जौनपुर धारा, जौनपुर। उमानाथ सिंह स्वशासी राजकीय मेडिकल कॉलेज के निर्माण के लिए बजट तो दूर की बात है। आनन-फानन में ओपीडी चालू होने के बाद आउटसोर्सिंग पर रखे गए कर्मचारियों का ४ महीने से भुगतान भी नहीं हो पाया है। बेबस होकर ४ महीने बाद करीब १०० की संख्या में स्टाफ नर्स और हेल्थ वर्कर के कर्मचारियों ने जमकर प्रदर्शन किया।
बता दे कि उमानाथ सिंह स्वशासी राज्य की मेडिकल कॉलेज के लिए अभी तक पूरा बजट नहीं मिला है। किसी तरह प्रथम तल बनाकर ओपीडी चालू की गई। ओपीडी चालू करने के लिए आउटसोर्सिंग पर कर्मचारियों को रखा गया जिसका भुगतान ४ महीने बीत जाने के बाद भी नहीं हुआ। कई बार उन लोगों ने कंपनी की तरफ से रखे गए कर्मचारी से इसकी शिकायत भी की तो उन्होंने कहा कुछ दिनों में पेमेंट हो जाएगा लेकिन ४ महीने बीत जाने के बाद भी अभी तक भुगतान नहीं हो पाया जिससे परेशान होकर आजमगढ़, जौनपुर, मऊ से नौकरी करने आए आउटसोर्सिंग पर स्टाफ नर्स और हेल्थ वर्कर के करीब १०० की संख्या में कर्मचारियों ने जमकर प्रदर्शन किया। मौके को देखते हुए मेडिकल कॉलेज प्रशासन ने मौके पर पुलिस को बुलाया। मौजूद पुलिसकर्मियों और मेडिकल कॉलेज के फैकल्टी के सीनियर डॉक्टरों ने कर्मचारियों को समझाने का प्रयास किया लेकिन कई छात्र रोते हुए अपनी पीड़ा व्यक्त करते हुए कहा कि ४ महीने से भुगतान न होने पर परिवार से पैसा लेकर रूम का किराया और खाने पीने की व्यवस्था कर रहे हैं। कर्मचारियों ने कहा अगर उनकी बातें नहीं मानी जाएंगी तो वे सभी काम करने से इंकार कर देंगे। साथ ही जिलाधिकारी को पत्र देकर कलेक्ट्रेट में प्रदर्शन करेंगे। प्रदर्शन करने में गरिमा राय, अंकिता मौर्या, वसीम, संजीव, राहुल आदि लोग मौजूद रहे।



