जौनपुर। बिजली बिल राहत योजना 2025-26 के अंतर्गत छूट का लाभ लेने का अंतिम अवसर 28 फरवरी को यानी की आज है। अधिशासी अभियंता चतुर्थ, बक्शा वी.के.सिंह ने सभी उपभोक्ताओं से अपील की है कि वे अधिक से अधिक संख्या में उपकेंद्र, कैंप, डिवीजन एवं सीएससी केंद्रों पर पहुंचकर कम से कम 2000रुपये जमा कर अपना पंजीकरण अवश्य कराएं, ताकि योजना का लाभ मिल सके। उन्होंने बताया कि योजना के तहत कुल 69,420 उपभोक्ता पात्र हैं, जिनमें से 27 फरवरी तक 20,695 उपभोक्ता लाभान्वित हो चुके हैं। अब तक 31.30 करोड़ रुपये जमा किए जा चुके हैं। चोरी के प्रकरणों में भी 28 फरवरी पंजीकरण का अंतिम दिन है। इस श्रेणी में 465उपभोक्ता पात्र हैं, जिनमें से 199 लाभान्वित हुए हैं तथा 70 लाख रुपये जमा हुए हैं। विभाग ने स्पष्ट किया है कि अंतिम तिथि के बाद छूट का लाभ नहीं दिया जाएगा।
5 मार्च को दीवानी न्यायालय में रहेगा अवकाश
जौनपुर। जनपद न्यायाधीश सुशील कुमार शशि ने जानकारी दी है कि होली पर्व के मद्देनजर 5 मार्च 2026 को जनपद न्यायालय एवं वाह्य न्यायालयों में स्थानीय अवकाश घोषित किया गया है।
बताया गया कि इलाहाबाद उच्च न्यायालय के पत्र दिनांक 13 जनवरी 2026 के अनुपालन में 15 जनवरी 2026 (मकर संक्रांति) को स्थानीय अवकाश घोषित किया गया था। उच्च न्यायालय के निर्देशानुसार एक चतुर्थ शनिवार को कार्य दिवस घोषित किया जाना था। इस संबंध में दीवानी न्यायालय अधिवक्ता संघ ने 26 फरवरी को प्रस्ताव पारित कर अवगत कराया कि 4 मार्च को होली का पर्व है तथा अगले दिन सार्वजनिक परिवहन सुचारु रूप से संचालित नहीं होते, जिससे अधिवक्ताओं एवं वादकारियों को न्यायालय आने-जाने में कठिनाई होती है। संघ ने 15 जनवरी के अवकाश के एवज में 5 मार्च को अवकाश घोषित करने का अनुरोध किया था। प्रस्ताव के आलोक में पूर्व घोषित 15 जनवरी के स्थानीय अवकाश के स्थान पर अब 5 मार्च को अवकाश रहेगा। साथ ही, 15 जनवरी के अवकाश के एवज में 23 मई (चतुर्थ शनिवार) को न्यायिक कार्य दिवस घोषित किया गया है।
युवती हुई लापता, पिता ने दर्ज कराया अपहरण का मुकदमा
जौनपुर। एक 21वर्षीय युवती के लापता होने का मामला सामने आया है। युवती के पिता ने थाने में अपहरण का आरोप लगाते हुए शिकायत दर्ज कराई है। पिता ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उनकी बेटी रात करीब 12:30 बजे से लापता है। घर से कुछ जेवरात और नकदी भी गायब है। पिता के अनुसार, उन्हें जानकारी मिली है कि सरकोनी बाजार निवासी असफाक पुत्र हनीफ और उसके परिवार ने उनकी बेटी को बहला-फुसलाकर गायब कर दिया है। पिता ने अपनी बेटी की सुरक्षा को लेकर गहरी चिंता व्यक्त की है। बताया जा रहा है कि आरोपी असफाक का मोबाइल नंबर बंद है। जलालपुर पुलिस इंस्पेक्टर गजानंद ने आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच शुरू कर दी है।
जमीनी विवाद में मारपीट, पिता-पुत्र घायल, पुलिस जांच में जुटी
