- गुरुकुल पब्लिक स्कूल के पाँच छात्रों ने बनाई मिनी सैटेलाइट
मुंगराबादशाहपुर। इसरो इनस्पेस एवं एस्ट्रोनॉटिकल सोसाइटी ऑफ इंडिया द्वारा आयोजित तीन दिवसीय भारत की पहली नेशनल स्टूडेंट रॉकेट्री एवं कैनसेट प्रतियोगिता में मुंगराबादशाहपुर के गुरुकुल पब्लिक स्कूल के पाँच छात्रों ने अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया। देशभर से 71टीमों और 600से अधिक छात्रों ने इस प्रतियोगिता में भाग लिया। इनमें गुरुकुल पब्लिक स्कूल की पायल तिवारी, सौम्या यादव, आदित्य दुबे, उदिती त्रिपाठी और मिष्ठी मोदनवाल ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए 24 घंटे की इसरो ट्रेनिंग सफलतापूर्वक पूर्ण की और एक मिनी सैटेलाइट तैयार की। प्रतियोगिता के दौरान छात्रों ने रॉकेट निर्माण की बारीकियाँ सीखीं और एक स्पेस हैबिटेट पॉड में प्रोटोटाइप बनाया। छात्रों ने बताया कि यह अनुभव उनके लिए अत्यंत प्रेरणादायक रहा और उन्होंने इसरो वैज्ञानिकों से बहुत कुछ सीखने का अवसर प्राप्त किया। विद्यालय के प्रधानाचार्य शिवम् दुबे ने छात्रों की इस उपलब्धि पर गर्व व्यक्त करते हुए कहा कि यह विद्यालय ही नहीं बल्कि पूरे क्षेत्र के लिए सम्मान की बात है। उन्होंने कहा कि यह अनुभव छात्रों के भविष्य के लिए अत्यंत उपयोगी सिद्ध होगा और उन्हें विज्ञान एवं अंतरिक्ष अनुसंधान के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित करेगा।इस अवसर पर विंग कमांडर एयर फोर्स शुभांशु शुक्ला, डॉ.पाल(इसरो वैज्ञानिक), डॉ.विनोद (इनस्पेस निदेशक), प्रधानाचार्य शिवम् दुबे और आदर्श उपस्थित रहे।



