जौनपुर। जलालपुर क्षेत्र के जगदीशपुर गांव में सोमवार की देर रात मनबढ़ तत्वों ने एक पत्रकार की कार में जमकर तोड़फोड़ कर दी। अचानक हुए इस हमले से पीड़ित परिवार सहम गया। मामले में पीड़ित ने दो नामजद सहित तीन लोगों के खिलाफ पुलिस को तहरीर दी है।
गांव निवासी पत्रकार विवेक कुमार सिंह का पड़ोसियों से लंबे समय से जमीन को लेकर विवाद चल रहा है। इसी रंजिश में उनके परिवार से कई बार कहासुनी हो चुकी है। पीड़ित ने बताया कि उनकी मां की तबीयत गंभीर चल रही है, जिनकी देखरेख के बाद वह रात में सो गए थे। करीब डेढ़ बजे बाहर से जोर की आवाज सुनकर उनकी पत्नी संगीता सिंह और पुत्री रितिका बाहर निकलीं, तो देखा तीन युवक वहां से भाग रहे थे। परिजनों ने भागते हुए दो युवक—राहुल सिंह पुत्र अमरजीत सिंह और रोहन सिंह पुत्र राजेश सिंह—की पहचान कर ली, जबकि एक युवक पहचान में नहीं आया। पीड़ित ने बताया कि 27 अक्टूबर 2015 को भी रोहन सिंह असलहा लहराते हुए घर पर जान से मारने की धमकी दे चुका है।
ट्रक की चपेट में आने से बाइक सवार की मौत
जौनपुर। बक्सा थाना क्षेत्र के धनिया मऊ बाजार के निकट ट्रक की चपेट में आने से बाइक सवार की मौत हो गई। जलालपुर थाना क्षेत्र के ग्राम ग्यासपुर गांव निवासी विनय कुमार उम्र लगभग 46वर्ष पुत्र बेचू लाल मंगलवार दिन के लगभग 10:00बजे अपनी बाइक से अपने बहन के मिलने जा रहे थे। जब वह धनिया में यूपी बाजार के पास पहुंचे इस समय उनकी बाइक एक ट्रक से टकरा गई।
ट्रक से टक्कर लगने के घायल होकर सड़क पर गिर पड़े और उनकी मोटरसाइकिल बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गई। स्थानीय लोगों द्वारा स्वास्थ्य केंद्र बक्सा पर ले जाया गया जहां गंभीर चोट लगने के कारण चिकित्सक में बेहतर उपचार के लिए जिला अस्पताल रे$फर कर दिया। जिला अस्पताल पहुंचने पर उपचार के लगभग आधे घंटे बाद उनकी मौत हो गई। दुर्घटना वाली ट्रक मौके से निकल गई पुलिस तलाश कर रही है। दूसरी तरफ पुलिस ने लाश को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
युवक पर धारदार हथियार से हमला
खुटहन। बनुवाडीह बाजार में बाइक से गिरे दो युवकों को बचाने पहुंचे युवक पर ही दोनों युवकों ने धारदार हथियार से हमला कर दिया। जिससे बचाव को गया युवक लहूलुहान हो गया। वहां मौजूद लोगों ने दोनों आरोपितों को घेरकर पकड़ लिया। पीड़ित का आरोप है कि पुलिस उसे ही घंटों तक थाने पर बिठाए रखी। घटनास्थल पर पहुंची पुलिस दोनों आरोपितों को थाने ले आई।
गांव निवासी 32वर्षीय अनुराग दुबे पुत्र रंजन दुबे गांव के चौराहे से अपने घर जा रहा था। उसी रास्ते से बाइक पर सवार दो युवक अनियंत्रित होकर सड़क पर गिर गये। आरोप है कि उन्हें उठाने अनुराग पहुंचे तो दोनों युवकों ने उस पर चाकू से हमला कर दिया। घायल के स्वजनों का आरोप है कि घायल का तत्काल उपचार न करा कर पुलिस घंटों थाने में बैठाई रही। अनुराग की हालत गंभीर देख उसे सीएससी से जिला चिकित्सालय रेफर कर दिया गया। थाना प्रभारी चन्दन राय ने बताया कि पूछताछ के लिए उसे थाने में लाया गया था। जहां से उपचार हेतु भेज दिया गया।
