जौनपुर। बलिदान दिवस की पूर्व संध्या पर गोमती तट स्थित हनुमान घाट पर राष्ट्रवीर सेना द्वारा अमर शहीदों भगत सिंह, सुखदेव और राजगुरु के चित्रों पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम के मुख्य वक्ता जय प्रकाश सिंह ने युवाओं को संबोधित करते हुए कहा कि शहीदों ने देश की आजादी के लिए अपने प्राणों का बलिदान दिया, लेकिन आज की पीढ़ी की जिम्मेदारी है कि वह जीवित रहकर देश की आजादी और मूल्यों की रक्षा करे। उन्होंने कहा कि देश का हर नागरिक भारत के भविष्य का निर्माता है। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि अजय पाठक ने कहा कि राष्ट्र सेवा और ईश्वरीय कार्य करते समय कभी निराश नहीं होना चाहिए, क्योंकि प्रयास करना ही सबसे बड़ा कर्तव्य है। वहीं महेंद्र गुप्ता ने कहा कि आज की पीढ़ी को शहीदों के योगदान से परिचित कराना हम सभी की जिम्मेदारी है। राष्ट्रवीर सेना प्रमुख महेश कुमार ने कहा कि प्रत्येक व्यक्ति को अपने कार्यक्षेत्र में राष्ट्रहित को प्राथमिकता देते हुए कार्य करना चाहिए। इस अवसर पर एडवोकेट सतवंत सिंह, नारायण चौरसिया, जगमेंद्र निषाद, ओमप्रकाश गुप्ता, रोहित साहू सहित अनेक लोगों ने पुष्पांजलि अर्पित कर अपने विचार व्यक्त किए। कार्यक्रम में उपस्थित लोगों ने शहीदों के आदर्शों पर चलने और राष्ट्र सेवा के प्रति समर्पित रहने का संकल्प लिया।
― Advertisement ―
मतदाता सूची पुनरीक्षण को लेकर जिलाधिकारी ने की बैठक, अंतिम प्रकाशन 10 अप्रैल को
जौनपुर। कलेक्ट्रेट सभागार में जिला निर्वाचन अधिकारी/जिलाधिकारी डॉ. दिनेश चंद्र की अध्यक्षता में विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की...
बलिदान दिवस की पूर्व संध्या पर हनुमान घाट पर श्रद्धांजलि कार्यक्रम



