जौनपुर। थाना बक्सा पुलिस ने एक नाबालिग लड़की का अपहरण कर उसके साथ दुष्कर्म करने के आरोपी को गिरफ्तार करने में सफलता प्राप्त की है। पुलिस अधीक्षक के निर्देशानुसार अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत यह प्रभावी कार्रवाई की गई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, थानाध्यक्ष विक्रम लक्ष्मण सिंह के मार्गदर्शन में उप-निरीक्षक हैदर अली और उनकी टीम ने सूचना पर 24 मार्च को सुबह करीब 11:30बजे मई बाजार के पास घेराबंदी की। इस दौरान वांछित अभियुक्त सूरज यादव(उम्र 22 वर्ष), निवासी दरियाँवगंज, को गिरफ्तार कर लिया गया। अभियुक्त के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता की गंभीर धाराओं और पाक्सो एक्ट के तहत मामला दर्ज है। पुलिस टीम में मुख्य रूप से उप-निरीक्षक हैदर अली और मुख्य आरक्षी मनोज कुमार शामिल रहे। गिरफ्तारी के बाद पुलिस द्वारा आरोपी के खिलाफ आवश्यक विधिक कार्यवाही कर उसे जेल भेजने की प्रक्रिया सुनिश्चित की जा रही है। बक्सा पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई की क्षेत्र में सराहना हो रही है।
दस वर्षों के कानूनी संघर्ष के बाद अभ्यर्थियों को मिला नियुक्ति पत्र
जौनपुर। जनपद में 29334 गणित-विज्ञान सहायक अध्यापक भर्ती से जुड़े अभ्यर्थियों को करीब दस वर्षों के लंबे कानूनी संघर्ष के बाद आखिरकार नियुक्ति पत्र मिल गया। सोमवार देर शाम जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी कार्यालय में जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी डॉ. गोरखनाथ पटेल ने अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र प्रदान किया, जिससे उनके चेहरों पर खुशी साफ झलक उठी।
बताया गया कि ये अभ्यर्थी वर्ष 2014 में प्रदेश के विभिन्न जिलों में काउंसिलिंग करा चुके थे, लेकिन उन्हें नियुक्ति पत्र नहीं मिल सका था। इसके बाद अभ्यर्थियों ने न्यायालय का दरवाजा खटखटाया और वर्ष 2016 में इलाहाबाद हाईकोर्ट में पहली याचिका दाखिल की गई। वर्ष 2017 में हाईकोर्ट की सिंगल बेंच ने अभ्यर्थियों के पक्ष में निर्णय दिया, लेकिन सरकार द्वारा आदेश का पालन न किए जाने पर 2018 में अवमानना याचिका दायर की गई। इसके बाद सरकार मामले को डिवीजन बेंच में ले गई, जहां उसकी याचिका खारिज कर दी गई और सिंगल बेंच का निर्णय यथावत रखा गया। बाद में सरकार सुप्रीम कोर्ट पहुंची, जहां सर्वोच्च न्यायालय ने भी याचियों को राहत देते हुए नियुक्ति पत्र जारी करने का आदेश दिया। जौनपुर जिले में कुल 18 अभ्यर्थियों को मूल अभिलेखों के सत्यापन के लिए बुलाया गया था। सत्यापन प्रक्रिया पूरी होने के बाद सोमवार को पात्र अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र जारी कर दिए गए। गौरतलब है कि वर्ष 2013 में विज्ञापित इन पदों पर अधिकांश अभ्यर्थियों को वर्ष 2015 में ही नियुक्ति पत्र मिल गया था, लेकिन कुछ अभ्यर्थियों को इसके लिए लंबा कानूनी संघर्ष करना पड़ा। नियुक्ति पत्र मिलने पर कुंवर विक्रम सिंह, अमित मिश्रा, प्रदीप यादव, भूपेश त्रिपाठी और शैलेश गुप्ता समेत अन्य अभ्यर्थियों ने खुशी जताई।
