- श्रीराम-माता जानकी के विवाह का किया मनोहारी वर्णन
मुंगराबादशाहपुर। पंच दिवसीय हनुमत कथा एवं दिव्य दरबार के चौथे दिन वीरेश्वर धाम कानपुर से पधारे परमपूज्य पीठाधीश्वर रुद्रेश्वर महाराज ने भगवान श्रीराम और माता जानकी के विवाह, हनुमान के चरित्र, राम भक्ति, बाल लीलाओं और पंचमुखी अवतार की कथा का मनोहारी वर्णन किया। भगवान श्री राम माता जानकी की दिव्य झांकी कथा पंडाल में आकर्षण का केंद्र रही। पीठाधीश्वर रुद्रेश्वर महाराज ने कहा कि जीवन के कष्टों को दूर करने के लिए हनुमान जी की शरण में जाना, राम नाम का संकीर्तन करना और उनके द्वारा अपनाए गए सेवा मार्ग पर चलना ही सच्चा मार्ग है। उन्होंने बताया कि जब जनकपुरी पहुंचने पर राजा जनक सहित वहां की नर-नारियां प्रभु श्री राम के अप्रितम लावण्य को देखकर मुग्ध हो गए। पुष्प वाटिका में माता जानकी एवं प्रभु श्रीराम के मिलन का प्रसंग सुनाते हुए कथा व्यास ने बताया कि माता जानकी ने जैसे ही प्रभु के दर्शन किए तो वह मंत्रमुग्ध होकर उन्हें अपलक निहारती रह गई। श्रीराम जानकी विवाह के लिए कथा स्थल को विशेष रूप से सजाया गया था। कथावाचक पीठाधीश्वर रुद्रेश्वर महाराज जी ने श्री राम जानकी विवाह प्रसंग सुनाया तो सभी श्रद्धालु भाव विभोर हो गए। श्रीराम जानकी विवाह प्रसंग के दौरान जब धनुषधारी श्रीराम और सीता के प्रतिरूप बने बच्चों ने कथा स्थल पर प्रवेश किया तो सभी श्रद्धालु आस्थावश फूलों की बारिश करने लगे। श्रीराम और माता जानकी ने जैसे ही वर्णमाला एक दूसरे के गले में डालते ही समूचा पंडाल जय श्री राम उद्घोष से गुंजमान हो उठा। कथा में भगवान श्रीराम-माता जानकी की झांकी आकर्षण का केंद्र बनी रही। अद्भुत झांकी देखने के लिए श्रद्धालुओं का जनसैलाब उमड़ पड़ा। मुख्य अतिथि राज्यसभा सांसद सीमा द्विवेदी, विधायक पंकज पटेल, बसपा नेता विनोद मिश्रा, चंद्र देव व मुक्तेश्वर महाराज ने प्रभु श्रीराम-जानकी की झांकी का दर्शन पूजन और पूज्य पीठाधीश्वर रुद्रेश्वर महाराज और उनके गुरु श्री दिगंबर 1008अजब आनंदपुरी महाराज से आशीर्वाद प्राप्त किया। मिथिला नरेश राजा जनक के रूप में यजमान क्रांति गुप्ता कपूर व रानी सुनयना खुशबू ऊमरवैश्य ने कन्यादान की भूमिका निभाई। इस अवसर पर आलोक साहू, दिव्या साहू, सुरेंद्र बच्चा, राजकुमार ऊमरवैश्य नेता, आलोक गुप्ता पिंटू, इंजीनियर उमाशंकर गुप्ता, मोनू महाराज, विशंभर दुबे, रोहन पाण्डेय व राजीव गुप्ता सहित हजारों श्रद्धालुजन मौजूद रहे।



