मुंगराबादशाहपुर। सर्व वैश्य समाज मुंगराबादशाहपुर के तत्वावधान में आगामी 12 मार्च को शाम 6 बजे नगर के कटरा स्थित राधेश्याम पैलेस में ‘चतुर्थ होली मिलन समारोह महोत्सव’ का आयोजन किया जाएगा। इस कार्यक्रम में नगर तथा आसपास के क्षेत्रों से सर्व वैश्य समाज के लोग बड़ी संख्या में शामिल होकर होली के पर्व को आपसी प्रेम, सौहार्द और भाईचारे के साथ मनाएंगे।
आयोजन के दौरान सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुति भी दी जाएगी, जिसमें गीत-संगीत और होली से जुड़े पारंपरिक कार्यक्रम शामिल रहेंगे। कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण गुलाब की पंखुड़ियों से होली खेलना होगा, जिसके माध्यम से लोग एक-दूसरे को शुभकामनाएं देते हुए प्रेम और सद्भाव का संदेश देंगे। कार्यक्रम को लेकर समाज के लोगों में उत्साह देखा जा रहा है और आयोजन की तैयारियां तेजी से की जा रही हैं। इस अवसर पर समाज के वरिष्ठजन, महिलाएं, युवा और बच्चे भी बड़ी संख्या में उपस्थित रहेंगे। मुख्य सलाहकार आलोक कुमार गुप्ता ‘पिंटूÓ और अध्यक्ष राजकुमार ऊमरवैश्य ने बताया कि होली मिलन समारोह समाज को एक मंच पर लाकर आपसी संबंधों को मजबूत करने का अवसर देता है। उन्होंने समाज के सभी लोगों से परिवार सहित कार्यक्रम में शामिल होकर इसे सफल बनाने की अपील की है।
कार्य में लापरवाही पर लाइन बाजार के इंस्पेक्टर निलंबित
जौनपुर। पुलिस अधीक्षक कुंवर अनुपम सिंह ने लाइन बाजार थाने के प्रभारी निरीक्षक सतीश कुमार सिंह को कार्य में लापरवाही बरतने के आरोप में तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। इस कार्रवाई की पुष्टि पुलिस अधीक्षक के जनसंपर्क अधिकारी ने की है।
सूत्रों के अनुसार, पिछले कुछ दिनों से लाइन बाजार थाना क्षेत्र में आपराधिक घटनाओं में बढ़ोतरी हो रही थी, जिसे गंभीरता से लेते हुए पुलिस अधीक्षक ने यह कार्रवाई की। बताया जा रहा है कि क्षेत्र में बढ़ रही वारदातों और कार्य में लापरवाही को लेकर यह निर्णय लिया गया है। फिलहाल सतीश कुमार सिंह के स्थान पर किसी अन्य प्रभारी निरीक्षक की नियुक्ति नहीं की गई है। पुलिस अधीक्षक की इस कार्रवाई के बाद जनपद के अन्य थानेदारों में भी हलचल मच गई है। माना जा रहा है कि अब कार्य में लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई जारी रहेगी।
वारंटी अभियुक्त को पुलिस ने किया गिरफ्तार
जौनपुर। शाहगंज थाना पुलिस ने न्यायालय द्वारा जारी वारंट के आधार पर एक वारंटी अभियुक्त को गिरफ्तार कर लिया।
प्रभारी निरीक्षक के.के. सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने मंगलवार को कार्रवाई करते हुए सिया राम हरिजन पुत्र कल्पू हरिजन, निवासी ग्राम मड़वा थाना शाहगंज को उसके घर से गिरफ्तार किया। पुलिस के अनुसार अभियुक्त मारपीट, गाली-गलौज, धमकी तथा एससी/एसटी एक्ट से जुड़े एक मामले में न्यायालय से जारी वारंट के तहत वांछित चल रहा था। गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने आवश्यक विधिक कार्रवाई पूरी करते हुए अभियुक्त को न्यायालय भेज दिया। अभियुक्त की गिरफ्तारी में उपनिरीक्षक लाल मोहर तथा कांस्टेबल कृपानंद प्रजापति शामिल रहे।
घर में घुसकर चेन छीनी, ग्रामीणों ने पकड़कर पुलिस को सौंपा
