- भाजपा कार्यालय में आयोजित हुई जिला कार्यसमिति की बैठक
जौनपुर धारा, जौनपुर। भारतीय जनता पार्टी की रविवार को सीहीपुर स्थित जिला कार्यालय पर जिला कार्यसमिति की बैठक जिलाध्यक्ष पुष्पराज सिंह की अध्यक्षता में संपन्न हुई। बैठक के माध्यम से पार्टी पदाधिकारियों को संगठनात्मक रूप से प्रशिक्षित िकया गया जिसमें मुख्य वक्ता के रूप में जिला प्रभारी राकेश त्रिवेदी ने उद्बोधन दिया। इस उद्बोधन में सरकार के कामकाज, संगठनात्मक विषयों पर विस्तृत चर्चा हुई। सर्वप्रथम मुख्य अतिथि, विशिष्ट अतिथि एवं जिलाध्यक्ष द्वारा डा. श्यामा प्रसाद मुखर्जी एवं पण्डित दीन दयाल उपाध्याय के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलन कर कार्यक्रम का शुभारम्भ किया गया। तत्पश्चात सामूहिक रूप से राष्ट्र गीत बंदे मातरम का गायन किया गया। जिला प्रभारी राकेश त्रिवेदी ने संगठन एवं सरकार द्वारा गरीब कल्याण सेवा कार्यों पर प्रकाश डालते हुए कहा कि भाजपा का संगठन व सरकार राष्ट्र के निर्माण के लिए कार्य कर रही है। 2014 से नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र की सरकार भारत को विकसित राष्ट्र बनाने के लिए निरंतर कार्य कर रही है। राज्यमंत्री स्वतन्त्र प्रभार गिरीश चंद्र यादव ने कहा कि भाजपा कैडर आधारित संगठन है जिसकी विचारधारा राष्ट्रवादी है। भाजपा के लिए नेशन फर्स्ट जबकि विपक्ष के लिए फैमिली फर्स्ट है। लोकसभा जौनपुर के प्रभारी बृजेन्द्र राय ने कहा कि भाजपा का संगठन एक परिवार के रूप में कार्य करता है। भाजपा की स्थापना सुशासन एवं राष्ट्र निर्माण के लिए की गई। प्रदेश प्रवक्ता मनीष शुक्ला ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुये कहाकि जन कल्याण और राष्ट्र निर्माण के प्रति विगत नव वर्षों में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सरकार ने लक्ष्य आधारित जो कार्य किया है उससे देश आज प्रगति और सम्मान के साथ-साथ जीवन समृद्धि के प्रत्येक क्षेत्र मे लगातार तीव्र गति से आगे बढ़ा है। बैठक को संबोधित करते हुए राज्यसभा सांसद सीमा द्विवेदी ने कहा कि पार्टी को और मजबूत करने के लिए हम लोगो को मिलकर और चिंतन करना होगा और इसी चिंतन के कारण ही आज भाजपा विश्व की सबसे बड़ी राजनीतिक पार्टी है। बैठक को एमएलसी बृजेश सिंह प्रिंशु ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कार्यकाल के स्वर्णिम नौ साल पूरे हो गये हैं और ये नौ साल देश के लिए बेमिसाल रहे हैं। समापन सत्र में जिलाध्यक्ष पुष्पराज सिंह ने आये हुये अतिथियों एवं कार्यकर्ताओं को धन्यवाद देते हुये कहा कि वर्तमान भाजपा सरकार गरीब कल्याण के लिए कार्य कर रही है। पिछली सरकारों ने भारत की छवि को धूमिल करने का कार्य किया, लेकिन नरेंद्र मोदी के कुशल एवं प्रभावी नेतृत्व ने विश्व में भारत की छवि को मजबूत करने का कार्य किया है। कार्यक्रम का संचालन जिला महामंत्री सुशील मिश्रा ने किया। उक्त अवसर पर विधायक रमेश सिंह, पूर्व विधायक सुरेन्द्र सिंह, पूर्व अध्यक्ष गण ब्रह्मदेव मिश्र, अशोक श्रीवास्तव, नगरपालिका अध्यक्ष जौनपुर के प्रतिनिधि डा. रामसूरत मौर्य, नगरपालिका अध्यक्ष मुंगरा कपिल मुनि गुप्ता, नगर पंचायत अध्यक्ष बदलापुर सीमा सिंह, जिला महामंत्री पीयूष गुप्ता, सुनील तिवारी, अमित श्रीवास्तव, जिला उपाध्यक्ष सुधाकर उपाध्याय, सुरेन्द्र सिंघानिया, संतोष सिंह, संदीप सरोज और नव निर्वाचित सभासदगण, मण्डल अध्यक्षगण सहित विभाग एवं प्रकल्प के संयोजकगण उपस्थित रहे।