Become a member

Get the best offers and updates relating to Liberty Case News.

― Advertisement ―

spot_img
Homeअपना जौनपुरदलित किशोरी बरामद, अपहरण व दुष्कर्म का आरोपी गिरफ्तार

दलित किशोरी बरामद, अपहरण व दुष्कर्म का आरोपी गिरफ्तार

जौनपुर। सरपतहां थाना क्षेत्र के एक गांव से बहला-फुसलाकर भगाई गई। अनुसूचित जाति की 15वर्षीय किशोरी को तीसरे दिन पुलिस ने बरामद कर अपहरण व दुष्कर्म के आरोपित मुस्लिम संप्रदाय के युवक को गिरफ्तार कर लिया।

शनिवार को किशोरी के घर से अचानक लापता होने जाने के बाद उसके स्वजन ने थाने में तहरीर देकर बाराबंकी जनपद के जैदपुर थाना क्षेत्र के ग्राम पनियल निवासी शमशाद पर बहला-फुसलाकर अपहरण करने का आरोप लगाया। मुखबिर से मिले सुराग पर थानाध्यक्ष अमित कुमार सिंह, एसआइ अरविंद कुमार यादव ने टीम के साथ घेराबंदी कर क्षेत्र के गौसपुर तिराहा से सोमवार की शाम किशोरी को बरामद कर आरोपित शमशाद को धर दबोचा। पूछताछ में किशोरी ने बताया कि इंस्टाग्राम के माध्यम से शमशाद ने उससे मित्रता की। बहला-फुसलाकर लखनऊ ले जाकर उसके साथ उसकी मर्जी के बिना उसके साथ शारीरिक संबंध बनाया। पुलिस ने किशोरी को जिला महिला अस्पताल भेजकर मेडिकल मुआयना कराया गया। बयान व रिपोर्ट के आधार पर मुकदमे में दुष्कर्म व पाक्सो एक्ट की धाराएं बढ़ाकर पुलिस ने मंगलवार को आरोपित का चालान कर दिया। न्यायालय ने आरोपित को जेल भेज दिया।

मारपीट करते दो व्यक्ति गिरफ्तार, शांतिभंग में चालान

खुटहन। थानाध्यक्ष चंदन राय व उनके हमराहियों ने मंगलवार को मारपीट पर आमादा कैराडीह गांव निवासी आयुष यादव व इमामपुर गांव निवासी जयहिंद गौतम को गिरफ्तार कर लिया। शांतिभंग का केस दर्ज कर पुलिस ने दोनों का चालान कर दिया।

49 किलो गोमांस के साथ तस्कर गिरफ्तार, एक फरार

जौनपुर। खेतासराय पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर बड़ी कार्रवाई की। पुलिस ने बादशाही नहर पुलिया मनेछा से एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया। आरोपी की पहचान इमरान अहमद के रूप में हुई। वह मनेछा थाना खेतासराय का रहने वाला है।

पुलिस ने आरोपी के पास से 49किलो गोमांस और एक मोटरसाइकिल बरामद की। इस दौरान एक अन्य आरोपी इजहार मौके से फरार हो गया। वह शाहगंज थाना क्षेत्र के सबरहद का रहने वाला है। पुलिस अधीक्षक डॉ.कौस्तुभ के निर्देश पर यह कार्रवाई की गई। गिरफ्तार आरोपी के खिलाफ गौहत्या निवारण अधिनियम की धारा 3/5/8 के तहत मामला दर्ज किया गया है। कार्रवाई में थानाध्यक्ष रामाश्रय राय के नेतृत्व में उप निरीक्षक कपिल देव, हेड कांस्टेबल राजकुमार यादव और कांस्टेबल संदीप सिंह, दिनेश यादव, बृजेश मिश्रा तथा मनीष यादव शामिल थे।

गल्ला कारोबारी पर जानलेवा हमला, 5 पर मुकदमा

जौनपुर। मडियाहूं कोतवाली क्षेत्र के मंझनपुर गांव में मंगलवार की शाम को गल्ला व्यवसाई से मारपीट कर मैजिक वाहन क्षतिग्रस्त करने के मामले में पुलिस ने पांच लोगों पर हत्या के प्रयास सहित अन्य गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है।

