खुटहन। कानामऊ गांव में तीन दिनों पूर्व बाइक के धक्के से घायल अधेड़ की उपचार के दौरान हुई मौत के मामले में मृतक के भाई की तहरीर पर पुलिस ने नामजद आरोपित बाइक चालक के खिलाफ गैर इरादतन हत्या का केस दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दिया है।
उक्त गांव निवासी लालचंद पासवान ने थाने में नामजद तहरीर देकर आरोप लगाया था कि उसका 50वर्षीय भाई अच्छेलाल पासवान गत 2अक्टूबर की शाम गांव में ही आयोजित भंडारा में भोजन कर पैदल ही घर आ रहा था। मार्ग पर सामने से तेज गति से आ रहे बाइक सवार शेरापट्टी गांव निवासी सचिन कुमार यादव ने उसे टक्कर मार दी। सिर में गंभीर चोटें आने से अच्छेलाल गिरकर बेहोश हो गया। उसे उपचार हेतु शाहगंज के एक निजी चिकित्सालय ले जाया गया। जहां उसकी मौत हो गई। मामले में पुलिस ने आरोपित के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।
सुशील कुमार शशि होंगे जौनपुर के नए जिला जज
जौनपुर। दीवानी न्यायालय के जिला जज अनिल कुमार वर्मा का उन्नाव बतौर जिला जज स्थानांतरण हो गया है। यहां के नए जिला जज सुशील कुमार शशि होंगे। उनका स्थानांतरण कुशीनगर पडरौना से यहां हुआ है। वहां वह जिला जज थे। बिहार के निवासी सुशील कुमार शशि एचजेएस की परीक्षा 2013 में उत्तीर्ण कर बलिया में अपर जिला जज बने। 2017 में गोरखपुर के अपर जिला जज बने। 2020 में सिद्धार्थनगर में एमएसीटी के पीठासीन अधिकारी रहे। 2023 में कामर्शियल कोर्ट अयोध्या के पीओ रहे। 5 सितंबर 2024 को कुशीनगर पडरौना में जिला जज के रूप में नियुक्त हुए। अब वे जौनपुर में बतौर जिला जज का कार्यभार ग्रहण करेंगे।
आंधी-बारिश में ट्रांसफार्मर सहित गिरा 11 हजार का तार
जौनपुर। चंदवक थाना क्षेत्र के खुज्झी गांव में हिसामपुर रोड पर देर रात तेज आंधी-तूफान और बारिश के कारण 11हजार वोल्ट का बिजली का तार ट्रांसफार्मर सहित सड़क पर गिर गया।
बताया जाता है कि घटना के समय बिजली की आपूर्ति बंद थी, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया। सुबह होते ही बिजली विभाग के कर्मचारियों और स्थानीय ग्रामीणों ने मिलकर गिरे हुए तारों को हटाकर सड़क पर आवागमन को फिर से सुचारू किया। तार गिरने से क्षेत्र में बिजली आपूर्ति बाधित हो गई। इसके साथ ही, तेज आंधी और लगातार बारिश के कारण किसानों की धान की खड़ी फसल को भी भारी नुकसान हुआ है। कई खेतों में धान की फसलें गिरकर धराशाई हो गईं, जिससे किसानों को आर्थिक क्षति हुई है।
लाखों का आभूषण समेट ले गए चोर
खुटहन। पनौली गांव में शनिवार की रात अज्ञात चोर घर के कमरे का ताला चटकाकर भीतर रखे लोहे के बाक्स की कुंडी उखाड़ उसमें रखा लाखों की कीमत का आभूषण पार कर दिया। घटना की जानकारी दूसरे दिन सुबह होने पर गृहस्वामिनी ने थाने में अज्ञात आरोपितों के खिलाफ तहरीर दिया है।
गांव निवासी प्रेमादेवी पत्नी स्व.रामपति चौरसिया ने थाने में तहरीर देकर आरोप लगाया है कि वह घर के बाहर छप्पर में सो रही थी। रात में अज्ञात चोर घर के कमरे का ताला चटकाकर भीतर रखे बाक्स की कुंडी उखाड़ कर भीतर रखा सोने की दो चेन, दो पीस हार, दो मांग टीका, दो नथियां और तीन जोड़ी झुमका और चांदी के दो जोड़ी पाजेब व चार जोड़ी पायल उठा ले गए। आरोप है कि चोर दस लाख के आभूषण समेट ले गए हैं। पुलिस घटना की छानबीन कर रही है।