जौनपुर। जफराबाद क्षेत्र के कल्याणपुर गांव में मंगलवार दोपहर कुकर-कड़ाही बेचने के बहाने घर में घुसे एक बदमाश ने बुजुर्ग महिला की सोने की चेन छीन ली। महिला के शोर मचाने पर ग्रामीणों ने दौड़ाकर आरोपी को पकड़ लिया और पुलिस के हवाले कर दिया।
गांव निवासी ज्ञान देवी पत्नी स्व. उमाशंकर राय घर पर अकेली थीं। इसी दौरान बाइक सवार एक युवक कुकर और कड़ाही बेचने के बहाने उनके दरवाजे पर पहुंचा। बातचीत के दौरान उसने घर के अंदर नजर दौड़ाई और किसी अन्य व्यक्ति को न देखकर अचानक अंदर घुस गया। आरोप है कि युवक ने महिला का गला और मुंह दबाकर उनके गले से सोने की चेन छीन ली। इस दौरान महिला के होंठ कट गए और उन्हें चोट भी आई। घटना के बाद आरोपी बाइक से भागने लगा, लेकिन वृद्धा के शोर मचाने पर आसपास के लोग उसके पीछे दौड़ पड़े। ग्रामीण अंकित विश्वकर्मा और सुभाष विश्वकर्मा ने साहस दिखाते हुए बाइक से भाग रहे युवक को पकड़ लिया। इसके बाद अन्य ग्रामीण भी मौके पर पहुंच गए और लोगों ने उसकी पिटाई कर दी। सूचना मिलने पर उपनिरीक्षक विजय प्रताप सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और आरोपी को बाइक, चाकू व अन्य सामान के साथ हिरासत में ले लिया। पकड़े गए युवक ने अपना नाम कन्हैया पांडेय निवासी सिवान (बिहार) बताया है। पुलिस उससे पूछताछ कर आगे की कार्रवाई में जुटी है।
पत्नी की मौत के गम में युवक ने लगाई फांसी
जौनपुर। जफराबाद क्षेत्र के बैजाबाद गांव में सोमवार देर रात एक युवक ने पंखे से साड़ी का फंदा बनाकर आत्महत्या कर ली। मंगलवार सुबह घटना की जानकारी होने पर परिवार में कोहराम मच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
गांव निवासी सूरज चौहान(30) पुत्र बाबूराम चौहान की करीब डेढ़ वर्ष पहले शादी हुई थी। वह अपनी पत्नी के साथ मुंबई में रहकर काम करता था। बताया जाता है कि करीब दो माह पहले उसकी पत्नी ने मुंबई में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली थी। पत्नी के अंतिम संस्कार के बाद सूरज घर लौट आया था और तभी से वह मानसिक रूप से काफी परेशान रहने लगा था। परिजनों के अनुसार सोमवार रात भोजन करने के बाद वह अपने कमरे में सोने चला गया। मंगलवार सुबह काफी देर तक दरवाजा न खुलने पर परिजनों को संदेह हुआ। जब कमरे में जाकर देखा तो वह पंखे से साड़ी के सहारे फंदे से लटका मिला। बताया जा रहा है कि उसने बेड पर स्टूल रखकर यह कदम उठाया। परिजनों का कहना है कि पत्नी की मौत के बाद से वह तनाव में रहने लगा था और नशा भी करने लगा था। वह चार भाइयों में सबसे छोटा था। घटना की सूचना पर थानाध्यक्ष श्रीप्रकाश शुक्ला पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
अभद्र टिप्पणी पर दो संविदा कर्मियों की सेवा समाप्त
जौनपुर। प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री पर अभद्र टिप्पणी करने के मामले में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) में तैनात दो संविदा कर्मियों की सेवा समाप्त कर दी गई है। मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने जांच रिपोर्ट के आधार पर यह कार्रवाई की।
