जौनपुर। बक्शा थाने पर तैनात उपनिरीक्षक प्रसिद्ध नारायण सिंह को पुलिस अधीक्षक डॉ.कौस्तुभ ने शुक्रवार की रात तत्काल प्रभाव से लाइन हाजिर कर दिया।
आरोप है कि मई गांव में दो परिवारों के बीच हुई मारपीट की घटना में मौके पर पहुंची टीम में शामिल उक्त दारोगा एक महिला के पीछे चिकोटी काटकर बगल से निकल जाता है। यह घटना वीडियो रिकार्डिंग में कैद हो गई। किसी ने इसे इंटरनेट मीडिया के एक्स प्लेटफार्म पर प्रचलित कर दिया था। स्वत: संज्ञान लेकर एसपी ने यह कार्रवाई की। घटना चर्चा का विषय बनी हुई है।
बंद पड़े घर का ताला तोड़कर चोरों ने हाथ किया साफ
जौनपुर। लाइन बाजार थाना क्षेत्र के गोधना गांव में एक बन्द घर का ताला तोड़कर चोर बीती रात घर में रखे नगदी सहित सोने के आभूषण चोरी कर ले गये। मकान मालिक ने घटना के जानकारी होने के तुरन्त बाद थाने पर तहरीर दी।
प्रभारी निरीक्षक सतीश सिंह ने बताया कि क्षेत्र के गोधना गांव निवासी सन्नी सिंह जो कि रोजी रोटी के सिलसिले में मुम्बई रहते हैं। सन्नी सिंह ने अपने गोधना गांव स्थित घर में सीसीटीवी कैमरा लगवा रखा है। गुरूवार की रात अचानक से कैमरा आफलाइन हो गया था। उन्हे सुबह एक पड़ोसी से सूचना लगी कि आपके घर पर लगा ताला टूटा हुआ है। घर आने पर चोरी की जानकारी हुई। तहरीर के अनुसार घर में 60 हजार नगदी सहित एक सोने की चैन और तथा कान का झुमका चोरी होने की बात कही गयी है। सन्नी की तहरीर पर पुलिस ने चोरी का मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस छान बीन करने में जुट गयी है।
ऑटो चालक की लापरवाही से बाइक सवार घायल
जौनपुर। गौराबादशाहपुर कस्बे में एक बैट्री ऑटो चालक की लापरवाही से बाइक सवार को गंभीर चोटें आई हैं। घटना सुबह 10:00चांद शूज़ सेंटर के सामने की है।
मोहम्मद सलाह सिद्दीकी पुत्र सलाहुद्दीन उर्फ नन्हू, जो चोरसंड के रहने वाले हैं और वर्तमान में बमैला गौराबादशाहपुर जि़ला जौनपुर में रहते हैं, किसी काम से गौराबादशाहपुर कस्बा गए थे। वापस लौटते समय जौनपुर की तरफ से आ रहे बैट्री ऑटो ने चांद शूज़ के सामने अचानक दिशा बदल दी। जौनपुर की तरफ जाने वाली पटरी पर रोड पर खड़ी एक सवारी ने अचानक बैट्री ऑटो चालक को हाथ दिखाया। इस पर ऑटो चालक ने बिना आसपास देखे तुरंत वाहन मोड़ दिया। इसी दौरान उधर से आ रहे मोहम्मद सलाह सिद्दीकी अपनी बाइक सहित ऑटो से टकरा गए। हादसे में मोहम्मद सलाह के सिर और पैर में गंभीर चोटें आईं। स्थानीय लोगों ने तुरंत उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र चोरसंड पहुंचाया। वहां डॉक्टरों ने उनकी हालत देखते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया। स्थानीय लोगों का कहना है कि इस मार्ग पर ऑटो चालकों की लापरवाही से अक्सर हादसे होते रहते हैं।
महाविद्यालय में बच्चियों को वितरित किया गया नि:शुल्क स्वास्थ्य चेकअप किट
केराकत। स्थानीय क्षेत्र के अंतर्गत पौनी सोहनी गांव में स्थित रामचरित्तर महाविद्यालय के तत्वाधान में कृषु चैरिटेबल ट्रस्ट द्वारा नि:शुल्क स्वास्थ्य चेकअप व बच्चियों को स्वास्थ्य किट वितरित किया गया।
इस मौके पर डॉ.स्वाति यादव नें बच्चियों को महिलाओं से संबंधित होने वाली समस्याओं के बारे में विस्तार से जानकारी दी तथा उनके निदान हेतु समय-समय पर स्वास्थ्य शिविर आयोजन के लिए भरोसा दिलाई, तथा उनके साथ डॉ.धर्मेन्द्र यादव व डॉ.नरेंद्र यादव, डॉ.अमित सिंह, डॉ.संदीप यादव ने उपस्थित होकर क्षेत्र से आए महिलाओं और बुजुर्गों का भी चेकअप करके उपचार किए। साथ में प्रकृति को हरा भरा रखने के लिए पौधारोपण का कार्यक्रम भी किया गया। इस मौके पर रवि यादव, संजय यादव, पवन, गोरख यादव, रामपाल, गोलू यादव, दिनेश सर, संतोष यादव, अनिल सर, सुमन, नम्रता, दर्शना, शमा, चंचल, भगवती सिंह उपस्थित रहें तथा महाविद्यालय के डायरेक्टर सौरभ यादव के देखरेख में कार्यक्रम सफल बनाया गया तथा अंत में महाविद्यालय के संस्थापक व प्रबंधक लल्लू यादव नें सभी का आभार व धन्यवाद व्यक्त किए।