मामले में चार आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। प्रभारी निरीक्षक मड़ियाहूं तेज बहादुर सिंह ने बताया कि जलालपुर थाना क्षेत्र के पुरेव गांव निवासी सूरज अग्रहरि ने तहरीर देकर बताया कि वह गल्ला खरीद बिक्री का काम करता है। मंगलवार को अपने भाई सुंदरम अग्रहरि के साथ अपनी मैजिक से मंझनपुर गांव में गल्ला खरीदने आया था। रास्ते में गाड़ी खड़ी कर गांव में गल्ला खरीदने चला गया। रास्ता सकरा होने के कारण सुंदरम यादव निवासी मंझनपुर से किसी बात को लेकर वाद विवाद हुआ। जिसमें सुंदरम ने अपने चार अन्य साथियों शिवम राजभर, नीतीश पटेल, जय हिंद पटेल और गोलू यादव को बुलाकर दोनों को गंभीर रूप से मारपीट कर घायल कर दिया और मैजिक में तोड़फोड़ कर पलट दिया। जिससे मैजिक को काफी नुकसान हुआ। सूचना पर पहुंची मड़ियाहूं पुलिस ने घायल सूरज अग्रहरी और सुंदर अग्रहरि को उपचार के लिए भेज दिया। वहीं आरोपी सुंदरम यादव, शिवम, नीतीश पटेल व जय हिंद को गिरफ्तार कर लिया। तहरीर के आधार पर पुलिस ने सुंदरम यादव निवासी मंझनपुर, शिवम राजभर उर्फ गोलू मंझनपुर, नीतीश पटेल, जय हिंद पटेल निवासी सुंगूलपुर व गोलू यादव के विरुद्ध हत्या के प्रयास सहित अन्य गंभीर धाराओं में मुकदमा पंजीकृत कर मामले की जांच पड़ताल में जुटी है।

सत्यम ने राहुल मुंगरा को दिखाया आसमान

सुजानगंज। बीते वर्षों की तरह इस वर्ष भी तीज के अवसर पर सबेली धनुष यज्ञ की बाग में विराट दंगल का आयोजन किया गया। प्रतिकूल मौसम होने के बावजूद कुल तेरह जोड़ी पहलवानों ने अपनी अपनी कला का प्रदर्शन किया।

सत्यम सुजानगंज ने राहुल मुंगरा बादशाहपुर को चारो खाने चित कर बाजी को अपने नाम कर ली। इसी प्रकार सचिन प्यारेपुर ने मोहित पराहित को, दिवाकर मीरपुर ने सनी गरियांव को, आनंद चांदपुर ने मोहित पराहित को, शुभम फूलपुर ने अनिल सुरियांवा को, नूर मोहम्मद सुल्तानपुर ने कमल प्रतापगढ़ को, मनोज सबेली ने दिवाकर मीरपुर को चारों खाने चित कर बाजी अपनी नाम कर लिया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि भोलानाथ मिश्र समाज सेवी रहे। उद्घोषक बाबा एवं निर्णायक की भूमिका हैबत सिंह ने निभाई। इस अवसर पर श्याम बिहारी पांडे, मनोज कुमार, ग्राम प्रधान अनिल पांडेय की उपस्थिति उल्लेखनीय रही।

प्रदर्शन के बाद ठीक कराया गया सड़क का गड्ढा

जौनपुर। गौराबादशाहपुर कस्बा के बारी मार्ग पर सड़क पर हुए गड्ढों को बुधवार को चेयरमैन प्रतिनिधि दिनेश सोनकर ने खुद खड़ा होकर ठीक करवाया। उन्होंने एक ट्रक गिट्टी मंगवाकर सड़क के गड्ढों में डलवाकर जेसीबी मशीन से समतल करवाया।

हालांकि यह सड़क लोकनिर्माण विभाग के अधीन है। लेकिन लोकनिर्माण विभाग ने ध्यान नहीं दिया। ऐसे में चेयरमैन प्रतिनिधि ने लोगों को हो रही असुविधा को देखते हुए खुद ठीक करवाया। उनका कहना रहा कि त्योहार का सीजन हैं। ऐसे में आवागमन में लोगों को दिक्कतों का सामना न करना पड़े। इसी को ध्यान में रखकर सड़क के गड्ढे ठीक कराया। महीनों से क्षतिग्रस्त पड़े सड़क की मरम्मत नहीं कराये जाने पर व्यापारियों ने बीते सोमवार को प्रदर्शन करते हुए नाराजगी व्यक्त की थी। व्यापारियों का कहना रहा कि महीनों से सड़क खराब पड़ी है। जगह जगह बड़े बड़े गड्ढे हो गये हैं। बारिश होने पर जलभराव हो जाता है। ऐसे में आवागमन में दुश्वारी के साथ व्यापार भी प्रभावित हो रहा है। फिलहाल गड्ढे पटने से कुछ राहत मिलेगी।

Share Now...