- आधा दर्जन सवारियां बाल-बाल बचीं, लोगों में नाराजगी
जौनपुर। सरायख्वाजा थाना क्षेत्र के जौनपुर-शाहगंज मार्ग पर गड्ढों और जलभराव के कारण रविवार को एक बड़ा हादसा होते-होते बच गया। कुत्तुपुर स्थित कीर्ति कुंज मारुति एजेंसी के सामने पानी से भरे गड्ढे में एक ई-रिक्शा पलट गया। उस समय रिक्शे में करीब आधा दर्जन महिलाएं और पुरुष सवार थे। हादसे में सभी सवारियां बाल-बाल बच गईं, हालांकि कुछ लोगों को हल्की चोटें आई हैं। बताया जाता है कि जौनपुर से सिद्धीकपुर की ओर जा रहा ई-रिक्शा जैसे ही कीर्ति कुंज मारुति एजेंसी के सामने पहुंचा, चालक को सड़क पर भरे पानी के कारण गड्ढों का अंदाजा नहीं लग सका।

अचानक गहरे गड्ढे में पहिया जाने से ई-रिक्शा का संतुलन बिगड़ गया और वह पलट गया। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और आसपास के लोग तुरंत मदद के लिए दौड़ पड़े। स्थानीय लोगों का आरोप है कि मारुति एजेंसी के सामने सड़क लंबे समय से टूटी हुई है और उसमें बड़े-बड़े गड्ढे बने हुए हैं। बारिश और आसपास के मकानों-दुकानों का पानी उसी गड्ढे में भर जाता है, जिससे यह स्थान हमेशा जलभराव का शिकार रहता है। इसके चलते यहां आए दिन वाहन फंसने और दुर्घटनाएं होने की घटनाएं सामने आती रहती हैं। रविवार की घटना का वीडियो भी कुछ लोगों ने बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया। लोगों ने प्रशासन और संबंधित विभाग से सड़क की तत्काल मरम्मत कराए जाने की मांग की है। स्थानीय नागरिकों का कहना है कि लगातार हादसे होने के बावजूद विभागीय अधिकारी अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठा रहे हैं, जिससे लोगों में रोष बढ़ता जा रहा है।