तेज रफ्तार स्कॉर्पियो किशोरी को बचाने में खाई में पलटी
केराकत। स्थानीय क्षेत्र के अंतर्गत गंगौली गांव के समीप शनिवार को तेज रफ्तार स्कॉर्पियो किशोरी को बचाने के चक्कर में पैर को रौंदते हुए सड़क के किनारे खाई में जा पलटी। सूचना पर पहुंची पुलिस मामले की जांच पड़ताल जुटी।
विदित हो कि शगुन पाण्डेय पुत्री शैलेन्द्र पांडेय 11वर्ष सड़क के किनारे जा रही गाय के बछड़े को पकड़ने जैसे ही सड़क के किनारे पहुंची तभी केराकत से जौनपुर की तरफ तेज रफ्तार स्कॉर्पियो आ गई जब तक वह कुछ समझ पाती की अनियंत्रित स्कॉर्पियो किशोरी के पैर को रौंदते हुए सड़क के किनारे खाई में जा पलटी। स्कॉर्पियो चालक समेत सवार लोगों की हल्की चोटें आ गई। स्कॉर्पियो को खाई में पलटते देख आस-पास के लोगो की भीड़ इक_ा होकर स्कॉर्पियो में सवार सभी लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला। तत्पश्चात घायल सभी लोग ऑटो पकड़कर उपचार के लिए निजी अस्पताल चले गए। वही बच्ची को हालत नाजुक देख परिजन उपचार हेतु जौनपुर निजी अस्पताल में ले गई। घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस जांच पड़ताल की।
विद्युत करंट की चपेट में आने से तीन झुलसे
बदलापुर। कोतवाली क्षेत्र के पट्टी दयाल गांव में शनिवार शाम एक लोहे के दरवाजे में करंट आने से एक ही परिवार के तीन सदस्य झुलस गए।
प्राप्त जानकारी के अनुसार पट्टी दयाल गांव निवासी दीपक कुमार ने अपने मकान के मुख्य द्वार पर लोहे का दरवाजा लगवाया है। उसी दरवाजे के ऊपर से समर सेबल पंप की विद्युत तार बाहर निकाली गई थी। बताया जा रहा है कि पिछले कुछ समय से दरवाजा खोलते-बंद करते वक्त तार लोहे से रगड़ खाकर धीरे-धीरे छिल गया था। जिससे वह तार दरवाजे से स्पर्श कर गया। इसके चलते लोहे के दरवाजे में करंट प्रवाहित होने लगा। शनिवार की शाम जब दीपक की पत्नी दीप कुमारी, पुत्री प्रियंका और पुत्र श्रेयांस दरवाजा खोलने गए तो सभी करंट की चपेट में आ गए। घर में अफरा-तफरी मच गई। स्वजन तत्काल तीनों को लेकर बदलापुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचे,जहां मौजूद चिकित्सकों ने तत्काल प्राथमिक उपचार शुरू किया। डॉक्टरों के अनुसार, सभी की हालत अब सामान्य है और खतरे से बाहर हैं।
छिनैती की रकम के साथ आरोपी पुलिस की गिरफ्त में
जौनपुर। शुक्रवार देर शाम क्षेत्र के खेमनापुर गांव के पास हुई छिनैती के आरोपी शनिवार को रकम सहित पुलिस के हत्थे चढ़ गए। जिनको हिरासत में लेकर पुलिस पूछताछ में जुटी रही।
गौरतलब हो कि उक्त गांव के पास एक गैस कंपनी में कार्यरत महिला कर्मी विभा पत्नी विनोद और सहकर्मी डीह अशरफाबाद गांव निवासी शरद कुमार से तमंचे के बल पर छिनैती हुई थी। पीड़िता के अनुसार बाइक सवार बीस हजार रुपए छीनकर भाग निकले। सूचना पर पहुंची पुलिस जांच पड़ताल में जुटी थी, इसी बीच नजदीक के विद्यालय में लगे सीसीटीवी कैमरे से मिले फुटेज के आधार पर दो आरोपियों की शिनाख्त घटना वाले दिन हो गयी। दूसरे दिन शनिवार को आरोपी पुलिस के हत्थे चढ़ गए। पकड़े गए आरोपियों की शिनाख्त भैसौली गांव निवासी अखिलेश वर्मा व सुल्तानपुर जनपद के करौंदीकला क्षेत्र का शातिर बदमाश नीरज उपाध्याय के रुप में हुई। दोनों को हिरासत में लेकर पुलिस पूछताछ में जुटी है। इस बाबत जहां प्रभारी निरीक्षक अमित सिंह द्वारा फोन काल रिसीव नहीं किया गया, वहीं क्षेत्राधिकारी अजित सिंह चौहान ने बताया छिनैती की वास्तविक रकम चार हजार थी। रकम सहित दोनों आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। दोनों शातिर अपराधी हैं, जो सुल्तानपुर जनपद में विभिन्न मामलों में आरोपी हैं।



