जौनपुर धारा,जौनपुर। जलालपुर थाना क्षेत्र के बराई गांव में बारात की तैयारियों के बीच जमीन विवाद को लेकर दो पक्ष आपस में भिड़ गए जिससे क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई। इस झगड़े में बारात लेकर जा रहे दूल्हे की जमकर पिटाई हो गई, मारपीट में दूल्हे के नाना और मामा सहित परिवार के अन्य सदस्य भी घायल हो गए।
मिली जानकारी के अनुसार घटना मंगलवार शाम करीब 5बजे की है। एक तरफ घर में शादी की रौनक थी और बारात निकलने की तैयारियां अंतिम चरण में थीं, तभी पुराने जमीनी विवाद को लेकर दो पक्षों के बीच कहासुनी शुरू हो गई, जो देखते ही देखते मारपीट में बदल गई। इस मारपीट में दूल्हा समेत कई लोग घायल हो गए। दूसरे पक्ष के कुछ लोगों को भी चोटें आई हैं। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों पक्षों से पूछताछ शुरू कर दी है। मामले की जांच जारी है। घटना के बाद तनावपूर्ण माहौल में रात करीब 9 बजे बगल के गांव डौणी में बारात ले जाने की प्रक्रिया शुरू की गई। पुलिस की निगरानी में बारात रवाना हुई।
पुलिस ने एक वारन्टी को किया गिरफ्तार
जौनपुर धारा,मुंगराबादशाहपुर। स्थानीय पुलिस ने एक वारंटी अभियुक्त को गिरफ्तार कर लिया है।
प्रभारी निरीक्षक दिलीप कुमार सिंह के निर्देशन में उपनिरीक्षक सुनील कुमार यादव मय हमराह के अतिरिक्त न्यायालय एन.आई.एक्ट प्रयागराज द्वारा जारी एनबीडब्लू वारण्ट/82 सीआरपीसी मु.नं.-975/21 धारा 138 एन.आई. एक्ट से सम्बन्धित अभियुक्त कमलेश तिवारी पुत्र इन्द्रदेव तिवारी निवासी ग्राम तरहटी किल्हापुर थाना मुंगराबादशाहपुर जौनपुर को उनके घर से गिरफ्तार कर न्यायालय रवाना किया गया। गिरफ्तार करने वाली पुलिस टीम में.प्रभारी निरीक्षक दिलीप कुमार सिंह, उ.नि.सुनील कुमार यादव, का.धीरज मौर्य, का.राहुल यादव शामिल रहे।
तमंचा कारतूस के साथ एक गिरफ्तार
जौनपुर धारा,जौनपुर। गौराबादशाहपुर पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर नाजायज तमंचा तथा एक जिंदा कारतूस के साथ एक नफर अभियुक्त को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया।
थानाध्यक्ष फूलचंद पांडेय ने बताया कि उप निरीक्षक रामचंद्र सिंह अपने हमराहियों के साथ रात्रि में गश्त पर थे तभी रात लगभग 12 बजे मुखबिर की सूचना के आधार पर थाना क्षेत्र के असवारा गांव से एक व्यक्ति को हिरासत में ले लिया। तलाशी लिए जाने पर उसके पास से एक तमंचा और जिंदा कारतूस बरामद हुआ। पूछताछ में उसने अपना नाम पिंटू नोना ग्राम बगथरी थाना गौराबादशाहपुर बताया। हिरासत में लिए गए अभियुक्त को चालान कर जेल भेज दिया गया। गिरफ्तार करने वाले टीम में कांस्टेबल पीयूष यादव, अनिल चौहान मौजूद रहे।
ग्रामीणों ने बारहसिंघा हिरण पकड़कर वन विभाग को सौंपा
जौनपुर धारा,जौनपुर। मड़ियाहूं तहसील स्थित सलारपुर जयरामपुर गावं में बारहसिंगा हिरण मिलने से गांव में हड़कंप मचा हुआ है। यह हिरण कहीं से भटककर जयरामपुर के अनुसूचित बस्ती में पहुंच गया था। अलग तरह के दिखने वाले हिरण को रात में देखकर कई लोग डरकर घरों में घुस गये। बाद में हिरण को ग्रामीणों ने पकड़ लिया। बताते हैं कि सलारपुर जयरामपुर गांव में अनुसूचित बस्ती में मंगलवार की रात एक बारहसिंघा हिरण कहीं से भटक कर बस्ती में इधर उधर घूम रहा था। कई लोग खतरनाक जानवर समझकर घरों में घुस गये। बस्ती के कुत्ते हिरण को घेरकर काटने की कोशिश करने लगे जिससे हिरण काफी घायल हो गया जो इधर-उधर उछल—कूद करके भागने लगा। जब लोगों को समझ में आया कि यह कोई खतरनाक जानवर नहीं है, बल्कि बारहसिंघा हिरण है तो कुत्तों से बचाते हुए उसे पकड़ लिया। इसके बाद ब्राह्मणों ने वन विभाग डीएफओ को सूचना दिया गया। इसके बाद रात भर हिरन ग्रामीणों की देख—रेख में गांव में रहा। बताते हैं कि वन विभाग से बुधवार की सुबह वीरेंद्र कुमार नामक युवक ने पहुंचकर डॉक्टर से उसका इलाज करवाया और उसे गाड़ी से मड़ियाहूं जलालपुर रेलवे क्रॉसिंग पर पहुंचा था कि टोएटो में आंतरिक खराबी आने से खड़ी हो गयी। इसके बाद सूचना मीडियाकर्मियों को मिली कि एक हिरण को शिकार बनाने के लिए लिया जा रहा है जो रेलवे क्रॉसिंग के पास टोएटो गाड़ी में ढंक कर रखा गया है। मौके पर पहुंचे मीडियाकर्मियों ने गाड़ी के पर्दे को हटाकर हिरण के वीडियो को बनाया और पूछताछ किया तो हिरण ले जाने वाला अपने आपको वन विभाग का कर्मचारी बताया। हिरण मिलने और वन विभाग को सौंपने की पुष्टि ग्राम प्रधान ने मीडियाकर्मियों से भी किया है।



