Become a member

Get the best offers and updates relating to Liberty Case News.

― Advertisement ―

spot_img
Homeअपना जौनपुरभीषण ठण्ड में अलाव जलाने के नाम पर हो रहा खानापूर्ति

भीषण ठण्ड में अलाव जलाने के नाम पर हो रहा खानापूर्ति

जौनपुर। जनपद में लगातार कई दिनों से पड़ रही गलन भरी भीषण सर्दी के कारण जन जीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। इसके बावजूद नगर पंचायत कजगांव द्वारा कस्बे में ठीक ढंग से अलाव न जलाये जाने को लेकर आकाश सिंह, अरविन्द प्रजापति, सुनील विश्वकर्मा, सूरज कन्नौजिया सहित अन्य सभासदों ने मिडिया कर्मियों से बात-चीत करते हुए नगर पंचायत अध्यक्ष व अधिशासी अधिकारी पर गम्भीर आरोप लगाया है। कहा कि जहां एक तरफ भयंकर भीषण ठण्ड के पड़ रही हैं वहीं दूसरी तरफ नगर पंचायत के जिम्मेदार लोग पूरी तरह से कुम्भ कर्णी निद्रा में लीन पड़े हुए हैं। सभासदों ने कहा कि कड़ाके की ठण्ड के बावजूद कस्बे में कहीं भी ठीक ढंग से अलाव नहीं जलवाया जा रहा है। अलाव जलवाने के नाम पर सिर्फ खानापूर्ति किया जा रहा है। सभासदों ने कहां कि कई बार नगर पंचायत कार्यालय में कहने के बाद भी कोई सुनने वाला नहीं है। सभासदों ने यह भी आरोप लगाया कि नगर पंचायत के लोग पूरी तरह से कान में तेल डालकर सोये हुए हैं। इनको न कुछ दिखाई देता है न सुनाई देता है। अगर कस्बा में अलाव बराबर ठीक ढंग से जलाया जाये तो देर रात कस्बे में आने-जाने वाले लोगों एवं क्षेत्रवासियों को ठण्ड से राहत मिल सकेगा।

फसल को कीटो से बचायेगी सोलर लाइट ट्रैप

जौनपुर। जिला कृषि रक्षा अधिकारी द्वारा जनपद के किसान भाईयों से अपील किया है कि वर्तमान समय में फसलों को कीटो से बचाने के लिए किसानों को कीटनाशक रसायनों का छिड़काव नही करना पडेगा। इसके लिए कृषि विभाग द्वारा सोलर लाइट ट्रैप की व्यवस्था की है। जनपद में किसानों को खेतों में लगाने हेतु 2000 लाइटें मिली है और किसानों को 75 प्रतिशत अनुदान पर दी जायेगी। इसके लिए किसानों का पंजीकरण कराना होगा। फसल को कीटों से बचाने के लिए जिस रासायनिक दवा का छिड़काव किया जाता है वह फसलों के पोषक तत्वों को नष्ट कर देती है। अब खेतों में सौर ऊर्जा से संचालित लाइट ट्रैप से हानिकारक कीटों को नष्ट किया जायेगा।

 उन्होंने बताया कि जिलें में 2000 सोलर लाइटें आयी है यह पंजीकरण वाले किसानों को 75 प्रतिशत अनुदान पर दी जायेगी। खेतों के बीच में इस सोलर लाइट को लगाया जायेगा। रात में यह सोलर लाइट जलेंगी तो लाइट के पास कीट आयेंगें लाइट के नीचे की तरफ काफी बड़ा बाक्स की तरह एक टै्रप लगा रहेगा इस टै्रप में पानी भरने के बाद डीजल डालना होगा लाइट के पास आने-वाले कीट उस ट्रैप में गिरकर मर जायेंगे। जिले के प्रत्येक विकास खण्ड में कृषि रक्षा इकाई केन्द्रो पर सामयिक कृषि रसायन खरपतवारनाशक रसायन में 50 प्रतिशत बायोपेस्टीसाइड में 75 प्रतिशत तथा सोलर लाइट ट्रैप फेरोमेन ट्रैप आदि पर 75 प्रतिशत अनुदान दिया जा रहा है।

