जौनपुर। जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ.दिनेश चंद ने विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न बूथों तथा विधानसभा क्षेत्र मडियाहूं में मेगा डिजिटाइजेशन दिवस के अवसर पर गणना प्रपत्रों के डिजिटाइजेशन कार्य का औचक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान जिला निर्वाचन अधिकारी ने तैनात बीएलओ से गणना प्रपत्रों के वितरण, संग्रहण तथा डिजिटाइजेशन की अद्यतन स्थिति की जानकारी प्राप्त की। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि प्रगति को और तेज किया जाए तथा शत-प्रतिशत डिजिटाइजेशन सुनिश्चित किया जाए। जिलाधिकारी ने यह भी निर्देशित किया कि प्रत्येक बूथ पर बीएलओ की सहायता हेतु एक-एक अध्यापक की ड्यूटी अनिवार्य रूप से लगाई जाए, जिससे प्रपत्रों के संग्रहण एवं डिजिटाइजेशन की गति में और वृद्धि हो सके। उत्कृष्ट और शत प्रतिशत डिजिटाइजेशन का कार्य करने वाले बीएलओ और सुपरवाइजर को सम्मानित भी किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि माननीय भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशों के क्रम में जनपद में विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण कार्य गतिशीलता के साथ संचालित है। बीएलओ द्वारा घर-घर जाकर फॉर्म का वितरण एवं संग्रहण किया जा रहा है तथा उसके उपरांत प्रपत्रों का डिजिटाइजेशन समयबद्ध रूप से कराया जा रहा है। जिलाधिकारी ने कहा कि यह कार्य अत्यंत महत्वपूर्ण है, इसमें किसी भी प्रकार की शिथिलता क्षम्य नहीं होगी। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि जहां भी प्रगति धीमी है, वहां विशेष ध्यान देते हुए त्वरित सुधार सुनिश्चित किया जाए। मडियाहूं सभागार में निरीक्षण के दौरान के दौरान बूथवार रिकॉर्ड कीपिंग की जिलाधिकारी ने प्रशंसा भी की। हेल्प डेस्क के माध्यम से गणना प्रपत्र को भरने में समस्या आने पर समाधान करते हुए त्वरित निस्तारण कराया जा रहा है और फॉर्म भरवाया जा रहा है। लोगों को लगातार जागरूक किया जा रहा है जिससे प्रत्येक मतदाता की लोकतंत्र के इस महापर्व में भागीदारी सुनिश्चित हो सके। जिला निर्वाचन अधिकारी ने सभी से अपील किया है कि गणना प्रपत्र भरकर बीएलओ को अवश्य जमा करें। इस अवसर पर अपर जिला निर्वाचन अधिकारी राम अक्षयबर चौहान, नगर मजिस्ट्रेट इंद्रनंदन सिंह, एईआरओ, सहित अन्य उपस्थित रहे।
― Advertisement ―
मेगा डिजिटाइजेशन दिवस पर गणना प्रपत्रों का जिलाधिकारी ने किया निरीक्षण