संदिग्ध परिस्थितियों विवाहिता की मौत
जौनपुर। सरपतहा थाना क्षेत्र के समोधपुर गांव में सोमवार शाम एक विवाहिता का शव फांसी के फंदे से लटकता मिलने पर इलाके में हड़कंप मच गया। घटना को लेकर मायके पक्ष ने दहेज के लिए हत्या किए जाने का आरोप लगाते हुए तीन लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है।
मिली जानकारी के अनुसार समोधपुर निवासी नागेन्द्र कुमार की पत्नी संदना (22) का विवाह लगभग दो वर्ष पूर्व सरायख्वाजा थाना क्षेत्र के समदाहा गांव निवासी महेंद्र कुमार की पुत्री संदना से हुआ था। मायके पक्ष का आरोप है कि शादी के बाद से ही ससुराल पक्ष लगातार दहेज की मांग को लेकर उसे प्रताड़ित करता था। इसी बीच विवाहिता ने एक पुत्र को जन्म भी दिया था।सोमवार शाम करीब 7 बजे परिजनों ने घर के एक कमरे में संदना को फांसी पर लटका देखा, जिसके बाद गांव में अफरा-तफरी मच गई और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जुट गए। सूचना पाकर स्थानीय पुलिस भी पहुंची और जांच शुरू की। मायके पक्ष की तहरीर पर पुलिस ने तीन नामजद लोगों के खिलाफ दहेज हत्या का मामला दर्ज करते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
शव को कब्रिस्तान ले जा रहे दो वर्गों में विवाद
जौनपुर। जिले के नेवढ़िया थाना क्षेत्र के हरसिंहपुर गाँव में सोमवार की रात शव दफनाने कब्रिस्तान ले जा रहे दो वर्गों के बीच विवाद हो गया। इस दौरान धक्का-मुक्की भी हुई, जिसमें एक महिला को मामूली चोटें आईं। सूचना मिलते ही नेवढ़िया थाने की पुलिस मौके पर पहुंची।
मड़ियाहूं सीओ गिरेंद्र सिंह, नेवढ़िया थानाध्यक्ष राजाराम द्विवेदी और मड़ियाहूं कोतवाली प्रभारी अमित कुमार सिंह की पुलिस टीम ने स्थिति को शांत कराया। बताया गया कि कि गाँव के मकबूल पुत्र उस्मान के शव को कब्रिस्तान ले जाया जा रहा था। तभी दूसरे समुदाय के आकाश और अन्य लोगों ने शव को अपने घर के सामने से ले जाने पर आपत्ति जताई। उन्होंने कहा कि शव को निर्धारित रास्ते से ही ले जाया जाए। इसी बात को लेकर दोनों पक्षों में बहस शुरू हो गई और धक्का-मुक्की हुई। पीड़ित आकाश की दादी ने बताया कि वे शव को कब्रिस्तान में दफनाने के लिए उसी रास्ते से जा रहे थे, जिससे वे हमेशा जाते थे। हालांकि, शव के साथ चल रहे चार लोगों ने कहा कि घूमकर जाने के बजाय इस रास्ते से जल्दी पहुंच जाएंगे। इसी बात पर आकाश और अन्य लोगों ने उन्हें रोका, जिससे धक्का-मुक्की हुई और उनकी बहू के हाथ में मामूली चोटें आईं। वादी के पक्ष से तहरीर प्राप्त करके मुकदमा पंजीकृत कर लिया गया है तथा अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए तीन टीमों का गठन किया गया है जल्द ही गिरफ्तारी कर ली जाएगी, गांव में शांति व्यवस्था कायम है।