विकास खण्ड परिसर केराकत में रोजगार मेले का आयोजन

जौनपुर। निदेशक, सेवायोजन उ.प्र.के निर्देश के क्रम में जिला सेवायोजन कार्यालय जौनपुर के तत्वावधान में विधानसभा केराकत के खण्ड विकास परिसर केराकत में 13 जनवरी को प्रात: 10:00बजे रोजगार मेले का आयोजन किया जाएगा। जिसमें (05) कंपनियों के द्वारा शैक्षिक योग्यता हाईस्कूल, इण्टर,आईटीआई एवं स्नातक उत्तीर्ण 200 बेरोजगार अभ्यर्थियों को निजी क्षेत्र की कंपनियों में सेवायोजित कराये जाने हेतु रोजगार मेले का कैम्पस के माध्यम से सेलेक्शन किया जायेगा। जिसमें अभ्यर्थी अपने योग्यता अनुसार प्रतिभाग करते हुए, विभिन्न पदों पर साक्षात्कार के माध्यम से रोजगार प्राप्त करें। जिला सेवायोजन अधिकारी जय प्रकाश पासवान ने बताया कि रोजगार मेला में सम्मिलित होने के लिए अभ्यर्थियों को अपने साथ समस्त शैक्षिक अभिलेखों की छायाप्रति, आईडी प्रूफ, बायोडाटा सहित प्रतिभाग करें।

पूर्व बसपा विधायक जगरनाथ चौधरी का निधन

जौनपुर।जलालपुर क्षेत्र के मझगवां कला गांव के निवासी पूर्व बसपा विधायक जगरनाथ चौधरी (66वर्ष) का शुक्रवार को निधन हो गया। उनके निधन की सूचना मिलते ही उनके शुभचिंतकों और क्षेत्रवासियों में शोक की लहर दौड़ गई। बड़ी संख्या में लोग उनके आवास पर पहुंचकर शोक संवेदना व्यक्त करने लगे। जगरनाथ चौधरी पिछले काफी समय से अस्वस्थ चल रहे थे।

जगरनाथ चौधरी का राजनीतिक करियर 1993 में केराकत विधानसभा क्षेत्र से सपा-बसपा गठबंधन के तहत विधायक चुने जाने के साथ शुरू हुआ। वे एक जमीनी नेता के रूप में जाने जाते थे, जिन्होंने हमेशा अपने क्षेत्र के विकास के लिए काम किया। उनके निधन से क्षेत्र में एक बड़ा शून्य उत्पन्न हुआ है, जिसे भरना कठिन होगा। उनके निधन पर क्षेत्र के कई नेताओं और कार्यकर्ताओं ने शोक व्यक्त किया है। पूर्व विधायक के समर्थकों ने कहा कि चौधरी जी ने हमेशा जनता की भलाई के लिए काम किया और उनके योगदान को कभी भुलाया नहीं जा सकेगा। उनके निधन से न केवल उनके परिवार को बल्कि पूरे क्षेत्र को गहरा दुख पहुंचा है। जगरनाथ चौधरी का जीवन संघर्ष और सेवा का प्रतीक था। उन्होंने अपने राजनीतिक जीवन में कई उतार-चढ़ाव देखे, लेकिन कभी भी अपने सिद्धांतों से समझौता नहीं किया। वे हमेशा अपने क्षेत्र के लोगों के साथ खड़े रहे और उनकी समस्याओं का समाधान करने का प्रयास किया।

बीबीए में दूसरे स्थान पर रही जौनपुर की कीर्ति पाठक

जौनपुर। जिले के सुजानगंज इटहा गांव की निवासी कीर्ति पाठक ने सूरत, गुजरात स्थित विनीता विश्राम महिला यूनिवर्सिटी की बीबीए फाइनल वर्ष की परीक्षा में दूसरा स्थान प्राप्त किया है। इस उपलब्धि से उन्होंने अपने जिले और प्रदेश का नाम रोशन किया है।

कीर्ति पाठक अखिलेश पाठक की पुत्री हैं। उनके पिता अखिलेश पाठक सूरत में एक व्यवसायी हैं। कीर्ति की प्रारंभिक शिक्षा भी सूरत में ही हुई थी। वह वर्तमान में एमबीए की छात्रा हैं। कीर्ति की इस सफलता से उनके परिवार में खुशी का माहौल है। दूरभाष पर हुई बातचीत में कीर्ति ने अपनी इस उपलब्धि का श्रेय अपने माता-पिता और गुरुजनों को दिया।

