जौनपुर धारा,चन्दवक। स्थानीय क्षेत्र के एक गांव निवासी दो दिन पूर्व 10वीं कक्षा की छात्रा के गायब होने के मामले में छात्रा के पिता की तहरीर पर पुलिस ने गांव के चन्दन नाविक पुत्र बांके लाल व तीन अन्य के खिलाफ बहला-फुसलाकर भगा ले जाने के आरोप में मुकदमा दर्ज किया है। छात्रा के साथ नकद 50 हजार रुपये, सोने के चैन व अंगूठी भी ले जाने का आरोप है।
इसके पहले भी आरोपी पर मारपीट की शिकायत दर्ज हो चुकी है। छात्रा के परिजनों का आरोप है कि चन्दन को भगाने में गांव के तीन अन्य सुरेश कुमार,राधेश्याम ,अभय ने भी सहयोग किया है । थाना प्रभारी सत्य प्रकाश सिंह ने बताया कि मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है और लड़की की तलाश की जा रही है।
- क्षेत्र में मारपीट के तीन मामलों में कई घायल, नौ गिरफ्तार
जौनपुर धारा,जौनपुर। जफराबाद क्षेत्र के तीन गांवों में सोमवार को विभिन्न मामलों को लेकर मारपीट की घटना हुई। जिसमें कुछ लोग घायल हो गए। पुलिस ने नौ लोगों को गिरफ्तार कर लिया।
क्षेत्र के शाहबडेपुर गांव में दो भाइयों राजकुमार व विजय कुमार के बीच पानी बहाने को लेकर मारपीट हो गयी। जिसमे दोनो तथा उनकी पत्नियों गुंजा पत्नी राजकुमार और डिम्पल पत्नी विजय कुमार को चोट आयी। इसी प्रकार डाल काटने को लेकर विवाद कर रही रीता पत्नी उदयराज निवासी पहेतिया को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। समोपुर गांव में जमीनी विवाद को लेकर मारपीट हुई। जिनमे कई लोग चुटहिल हुए। पुलिस ने मामले में राम खेलावन पुत्र रामदुलार उनकी पत्नी कलावती देवी तथा दूसरे पक्ष के जालिम पुत्र फेरई उर्मिला देवी पत्नी स्वर्गीय मोहन निषाद को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया।
- किशोरी को भगाने का आरोपी गिरफ्तार, किशोरी बरामद
जौनपुर धारा, जौनपुर। जफराबाद क्षेत्र के हौज टोलप्लाज़ा के पास सोमवार को पुलिस ने किशोरी के अपहरणकर्ता को गिरफ्तार कर लिया। उसके साथ ही अपहरण की गई किशोरी भी बरामद कर लिया। स्थानीय कस्बे के शेखआलमपुर निवासी मोहम्मद शाहरुख पुत्र इस्लाम कस्बे की ही एक नाबालिग लड़की को पांच मई को अपहरण कर लिया था। किशोरी के परिवार की तहरीर पर पुलिस ने शाहरुख पर अपहरण का मुकदमा दर्ज कर लिया था। सोमवार को चौकी प्रभारी मनोज कुमार राय ने मुखबिर की सूचना पर शाहरुख को हौज टोलप्लाज़ा के पास से गिरफ्तार कर लिया।



