जौनपुर। खेतासराय थाना पुलिस ने सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक पोस्ट डालने वाले एक युवक को त्वरित कार्रवाई करते हुए गिरफ्तार कर लिया। पुलिस द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार थानाध्यक्ष खेतासराय के नेतृत्व में पुलिस टीम ने यह कार्रवाई 26 नवंबर को की।
गिरफ्तार युवक की पहचान संदीप कुमार पुत्र रामपलट, निवासी ग्राम अब्बोपुर, थाना खेतासराय के रूप में हुई है। पुलिस ने उसे उसके ही गांव अब्बोपुर से हिरासत में लेकर आवश्यक विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले में सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर फैलाई जा रही भ्रामक, आपत्तिजनक और सामाजिक सौहार्द को प्रभावित करने वाली सामग्री पर कड़ी निगरानी रखी जा रही है। इस तरह की पोस्ट करने वालों पर तुरंत और आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
कुएं में मिली महिला की लाश, बेटे ने पिता को बताया हत्यारा
जौनपुर। खेतासराय क्षेत्र के एतमादपुर गांव में मंगलवार को कुएं में 35 वर्षीय विवाहिता गीता का शव मिलने से सनसनी मच गई। घटना की जानकारी तब हुई जब मृतक का छोटा बेटा अपनी मां को ढूढ़ते हुए घर के समीप स्थित कुएं के पास पहुंचा। शव देख शोर मचाया तो आस-पास के ग्रामीण भी पहुंच गए।
घटना के बाद से सतीश यादव घर से फरार है। पुलिस ने शक के आधार पर एक को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है। इस घटना को लेकर तरह-तरह की चर्चा व्याप्त है। थानाध्यक्ष प्रदीप कुमार सिंह ने कहा की कुएं से से मिले शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा हैै। रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। घटना की जानकारी पुलिस को दी गई तो ग्रामीणों की मदद से शव को किसी तरह बाहर निकलवाया गया। पुत्र प्रांजल ने पिता पर मां की हत्या करने का आरोप लगाया है। पुलिस हत्या अथवा आत्महत्या की गुत्थी सुलझाने में लगी है। पुत्र का आरोप है कि उसके पिता का गांव की ही एक अन्य महिला से संबंध है, जिसका गीता विरोध करती थी।
साइकिल से हुई आमने सामने टक्कर में बाइक सवार की मौत
खुटहन। खुटहन वाया बिशुनपुर मार्ग के मलूकपुर गांव में मंगलवार की आधी रात बाइक व साइकिल की आमने सामने टक्कर से बाइक सवार युवक की मौत हो गई। साइकिल सवार गंभीर रूप से घायल हो गया। उसका उपचार वाराणसी के ट्रामा सेंटर में चल रहा है।
सौरइयां गांव निवासी 45वर्षीय रमेश यादव उर्फ भेली घर से किसी काम से बिशुनपुर गये थे। आधी रात को वहां से वापस लौट रहे थे। मलूकपुर गांव में सामने से आ रहे सरपतहा क्षेत्र के कटका गांव निवासी साइकिल सवार गुड्डू यादव से भिड़ंत हो गई। दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। घटनास्थल पर पहुंची पुलिस दोनों की सीएससी ले आई। जहां देखते ही चिकित्सकों ने दोनों को जिला चिकित्सालय रेफर कर दिया। जहां चिकित्सकों ने रमेश यादव को मृत घोषित कर दिया। वहीं दूसरे घायल को बेहतर उपचार के लिए वाराणसी भेज दिया गया। मृतक रमेश यादव की पत्नी आशा यादव सफाई कर्मचारी के पद पर तैनात हैं। घटना की खबर लगते ही परिवार मे कोहराम मच गया। मृतक की तीन पुत्रियां संध्या,शिखा और खुशी तथा दोनों पुत्र अनुराग और आयुष के रोने बिलखने से माहौल बोझिल हो गया। पति के $गम मे विक्षिप्त पत्नी की दशा देख हर किसी की आंखें छलक जा रही है।
खेलो इण्डिया सेण्टर, जौनपुर हेतु खिलाड़ियों का चयन
जौनपुर। क्रीड़ा अधिकारी चन्दन सिंह ने अवगत कराया है कि भारतीय खेल प्राधिकरण द्वारा इन्दिरा गांधी स्पोर्ट्स स्टेडियम सिद्दीकपुर में संचालित किये जा रहे एथलेटिक्स के खेलो इण्डिया सेण्टर हेतु नये खिलाड़ियों का चयन व पुराने खिलाड़ी जिनका प्रदर्शन संतोषजनक नहीं रहा है, उनका निष्कासन किया जाना है। प्रशिक्षण शिविर में 15बालक व 15बालिका कुल 30खिलाड़ियों को प्रशिक्षण प्रदान किया जाना है। खिलाड़ियों का चयन/ट्रायल्स 28 नवम्बर को प्रात: 10.00बजे से इन्दिरा गांधी स्टेडियम सिद्दीकपुर में किया जायेगा। इस चयन/ट्रायल्स में भाग लेने वाले 50प्रतिशत खिलाड़ियों की आयु 01 अप्रैल, 2026 को 15 वर्ष तथा एवं 50प्रतिशत खिलाड़ियों की आयु 01अप्रैल, 2026 को 12 वर्ष से कम होनी चाहिए, वही खिलाड़ी भाग लेने के पात्र होंगे। पुराने चयनित खिलाड़ियों के लिए उक्त आयु सीमा की बाध्यता नहीं होगी। यह योजना उप्र सरकार एवं खेलो इण्डिया के समन्वय से संचालित की जा रही है। इस चयन/ट्रायल्स उपरान्त चयनित खिलाड़ी बालक/बालिकाओं का ही शिविर संचालित किया जायेगा। चयनित एथलेटिक्स खिलाड़ियों को प्रति वर्ष रू.3000 का खेल किट प्रदान किया जायेगा।


