Become a member

Get the best offers and updates relating to Liberty Case News.

― Advertisement ―

spot_img
Homeअपना जौनपुरपुलिस टीम के साथ स्वास्थ्य महकमे ने सील किया मां प्रेमा हॉस्पिटल

पुलिस टीम के साथ स्वास्थ्य महकमे ने सील किया मां प्रेमा हॉस्पिटल

  • सोमवार को डीएम कार्यालय के सामने समाजसेवी राठौर ने किया था आत्मदाह का प्रयास

जौनपुर। बीते सोमवार को समाजसेवी जंगबहादुर राठौर ने कलेक्ट्रेट परिसर स्थित डीएम कार्यालय के सामने पेट्रोल छिड़ककर आत्मदाह करने का प्रयास किया तो मौके पर मौजूद सुरक्षाकर्मियों ने उसे बचा लिया। इस दौरान जेबी राठौर ने स्वास्थ्य महकमे पर कई गंभीर आरोप लगाते हुए यह कहा था कि नगर कोतवाली थाना क्षेत्र के रसूलाबाद मोहल्ले में मां प्रेमा हॉस्पिटल के नाम से बगैर किसी डिग्री के सुनील नाम का युवक अपने को डॉक्टर बताकर हॉस्पिटल संचालित कर रहा है। यही नहीं यहां पर 2वर्ष पूर्व एक नाबालिग द्वारा नॉर्मल बच्चे की डिलीवरी के बाद उसे वाराणसी में बेचने का कार्य भी किया गया था, जिसमें कई लोग शामिल थे। इस घटना को गंभीरता से लेते हुए डीएम डॉ.दिनेश चंद्र व सीएमओ डॉ.लक्ष्मी सिंह ने जांच के लिए टीम गठित करते हुए मंगलवार को एडिशनल सीएमओ राजीव यादव के नेतृत्व में रसूलाबाद स्थित उस हॉस्पिटल में पहुंचकर जांच की गई, तो वहां से कथित डॉ.सुनील कुमार फरार हो गया। यही नहीं सूचना मिलने पर उस हॉस्पिटल में जो मरीज ऑपरेशन के बाद भर्ती थे उन्हें भी कुछ ही दूर पीछे एक व्यक्ति के आवास पर वार्ड बनाकर इलाज किया जा रहा था। सूचना मिलने के बाद टीम वहां पर जब पहुंची तो दो मरीज वहां से भागते हुए नजर आए। उनसे जब पूछा गया तो वे कुछ खास जवाब नहीं दे सके। मौके पर पहुंची स्वास्थ्य महकमे की टीम ने देखा कि नीचे एक कमरे में पूरा वार्ड बना हुआ था और डॉक्टर की जांच के सारे उपकरण मौजूद थे। फिलहाल एडिशनल सीएमओ राजीव यादव का कहना है कि पूरे मामले की जांच की रिपोर्ट सीएमओ को सौंप दी जाएगी और उसके बाद जो भी तथ्य सामने आएगा दोषियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी। इस कार्रवाई से आस-पास के क्षेत्रों में हड़कंप मचा हुआ है। सीएमओ डॉ.लक्ष्मी सिंह ने बताया कि लगातार मिल रही शिकायतों के बाद छापेमारी की कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी, जितने भी अवैध हॉस्पिटल संचालित हो रहे हैं, उनके विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी। इस मौके पर शकरमंडी चौकी प्रभारी कंचन पाण्डेय सहित अन्य स्वास्थ्यकर्मी मौजूद रहे।

Share Now...