- कड़ाके की ठंड में कंबल गरीबों के लिए बना सहारा
केराकत। स्थानीय क्षेत्र अन्तर्गत ग्राम बसगीत गांव में रविवार को मानवता और सामाजिक सरोकार की मिसाल देखने को मिली। कड़ाके की ठंड को देखते हुए ग्राम प्रधान राम प्रसाद यादव उर्फ गुड्डु ने असहाय एवं जरूरतमंद ग्रामीणों के बीच चार सौ पछत्तर उच्च गुणवत्ता वाले कंबलों का वितरण कर सराहनीय कार्य किया। कंबल वितरण कार्यक्रम पूर्वाह्न लगभग सवा ग्यारह बजे संपन्न हुआ, जिसमें बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे। कंबल पाकर जरूरतमंदों के चेहरों पर राहत और खुशी साफ झलक रही थी। ग्राम प्रधान राम प्रसाद यादव ने कहा कि ठंड के इस मौसम में कोई भी गरीब या असहाय व्यक्ति ठिठुरने को मजबूर न हो, यही इस पहल का उद्देश्य है। उन्होंने आगे भी समाजसेवा के ऐसे कार्य निरंतर जारी रखने की बात कही। इस मौके पर सपा नेता प्रधान रामसमुझ यादव, ग्राम प्रधान फूलचंद यादव, विजय बहादुर यादव, रामजनम यादव, अशोक विश्वकर्मा, बलिराम विश्वकर्मा, शशिकांत यादव, सखरज यादव सहित अनेक गणमान्य लोग एवं ग्रामीण उपस्थित रहे। सभी ने ग्राम प्रधान के इस पुनीत कार्य की प्रशंसा करते हुए इसे अनुकरणीय बताया। कंबल वितरण कार्यक्रम शांतिपूर्ण और व्यवस्थित ढंग से संपन्न हुआ। ग्रामीणों ने ग्राम प्रधान के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि ऐसे समाजसेवी कार्यों से जरूरतमंदों को बड़ी राहत मिलती है, और सामाजिक एकजुटता मजबूत होती है।