घरेलू विवाद में छोटे भाई ने बड़े भाई पर किया चाकू से हमला
जौनपुर। जिले के हसनपुर गांव में घरेलू विवाद के चलते छोटे भाई ने बड़े भाई पर चाकू से हमला कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल को उपचार के लिए प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया है।
जानकारी के अनुसार हसनपुर निवासी रामकुमार यादव (पुत्र निर्मल) और उनके छोटे भाई लल्लू के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई। विवाद बढ़ने पर लल्लू ने घर में रखे चाकू से रामकुमार पर हमला कर दिया। बचाव के दौरान रामकुमार के बाएं हाथ की मध्यमा उंगली पर गहरा कट लग गया और हाथ के ऊपरी हिस्से में भी चोटें आईं। घटना के बाद ग्रामीण मौके पर जुट गए। परिजनों ने डायल 108 एंबुलेंस को सूचना दी, जिसके बाद घायल को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पकड़ी ले जाया गया। वहां डॉ. तपिश कुमार और डॉ. सुनील राय की टीम ने प्राथमिक उपचार किया। चिकित्सकों के अनुसार घायल अब खतरे से बाहर है। सगे भाइयों के बीच हुई इस घटना को लेकर गांव में चर्चा है। पुलिस को मामले की सूचना दे दी गई है और विवाद के कारणों की जानकारी जुटाई जा रही है।
राम नवमी और दुर्गा अष्टमी के अवकाश में बदलाव
जौनपुर। जनपद न्यायाधीश सुशील कुमार शशि ने बताया कि उच्च न्यायालय इलाहाबाद के निर्देश पर जनपद न्यायालयों के अवकाश में बदलाव किया गया है। अब राम नवमी के अवसर पर 26 मार्च के स्थान पर 27 मार्च (शुक्रवार) को अवकाश रहेगा, जबकि 26 मार्च को न्यायालयों में कार्य दिवस घोषित किया गया है। इसके साथ ही दीवानी न्यायालय अधिवक्ता संघ, जौनपुर के प्रस्ताव के आधार पर दुर्गा अष्टमी का स्थानीय अवकाश 25 मार्च के बजाय 26 मार्च (बृहस्पतिवार) को घोषित किया गया है। इस कारण 25 मार्च को जनपद न्यायालय सहित सभी ग्राम न्यायालयों में कार्य दिवस रहेगा।
गैंगस्टर अभियुक्ता सहित कई आरोपी गिरफ्तार
जौनपुर। जनपद में अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस ने अलग-अलग थाना क्षेत्रों में कार्रवाई करते हुए कई आरोपियों को गिरफ्तार किया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक कुंवर अनुपम सिंह के निर्देशन में चलाए जा रहे अभियान के अंतर्गत यह कार्रवाई की गई।
जफराबाद थाना पुलिस ने गैंगस्टर एक्ट के मामले में वांछित अभियुक्ता मनीषा नागर पत्नी अरविंद नागर उर्फ गोलू निवासी जगदीशपुर को गिरफ्तार किया। उसके खिलाफ मु0अ0सं0 65/2026 धारा 3(1) गैंगस्टर एक्ट के तहत कार्रवाई कर न्यायालय भेज दिया गया। सुजानगंज थाना पुलिस ने फायरिंग कर दहशत फैलाने के मामले में वांछित धनंजय सरोज पुत्र गोविंद सरोज उर्फ भैयाराम निवासी सरायपड़री को बाबूगंज बाजार से गिरफ्तार किया। उसके पास से एक तमंचा .315 बोर और एक जिंदा कारतूस बरामद हुआ। वहीं पुलिस ने वारंट के मामले में जयनरायन निवासी बेनीपुर को भी गिरफ्तार कर न्यायालय भेजा। शाहगंज थाना पुलिस ने अपहरण से जुड़े मामले में एक विधि उल्लंघनकारी बालक को रोडवेज रेलवे क्रॉसिंग से पकड़ा। इसके अलावा मंदिर की दान पेटिका चोरी करने वाले अभिषेक कुमार प्रजापति निवासी सरायमीर (आजमगढ़) को मालगोदाम के पास से दान पेटिका सहित गिरफ्तार किया गया। वहीं मीरगंज थाना पुलिस ने दहेज उत्पीड़न से जुड़े मामले में वांछित अभियुक्ता निर्मला देवी पत्नी गुलाब सरोज निवासी मोलनापुर को गिरफ्तार कर न्यायालय भेज दिया। पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आवश्यक विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