केराकत। स्थानीय थाना क्षेत्र के शहाबुद्दीनपुर गांव में गुरुवार की शाम पैतृक भूमि-विवाद को लेकर कहासुनी के दौरान किए गए हमले में पिता का हाथ टूट गया, जबकि पुत्र का सिर फट गया। पुलिस मुकदमा दर्ज कर मामले की छानबीन कर रही है। गांव निवासी राजदीप यादव ने कोतवाली में तहरीर दी कि रोजी-रोटी के सिलसिले में वह सपरिवार मुंबई रहते हैं। दादा के बीमार होने का पता चलने पर माता-पिता के साथ उन्हें देखने घर आए हुए हैं। आरोप लगाया कि पैतृक भूमि में हिस्सेदारी के विवाद को लेकर चाचा जितेंद्र यादव, वीरेंद्र यादव व हीरेंद्र यादव ने कहासुनी करते हुए गालियां दीं और लाठी-डंडे से उन्हें व उनके पिता नागेंद्र यादव को पीटकर घायल कर दिया। हमले में नागेंद्र यादव का हाथ टूट गया, जबकि राजदीप के सिर में गंभीर चोट आई। ग्रामीणों ने घायल पिता-पुत्र को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। राजदीप के सिर में आठ टांके लगे हैं। कोतवाली प्रभारी दीपेंद्र सिंह ने कहा तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जा रही है।
अधिवक्ता पर जानलेवा हमला मामले में मुकदमा दर्ज
जौनपुर। मुंगराबादशाहपुर थाना क्षेत्र के तरहटी बाजार में एक अधिवक्ता पर रविवार की शाम करीब सात बजे जानलेवा हमला किए जाने का मामला प्रकाश में आया है। पुलिस ने दोनों नामजद आरोपियों के विरुद्ध मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। तरहटी(डीह) गांव निवासी अधिवक्ता दिनकर शुक्ला पुत्र वीरेंद्र नाथ शुक्ला अपने साथी सुधाकर शुक्ला के साथ बाजार से घर लौट रहे थे। आरोप है कि जैसे ही वे तरहटी रोड स्थित एक घर के पास पहुंचे, तभी बाइक सवार दो युवकों ने पीछे से पहुंचकर उन पर हमला कर दिया। आरोप है कि चेरापुर तरहटी निवासी राहुल दुबे तथा रैतियान तरहटी निवासी अरुण कुमार तिवारी ने कट्टे की बट से अधिवक्ता के सिर और बाईं आंख के ऊपर प्रहार कर गंभीर रूप से घायल कर दिया। हमले में अधिवक्ता के माथे पर गहरा घाव हो गया और काफी रक्तस्राव हुआ। शोर सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे, जिससे हमलावरों का मंसूबा विफल हो गया। थानाध्यक्ष मिथिलेश कुमार तिवारी ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है।
चौकियां धाम मंदिर में धूमधाम से मनी रंगभरी एकादशी, लगा जयकारा
जौनपुर। शुक्रवार को शीतला चौकिया धाम में रंगभरी एकादशी पर मंदिर परिसर में धूमधाम से लोगों ने फूलों व $गुलाल की होली खेली। प्रात:काल मन्दिर के कपाट खुलने के पश्चात माता रानी को अबीर गुलाल लगाकर भव्य श्रृंगार किया गया। तत्पश्चात माँ शीतला की भव्य आरती मंदिर महंत विवेकानन्द पंडा ने किया। कढ़ाही, मुण्डन संस्कार के साथ नवदम्पत्ति जोड़ों ने माता रानी का दर्शन पूजन किया। शुक्रवार का दिन होने के उपरान्त भक्तों की भारी कतार लगी रही। दर्शनार्थी बारी—बारी से दर्शन—पूजन करते नज़र आये। इस अवसर पर मंदिर के महंत विवेकानन्द पंडा, विकास पंडा, आशीष माली, विक्की पंडा, राजेश पंडा, लड्डू पंडा, निराले, सौरभ पंडा, सोनू पंडा, पंकज पंडा, मुक्तेश्वर पंडा, रंजीत पंडा, राजा बाबू पंडा सहित मंदिर परिवार ने प्रांगण में जमकर $गुलाल उड़ाये। साथ ही एक—दूसरे पर फूल, अबीर की वर्षा करके रंगभरी एकादशी मनायी। होली की खुमारी में सभी झूमते—नाचते नजर आये। कालभैरव मंदिर पर भी बाबा काल भैरव को अबीर—$गुलाल से सजाया गया। महंत विवेकानन्द पंडा ने बताया कि रंगभरी एकादशी के साथ ही होली का आगाज हो गया है। इसी क्रम में शुक्रवार को मंदिर परिसर में होली खेली गई।
ससुराल में रह रहा युवक फांसी पर झूला
जौनपुर। बक्शा थाना क्षेत्र में शुक्रवार सुबह एक युवक ने अपने ससुराल में फांसी लगाकर आत्महत्या कर लिया। पत्नी सुबह कमरे में लटका शव देखा तो चीख-पुकार मचाई।
