- नव मतदाता संपर्क महाअभियान का हुआ शुभारंभ, कई पदाधिकारी रहे लापता
जौनपुर धारा, मुंगराबादशाहपुर। नगर निकायों के आसन्न चुनाव को दृष्टिगत रखते हुए भाजपा पदाधिकारियों की बैठक बुधवार को नई बाजार स्थित नागा बाबा कुटी पर वरिष्ठ भाजपा नेता राजीव कुमार गुप्त उर्फ राजू के संयोजकत्व में सम्पन्न हुई। बैठक में उपस्थित नगर पालिका चुनाव प्रभारी व पूर्व भदोही भाजपा जिलाध्यक्ष हौंसिला प्रसाद पाठक ने अपने संबोधन में भाजपा पदाधिकारियों को उनके दायित्वों के प्रति आगाह करते हुए उन्हें अपनी जिम्मेदारियों का बखूबी निर्वहन करने का निर्देश दिया। भाजपा नगर निकाय चुनाव प्रभारी हौसला प्रसाद पाठक ने प्रत्येक वार्डों के संयोजक एवं प्रभारी से रूबरू होकर मतदाताओं से सम्पर्क करने का निर्देश दिया। इसी के साथ ही उन्होंने मौजूद लोगों से जोर देते हुए कहा कि आप लोग अभी से ही जी जान से जुट कर अपने वार्डो के नए मतदाताओं से मिलकर पार्टी की नीतियों से अवगत कराएं। इसी के साथ ही केंद्र और प्रदेश सरकार की सभी नीतियों को लोगों के बीच बताएं जिससे बीजेपी के प्रति लोगों का जुड़ाव हो सके और आगामी निकाय चुनाव जीत सके। इस अवसर पर भेलानाथ मिश्र, संतोष मिश्रा, पुष्पा शुक्ला आदि ने भी विस्तार पूर्वक अपने विचार व्यक्त किए। इसके पूर्व मौजूद अतिथियों का माल्यार्पण कर स्वागत किया गया। बैठक में मुख्य रूप से पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष कपिल मुनि गुप्त, सभासद आलोक कुमार गुप्त पिंटू, समाजसेवी पशुपति नाथ गुप्त मुन्ना, उमाशंकर गुप्ता, लवकुश मोदनवाल, अरविंद साहू उर्फ बच्चा, सूर्य लाल जायसवाल सहित अधिकतर वार्डों के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता बड़ी संख्या में मौजूद रहे।