- भूख से बिलबिला रहे बच्चों ने मचाया शोर, नायब तहसीलदार और एबीएसए ने घटना की निंदा की
जौनपुर धारा, जौनपुर। रामनगर विकासखंड के आदर्श प्राथमिक विद्यालय मड़ियाहूं प्रथम में अनुसूचित जाति के रसोइया द्वारा खाना बनाने पर महिला अध्यापिका ने मिड-डे-मील भेजन को मिट्टी में फेंक दिया और किसी भी बच्चे को खाने तक नहीं दिया। अध्यापिका ने विद्यालय परिसर में खाना फेंककर जमकर हंगामा किया जिसको देखते हुए काफी संख्या में विद्यालय में अभिभावक पहुंच गए। सूचना पर ग्राम प्रधान मौके पर पहुंचकर स्थिति को संभाला। नायब तहसीलदार और एबीएसए ने घटना की जांच करते हुए घटना को दु:खद बताया। बताया जाता है कि आदर्श प्राथमिक विद्यालय मड़ियाहूं प्रथम में मिड-डे-मील योजना का भेजन बनाने के लिए अनुसूचित जाति की महिला सन्तरा देवी रसोइया रखी गई है। मंगलवार की सुबह दो सौ बच्चों के लिए मेन्यू के हिसाब से चावल एवं दाल बनाया गया था। आरोप है कि विद्यालय की सहायक अध्यापिका सपना सिंह रसोई घर में पहुंची और रसोईया संतरा देवी को जातिसूचक शब्दों का इस्तेमाल करते हुए खाने के लिए बनाये गये दाल चावल को मिट्टी में उलट दिया। जिसके बाद विद्यालय परिसर में बवाल मच गया। सूचना पर कई अध्यापक अभिभावक भी विद्यालय परिसर में पहुंचकर सहायक अध्यापक के इस करतूत की निंदा करने लगे। भूख से बिलबिला रहे बच्चों ने भी विद्यालय परिसर में चिल्लाना शुरू कर दिया। विद्यालय में बवाल बढ़ता देख किसी अध्यापक ने ग्राम प्रधान पति राणा पुष्पेश यादव को सूचना दी। प्रधान पति ने पहुंचकर बिस्कुट लाकर बच्चों को खिलाया उसके बाद सूचना नायब तहसीलदार संतोष कुमार सिंह और खंड शिक्षा अधिकारी अजीत कुमार सिंह को दिया। मौके पर पहुंचे नायब तहसीलदार ने बच्चों की छुट्टी करवा कर घर भेज दिया। जब इस संबंध में अध्यापिका सपना सिंह से जानकारी चाही गई तो उन्होंने अपनी बात पर कायम रखते हुए खंड शिक्षा अधिकारी से अभिभावकों के सामने ही भिड़ गई और महिला को प्रताड़ित करने की धमकी खंड शिक्षाधिकारी को देने लगी। जिसके बाद खंड शिक्षाधिकारी ने उससे लिखित स्पष्टीकरण देने की बात कही। सहायक अध्यापक सपना सिंह ने इस संबंध में बताया कि खाना मैंने फेंका है इसका जो भी भुगतान होगा अधिकारी कहेंगे तो हम भर देंगे लेकिन जातिवाद का जो भी आरोप लगाया जा रहा है वह सरासर गलत है। खंड शिक्षा अधिकारी अजीत कुमार सिंह ने कहा कि लिखित स्पष्टीकरण मांगा गया है जो भी विद्यालय परिसर में घटना हुई वह गलत है छात्रों से भेदभाव बर्दाश्त नहीं है। हम पूरी रिपोर्ट बेसिक शिक्षाधिकारी एवं जिलाधिकारी को दे देंगे कार्रवाई उन्हीं के द्वारा होगी।


