Become a member

Get the best offers and updates relating to Liberty Case News.

― Advertisement ―

spot_img
Homeअपना जौनपुरमछली पालन के लिए खोदे गए तालाब में तीन किशोर डूबे

मछली पालन के लिए खोदे गए तालाब में तीन किशोर डूबे

  • तीनों की हुई मौत, नागपंचमी पर्व पर तालाब में गुड़िया डुबोने के दौरान हुआ हादसा

जौनपुर धारा, जौनपुर। पंवारा थाना क्षेत्र के सरायबीका गांव में नागपंचमी पर्व पर मछली पालन के लिए खोदे गए तालाब में गुड़िया डुबोने के दौरान तीन किशोरों की डूबने से मौत हो गई। उक्त गांव में सोमवार को नाग पंचमी त्योहार पर गांव के ही बगल मछली पालन के लिए खोदे गए तालाब में गांव की महिलाएं, युवतियां कपड़े की बनी गुड़िया नहलाने गई थी। गुड़िया डुबोने के बाद सभी बड़े लोग अपने घरों की तरफ चले गए थे। दिन में लगभग 11 बजे सभी लोगों के घर जाने के बाद आयुष सरोज 8 वर्ष पुत्र रंजीत सरोज व सत्यम 10 वर्ष पुत्र संजय सरोज तालाब में डंडे से गुड़िया पीट रहे थे। तभी आयुष गहरे पानी में चले गया और डूबने लगा जिसे बचाने के चक्कर में सत्यम भी गहरे पानी में चला गया और दोनों डूबने लगे। दोनों को डूबता देख तालाब किनारे खड़ा अभिषेक सरोज 15 वर्ष पुत्र पप्पू सरोज तालाब में कूद गया किन्तु उन्हें बचाने के चक्कर में वह भी तालाब में डूब गया। तीन बच्चों के डूबने की खबर गांव में पता चलते ही हड़कंप मच गया। लगभग पूरा गांव तालाब किनारे पहुंच गया। ग्रामीणों ने तीनों को तालाब से बाहर निकाल मछलीशहर स्थित एक निजी अस्पताल लेकर गए जहां चिकित्सक ने तीनों की मौत की पुष्टि कर दी किन्तु परिवार को अभी भी मौत का भरोसा नहीं हुआ। वे सभी तीनों को लेकर जौनपुर जाने लगे। लाला बाजार पहुंचने पर वाहन में बैठे कई लोगों के समझाने के बाद वे लोग तीनों शवों को लेकर घर पहुंचे। तीन शव घर पहुंचते ही गांव में कोहराम मच गया। घटना की सूचना लगते ही उपजिलाधिकारी राजेश कुमार चौरसिया, नायब तहसीलदार सूरज कुमार पटेल, बीडीओ मछलीशहर सचिन भारती, थाने की फोर्स के साथ मौके पर पहुंच परिजनों को आर्थिक मदद दिलाने का भरोसा दिया। दोपहर तक क्षेत्राधिकारी अतर सिंह, थानाध्यक्ष मछलीशहर यजुवेंद्र कुमार सिंह परिजनों को पोस्टमार्टम करवाने के लिए समझा रहे थे। जबकि परिजन शव का पंचनामा कर अंत्येष्टि करने के लिए चल दिये। मृतक सत्यम सरोज तीन भाई व दो बहनों में सबसे छोटा था, आयुष दो भाईयों व तीन बहनों में सबसे छोटा था जबकि अभिषेक अकेला था। इस घटना से पूरे गांव में मातम छा गया है।

Share Now...