पड़ोसियों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतक की पहचान 28वर्षीय संतोष कुमार सरोज पुत्र स्व. अच्छेलाल सरोज के रूप में हुई है। सुबह करीब 9बजे उसका शव घर के अंदर पंखे से रस्सी के सहारे लटका मिला। घटना की जानकारी सबसे पहले उसकी पत्नी सीमा सरोज को हुई, जिन्होंने पति को इस हालत में देखा। उन्होंने पुलिस मामले की जानकारी दी। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और युवक को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र नौपेड़वां भिजवाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इसके बाद पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई शुरू की। वह मूल रूप से सीहीपुर, थाना लाइन बाजार का निवासी था, लेकिन शादी के बाद से अपने ससुराल कौली गांव में ही रह रहा था।संतोष कुमार सरोज की शादी लगभग सात-आठ वर्ष पहले सीमा से हुई थी। पत्नी के माता-पिता की कुछ साल पहले मौत हो गई थी। पत्नी माता-पिता की इकलौती संतान थी। जिसके चलते वह अपने पिता के घर में ही रहने लगी। इसके चलते पति संतोष भी उसके साथ ही ससुराल में रहने लगा था।संतोष ने सुबह लगभग 7 बजे अपने छोटे भाई संदीप सरोज से फोन पर बात की थी। संदीप सरोज ने बताया कि उनके भाई ने सुबह सात बजे सामान्य और हंसी-मजाक के साथ बातचीत की थी। उन्होंने कहा था कि अभी खाना बन रहा है, खाना खाकर काम पर जाएंगे। लेकिन करीब 2 घंटे बाद उनके आत्महत्या करने की जानकारी मिली। पुलिस ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरते हुए पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल, जौनपुर भेज दिया गया है। मृतक की पत्नी सीमा सरोज की तहरीर पर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
विकलांग युवक को पीटा, पांच दिन बाद केस दर्ज
जौनपुर। केराकत कोतवाली क्षेत्र के एक विकलांग युवक के साथ कथित तौर पर बेरहमी से मारपीट किए जाने का मामला सामने आया है। इस घटना ने प्रशासन और कानून-व्यवस्था पर कई गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। मुर्की ग्राम स्थित एक विद्यालय परिसर में जहां पीड़ित युवक मौजूद था। युवक का आरोप है कि उसी दौरान वर्तमान ग्राम प्रधान वहां पहुंचे और बिना किसी ठोस कारण के उसे थप्पड़ मार दिया। थप्पड़ लगते ही युवक जमीन पर गिर पड़ा, जिसके बाद आरोप है कि उसे लात-घूंसों से बुरी तरह पीटा गया।घटना के दौरान आसपास मौजूद लोगों ने बीच-बचाव कर किसी तरह युवक को बचाया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, मारपीट काफी देर तक चली, जिससे युवक को गंभीर चोटें आईं।घटना के बाद पीड़ित युवक केराकत पुलिस चैकी पहुंचा और शिकायत दर्ज कराने की कोशिश की। लेकिन युवक का आरोप है कि सूचना मिलते ही ग्राम प्रधान भी पुलिस चैकी पहुंच गए और उल्टा उसी को बैठा लिया गया। पीड़ित का कहना है कि उसकी तहरीर पर तत्काल कोई कार्रवाई नहीं की गई, जिससे उसे न्याय मिलने में देरी हुई।मामले ने तूल तब पकड़ा जब यह प्रकरण क्षेत्र के एक पूर्व विधायक के संज्ञान में आया। इसके बाद पुलिस ने करीब पांच दिन की देरी के बाद मुकदमा दर्ज किया। हालांकि, पीड़ित युवक का आरोप है कि मेडिकल जांच भी सही तरीके से नहीं कराई गई और केवल पैर का एक्स-रे कर औपचारिकता पूरी कर दी गई। युवक ने इस मामले में पुलिस अधीक्षक कार्यालय जौनपुर में दो बार प्रार्थना पत्र देकर निष्पक्ष जांच और दोबारा मेडिकल परीक्षण की मांग की है।


