33 मोतियाबिंद मरीज ऑपरेशन के लिए रवाना
जौनपुर। लायन्स क्लब मेन एवं आरजे शंकरा आई हॉस्पिटल वाराणसी के संयुक्त तत्वावधान में मंगलवार को लक्ष्मी हेल्थ केयर सेंटर, कुत्तुपुर तिराहा के पास नि:शुल्क नेत्र चिकित्सा शिविर का आयोजन किया गया। अंधत्व निवारण कार्यक्रम के तहत आयोजित इस शिविर में बड़ी संख्या में लोगों ने अपनी आंखों की जांच कराई। शिविर में कुल 126मरीजों का नेत्र परीक्षण किया गया, जिनमें से 33 मरीजों को मोतियाबिंद ऑपरेशन के लिए चयनित कर नि:शुल्क ऑपरेशन हेतु वाराणसी भेजा गया। शिविर में आरजे शंकरा आई हॉस्पिटल की नेत्र विशेषज्ञ डॉ.रितु राज और उनकी टीम ने मरीजों की जांच की। संस्थाध्यक्ष सीए राजेश राज गुप्ता ने बताया कि हर माह के दूसरे मंगलवार को इस शिविर का आयोजन किया जाता है, जिसमें मरीजों को ऑपरेशन, दवाएं, चश्मा, भोजन, आवास और परिवहन की सुविधा नि:शुल्क प्रदान की जाती है। संयोजक डॉ.संदीप मौर्य ने बताया कि पिछले पांच माह से लगातार शिविर आयोजित किए जा रहे हैं, जिससे सैकड़ों मरीज लाभान्वित हो चुके हैं। अगला शिविर 14 अप्रैल को इसी स्थान पर आयोजित किया जाएगा। इस दौरान क्लब के कई पदाधिकारी व सदस्य उपस्थित रहे।