जानकारी के अनुसार सीएचसी में संविदा पर कार्यरत स्वीपर/चौकीदार अमरजीत गौतम निवासी हंकारपुर तथा वार्ड बॉय कुलदीप गौतम निवासी मुरादपुर कोटिला नशे की हालत में प्रधानमंत्री, मुख्यमंत्री और सवर्ण समाज के खिलाफ अभद्र टिप्पणी कर रहे थे। इसका वीडियो 5 मार्च को सोशल मीडिया पर वायरल हो गया, जिसके बाद लोगों में आक्रोश फैल गया। मामले को लेकर भाजपा जिला कार्यसमिति सदस्य रामकृष्ण उपाध्याय ने पुलिस को तहरीर देकर मुकदमा दर्ज कराया था। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। इधर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ.प्रभात ने वायरल वीडियो को गंभीरता से लेते हुए जांच समिति गठित की थी। समिति की रिपोर्ट में आरोप सही पाए जाने पर दोनों संविदा कर्मियों की सेवा समाप्त कर दी गई। सीएमओ ने बताया कि अस्पताल परिसर में इस प्रकार की टिप्पणी कर सामाजिक विद्वेष फैलाने का प्रयास किया गया था, जिसे गंभीर मानते हुए कड़ी कार्रवाई की गई है।
आईजीआरएस निस्तारण में केराकत तहसील प्रदेश में प्रथम
केराकत। उत्तर प्रदेश सरकार की जनशिकायत निस्तारण प्रणाली आईजीआरएस के तहत शिकायतों के प्रभावी और समयबद्ध समाधान में जौनपुर की केराकत तहसील ने पूरे प्रदेश में पहला स्थान हासिल किया है। इस उपलब्धि की जानकारी मिलते ही तहसील प्रशासन में खुशी का माहौल छा गया।
बताया गया कि आईजीआरएस पोर्टल पर प्राप्त शिकायतों के त्वरित और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के चलते तहसील को यह सफलता मिली है। इससे क्षेत्र के लोगों में भी प्रशासन के प्रति विश्वास बढ़ा है। उपजिलाधिकारी शैलेन्द्र कुमार ने कहा कि सरकार की मंशा के अनुरूप आम जनता की समस्याओं का समयबद्ध समाधान करना प्रशासन की प्राथमिकता है। उन्होंने इस उपलब्धि के लिए तहसील के सभी अधिकारियों और कर्मचारियों को बधाई दी। तहसीलदार अजीत कुमार ने बताया कि आईजीआरएस के माध्यम से मिलने वाली शिकायतों का गंभीरता से निस्तारण किया जाता है और प्रयास रहता है कि शिकायतकर्ता को समय पर न्याय मिले। इस अवसर पर नायब तहसीलदार प्रमोद यादव, हुसैन अहमद सहित तहसील के अन्य कर्मचारी मौजूद रहे और सभी ने इस उपलब्धि पर एक-दूसरे को बधाई दी।
छत से गिरकर दो वर्षीय मासूम की मौत
जौनपुर। मछलीशहर कोतवाली क्षेत्र के कृपाशंकर नगर मोहल्ले में मंगलवार को छत से गिरने से दो वर्षीय मासूम की दर्दनाक मौत हो गई। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया और पूरे मोहल्ले में शोक की लहर फैल गई।
जानकारी के अनुसार मोहल्ला निवासी सोनू जायसवाल का दो वर्षीय पुत्र अयांश जायसवाल मंगलवार दोपहर अपनी दादी के पीछे-पीछे छत पर चला गया था। दादी छत पर कपड़े डालने में व्यस्त थीं, तभी खेलते-खेलते अयांश पास की बाउंड्री पर चढ़ गया। अचानक संतुलन बिगड़ने से वह बगल की छत पर जा गिरा, जिससे उसके सीने और पेट में गंभीर चोटें आ गईं। घटना के बाद परिजन आनन-फानन में उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मछलीशहर ले गए। वहां डॉक्टरों ने हालत गंभीर देखते हुए उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया। हालांकि जिला अस्पताल पहुंचने पर चिकित्सकों ने मासूम को मृत घोषित कर दिया। मासूम की असमय मौत से परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है। घटना के बाद मोहल्ले में भी शोक का माहौल है और लोगों ने परिजनों को ढांढस बंधाया।


