा लिया और वृद्धजनों के साथ बैठकर भोजन किया। वृद्धाश्रम के प्रबंधक श्याम पांडेय ने बताया कि इस सेवा से वृद्ध-जनों में विशेष खुशी और उत्साह देखने को मिला। सभी वृद्धजनों ने ‘हैप्पी न्यू ईयरÓ कहकर आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम के दौरान आश्रम में आत्मीय वातावरण बना रहा और वृद्ध-जनों के चेहरों पर प्रसन्नता झलकती रही। इस अवसर पर वृद्धाश्रम प्रबंधक श्याम पाण्डेय, भण्डार रक्षक विजयेन्द्र नाथ शर्मा, लेखाकार रोहित कुमार राय, अरविन्द त्यागी, कृष्ण शरण श्रीवास्तव, जन सत्या श्रीवास्तव, विष्णु श्रीवास्तव, सन्नी श्रीवास्तव और दिव्यांश श्रीवास्तव सहित कई अन्य लोग उपस्थित रहे।
मंदिर के दानपात्र से चोरी करने वाला आभियुक्त गिरफ्तार
वाराणसी। भेलपुर पुलिस ने मंदिर के दानपात्र से चोरी करने वाले अभियुक्त को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई पुलिस आयुक्त वाराणसी के निर्देश पर अपराधों की रोकथाम और फरार अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत की गई। पुलिस उपायुक्त काशी जोन के मार्गदर्शन में, अपर पुलिस उपायुक्त काशी जोन के पर्यवेक्षण में तथा सहायक पुलिस उपायुक्त भेलूपुर और प्रभारी निरीक्षक थाना भेलूपुर के नेतृत्व में यह सफलता प्राप्त हुई।
गिरफ्तार अभियुक्त का नाम मनोज कुमार कनौजिया है, जो प्रेम कनौजिया का पुत्र है। उसकी उम्र लगभग 34 वर्ष है और वह बी 32/21, साकेतनगर, थाना लंका वाराणसी का निवासी है। मनोज को 01 जनवरी 2026 को साकेत नगर पार्क नम्बर 1 से हिरासत में लिया गया। उसके खिलाफ आवश्यक विधिक कार्यवाही की जा रही है। मनोज कुमार कनौजिया का आपराधिक इतिहास भी है, जिसमें कई मामले शामिल हैं। पुलिस ने अभियुक्त के पास से चोरी का सामान भी बरामद किया है, जिसमें 04 मध्यम साइज के गिलास, दो छोटे साइज के गिलास, एक पैकेट में छोटी प्लेट और छोटी मूर्ति, एक बड़ी मूर्ति, एक सांप लगा हुआ अरघा, 10 बड़ा लोटिया, 10 मध्यम साइज का लोटिया, 13 छोटी साइज की लोटिया और 5750 रुपये नगद शामिल हैं। गिरफ्तारी करने वाली पुलिस टीम में प्रभारी निरीक्षक सुधीर कुमार त्रिपाठी, विकास मिश्र, रोहित त्रिपाठी, मनोज कुमार राजपूत, हिमांशु मिश्रा, उप निरीक्षक श्यामसुंदर, सुनील यादव और सूरज कुमार शामिल हैं। इस कार्रवाई से यह स्पष्ट होता है कि पुलिस प्रशासन अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने के लिए प्रतिबद्ध है। इस प्रकार की कार्रवाई से समाज में सुरक्षा का माहौल बनेगा और अपराधियों में भय का संचार होगा।


