जौनपुर। जिले के महराजगंज बाजार में रविवार को एक दर्दनाक हादसे में घर के सामने खेल रहे डेढ़ वर्षीय मासूम की ट्रैक्टर की चपेट में आने से मौत हो गई। घटना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया और पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई।

प्राप्त जानकारी के अनुसार महराजगंज बाजार निवासी रवि मोदनवाल का डेढ़ वर्षीय पुत्र अभि मोदनवाल रविवार को अपने घर के सामने खेल रहा था। इसी दौरान सुजानगंज की ओर से आ रहा एक ट्रैक्टर-ट्राली अनियंत्रित होकर मासूम को रौंदता हुआ निकल गया। हादसे में बच्चा गंभीर रूप से घायल हो गया। परिजन आनन-फानन में उसे अस्पताल ले जाने की तैयारी कर ही रहे थे कि उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने ट्रैक्टर चालक को हिरासत में लेते हुए वाहन को भी कब्जे में ले लिया है, मामले की जांच की जा रही है।



