- जीवन में मानसिक संतुलन उनके सीखने और विकास का आधार : डॉ.अजीत कपूर
जौनपुर। लायन्स क्लब मेन द्वारा लोगों के मानसिक स्वास्थ्य और कल्याण को बढ़ावा देने विषय पर संगोष्ठी स्थान के.जी.सभागार चहारसू चौराहा में आयोजित किया गया। इस अवसर पर जीएटी एरिया लीडर डॉ.क्षितिज शर्मा ने कहा कि मानसिक स्वास्थ्य हमारे समग्र स्वास्थ्य का एक अभिन्न अंग है। यह हमारे भावनात्मक, मनोवैज्ञानिक और सामाजिक कल्याण पर प्रभाव डालता है। लेकिन लोग मानसिक स्वास्थ्य समस्याओं को वैध स्वास्थ्य चिंताओं के बजाय व्यक्तिगत असफलताओं के रूप में देखते हैं।इस दृष्टिकोण के कारण चिंता और अवसाद जैसी सामान्य स्थितियों को भी गलत समझा या नजरअंदाज किया जाता है। मानसिक स्वास्थ्य समस्याओं को अक्सर निर्णय और भेदभाव के डर से छिपाया जाता है। डॉ.क्षितिज ने बताया कि ‘मानसिक स्वास्थ्य और कल्याणÓ लायन्स सेवा सप्ताह, एक वैश्विक पहल है। जो समुदायों में मानसिक स्वास्थ्य के बारे में जागरूकता बढ़ाने, भावनात्मक कल्याण को बढ़ावा देने और मानसिक स्वास्थ्य सहायता प्रदान करने पर केंद्रित है। वरिष्ठ बाल रोग विशेषज्ञ डॉ.अजीत कपूर ने कहा कि मानसिक स्वास्थ्य शारीरिक स्वास्थ्य जितना ही महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि विद्यालय स्तर पर इस विषय पर जागरूकता और संसाधन उपलब्ध कराए जाएं तो विद्यार्थी अधिक सक्षम और आत्मविश्वासी बन सकते हैं। संस्थाध्यक्ष सीए राजेश राज गुप्ता ने बताया कि इंटरनेशनल प्रेसिडेंट ए.पी.सिंह के निर्देशन में चार से बारह अक्टूबर तक विश्व के 210 देशों में लायन्स क्लबों द्वारा मानसिक स्वास्थ्य और कल्याण पर जागरूकता अभियान चलाया जा रहा हैं। चार्टर सचिव अरुण त्रिपाठी ने कहा कि मानसिक स्वास्थ्य के बिना स्वास्थ्य संभव नहीं है।