सुबह कोहरे के बाद दिन में निकली धूप, गलन बरकरार

जौनपुर। जिले में शुक्रवार को धूप निकलने से लोगों ने राहत की सांस ली। लगातार कोहरे और ठंड हवा के बीच धूप निकलते ही जनजीवन में सक्रियता देखने को मिली। हालांकि धूप के बावजूद ठंड की गलन बरकरार रही, जिससे लोगों को पूरी तरह राहत नहीं मिल सकी।

सुबह के समय कोहरा छाया रहा, लेकिन १०बजते ही सूर्यदेव के दर्शन हुए। बाजारों में लोगों की आवाजाही बढ़ी और ठंड से बचाव के लिए लोग धूप का सहारा लेते नजर आए। ठंडी हवाओं के कारण बुजुर्गो और बच्चों को सतर्क रहने की जरूरत है। रात के तापमान में गिरावट के चलते ठंड रही। न्यूनतम तापमान 7डिग्री सेल्सियस और अधिकतम 16डिग्री रहा। हांलाकि ठण्ड के साथ ही पूरे दिन सर्द हवाएं चलती रही, जिससे धूप में भी लोगों को कंपकपी छूटती रही। इस भीषण ठण्ड में आम जनमानस के साथ ही पशु पक्षी भी सहम गये हैं।

कार और बाइक की टक्कर में दो घायल

जौनपुर। जफराबाद क्षेत्र के जौनपुर-केराकत मार्ग पर किरतापुर गांव के पास गुरुवार की रात तेज रफ्तार कार ने एक बाइक को टक्कर मार दी, जिससे बाइक सवार दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना पर पहुंची डायल 112 पुलिस टीम ने दोनों को एम्बुलेंस से जिला चिकित्सालय भिजवाया।

मिली जानकारी के अनुसार केराकत थाना क्षेत्र के खरहर डगरा निवासी 40 वर्षीय प्रदीप गौतम अपने मित्र 37 वर्षीय विनोद कुमार के साथ बाइक से शहर में स्थित एक परिचित के यहां जन्मदिन पार्टी में शामिल होने गए थे। देर रात करीब दस बजे दोनों कार्यक्रम से लौट रहे थे, तभी किरतापुर गांव के पास विपरीत दिशा से आ रही तेज रफ्तार कार ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही दोनों सड़क पर गिरकर घायल हो गए। हादसे के बाद कार चालक मौके से फरार हो गया।

शव दफनाने को लेकर दो पक्षों में मारपीट, तीन घायल

जौनपुर। चंन्दवक थाना क्षेत्र के हरिहरपुर गांव में शुक्रवार की सुबह शव दफनाने को लेकर हुए विवाद में दो पक्षों के बीच जमकर लाठी-डंडे चले। घटना में तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित किया और दोनों पक्षों को समझा-बुझाकर मामला शांत कराया। मिली जानकारी के अनुसार उक्त गांव निवासी मसीउल्लाह उर्फ मटरू मियां का गुरुवार की रात में निधन हो गया। परिजन शव को दफनाने के लिए घर के सामने गड्ढा खोद रहे थे, तभी पड़ोसी लाल मोहम्मद और उनके पुत्रों ने यह कहकर विरोध किया कि शव को आबादी के बीच नहीं, बल्कि कब्रिस्तान के लिए आरक्षित भूमि में दफनाया जाए। इस पर मृतक के पुत्र शमीम आदि ने आपत्ति जताते हुए कहा कि उनके पूर्वज भी यहीं दफनाए गए हैं, इसलिए वे अपने पिता का शव भी यहीं दफनाएंगे। इसी बात को लेकर कहासुनी शुरू हो गई, जो देखते ही देखते मारपीट और लाठी-डंडों में तब्दील हो गई। घटना में एक पक्ष से 60वर्षीय मुन्नू मियां और 40वर्षीय शमीम तथा दूसरे पक्ष से 36वर्षीय सुद्दू और 37वर्षीय मैनेजर घायल हो गए। सभी को इलाज के लिए भेजा गया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति संभाली और शव को दफनाने की प्रक्रिया को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने में जुटी रही।

Share Now...