एनएसएस शिविर का समापन, युवाओं को राष्ट्र सुरक्षा के प्रति किया जागरूक
खुटहन। राज गौरव पीजी कॉलेज में राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) के विशेष शिविर का समापन उत्साहपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ। कार्यक्रम की अध्यक्षता संस्थापक प्राचार्य डॉ. ओम प्रकाश यादव ने की।
समापन अवसर पर डॉ.ओम प्रकाश यादव ने कहा कि वर्तमान वैश्विक परिवेश में युवाओं का प्रमुख लक्ष्य राष्ट्र सुरक्षा और देश का विकास होना चाहिए। उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि वे देश के प्रति अपनी जिम्मेदारियों को समझें और हर परिस्थिति के लिए सजग व तैयार रहें। कार्यक्रम के दौरान स्वयंसेविकाओं ने नाटक के माध्यम से दहेज प्रथा जैसी सामाजिक कुरीतियों पर प्रहार करते हुए लोगों को जागरूक किया। इसके अलावा सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने कार्यक्रम में उत्साह का माहौल बना दिया, जिसे उपस्थित लोगों ने खूब सराहा। इस अवसर पर विभिन्न वक्ताओं ने राष्ट्रीय सेवा योजना के महत्व पर प्रकाश डालते हुए स्वयंसेवकों का उत्साहवर्धन किया और उन्हें समाज सेवा के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम के अंत में महाविद्यालय के संरक्षक डॉ. शरद यादव ने सभी अतिथियों और प्रतिभागियों के प्रति आभार व्यक्त किया।
पैसा लेकर जमीन का बैनामा न करने पर मुकदमा दर्ज
जौनपुर। लाइन बाजार थाना पुलिस ने जमीन का बैनामा न करने के आरोप में एक व्यक्ति के खिलाफ न्यायालय के आदेश पर मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार थाना क्षेत्र के भगौतीपुर निवासी संजय कुमार पुत्र गुलाब चंद्र ने सीजेएम कोर्ट में प्रार्थना पत्र देकर आरोप लगाया कि गांव के ही बेचू पुत्र मुन्नीलाल ने 3 अप्रैल 2022 को अपनी बीमारी का हवाला देकर उनसे पैसे मांगे और बदले में अपनी एक बिस्वा जमीन साढ़े पांच लाख रुपये में देने की बात तय की थी। शुरुआत में इलाज के लिए दो हजार रुपये लेने के बाद उसने बेटी की शादी का हवाला देकर किस्तों में कुल 2 लाख 52 हजार 100 रुपये नगद ले लिए। आरोप है कि बाद में बेचू ने उक्त जमीन किसी अन्य व्यक्ति विनय कुमार निवासी केराकत को बेच दी। जब संजय कुमार ने इसका विरोध किया तो आरोपित ने जमीन देने के लिए आठ लाख रुपये की मांग की और बैनामा करने से इनकार कर दिया। पैसे वापस मांगने पर भी वह टालमटोल करता रहा और गाली-गलौज करने लगा। न्यायालय के आदेश पर लाइन बाजार थाना पुलिस ने आरोपित के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। मामले की जांच शीतला चौकिया चौकी प्रभारी राम प्रकाश यादव को सौंपी गई है।


