बदलापुर। कोतवाली क्षेत्र के बनगांव डढिया गांव में गुरुवार को एक दर्दनाक हादसे में बिजली प्रवाहित तार की चपेट में आने से पुत्र की मौत हो गई, जबकि पिता गंभीर रूप से झुलस गए, जिन्हें जिला अस्पताल रेफर किया गया है। जानकारी के अनुसार, गांव निवासी एक व्यक्ति ने अपने खेत की सुरक्षा के लिए सीमेंटेड पोल लगाकर लोहे के तार से बाड़ बनाई थी, जिसमें अवैध रूप से बिजली प्रवाहित की गई थी। इसी के संपर्क में आने से युवक जमाली की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसके पिता सोचन बुरी तरह झुलस गए। घटना के बाद बदलापुर सीएचसी में प्राथमिक इलाज के बाद डॉक्टरों ने उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया। वहीं सूचना पर पहुंची कोतवाली पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आवश्यक विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है। ग्रामीणों में घटना को लेकर गहरा आक्रोश और शोक का माहौल है।
साइबर ठगों ने शिक्षक के बैंक खाते से उड़ाए 1.01 लाख रुपए
जौनपुर। जिले में साइबर अपराधियों के हौसले इतने बुलंद हो गए हैं कि अब सरकारी कर्मचारियों को भी निशाना बनाया जा रहा है। ताजा मामला शहर के सिविल लाइन स्थित भारतीय स्टेट बैंक की मुख्य शाखा का है, जहां एक शिक्षक के वेतन खाते से बीती रात साइबर ठगों ने दो बार में कुल 1,01,989 रूपये की रकम उड़ा ली।
लाइन बाजार थाना क्षेत्र के जनक कुमारी इण्टर कॉलेज में सहायक अध्यापक पद पर कार्यरत शिक्षक विपनेश कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि उनका वेतन खाता भारतीय स्टेट बैंक की मुख्य शाखा में है। बीती रात लगभग 10:34बजे उनके खाते से 99,989रूपये की निकासी हुई, और कुछ ही मिनट बाद 10:42बजे पुन: 2,000 रूपये निकाल लिए गए। भुक्तभोगी शिक्षक को इसकी जानकारी आज सुबह मोबाइल पर आए बैंक के एसएमएस से हुई, जिसे देखकर वह स्तब्ध रह गए। उन्होंने तुरंत साइबर हेल्पलाइन 1930 पर कई बार कॉल करने का प्रयास किया, लेकिन कोई संतोषजनक उत्तर नहीं मिला। थक-हार कर जब वह जिला साइबर थाना पहुंचे, तो वहां मौजूद अधिकारियों ने उन्हें प्राइवेट साइबर कैफे से ऑनलाइन एफआईआर दर्ज कराने की सलाह दी। इसके बाद उन्होंने स्वयं साइबर कैफे से शिकायत दर्ज कराई। शिक्षक ने आरोप लगाया कि साइबर थाना से उन्हें किसी प्रकार की ठोस सहायता नहीं मिली और वे पुलिस के लापरवाह रवैये से बेहद आहत हैं। उन्होंने कहा कि जब आम नागरिक को अपने खून-पसीने की कमाई की सुरक्षा की गारंटी नहीं मिल रही, और साइबर अपराधियों के खिलाफ कोई त्वरित कार्रवाई नहीं हो रही, तो यह सिस्टम पर बड़ा सवाल खड़ा करता है। शिक्षक की मानें तो अब अन्य बैंक खाताधारकों में भी दहशत फैल गई है कि कहीं अगला नंबर उनका न हो। इस घटना से यह सवाल उठता है कि एक तरफ जहां देश डिजिटल क्रांति की ओर अग्रसर है, वहीं दूसरी ओर साइबर अपराध लगातार पुलिस व प्रशासन की चुनौती बनते जा रहे हैं।
रामपुर गांव में एक माह से जला ट्रांसफार्मर, ग्रामीणों का फूटा गुस्सा
बदलापुर। कोतवाली क्षेत्र के रामपुर गांव में एक माह पूर्व जला ट्रांसफार्मर अब तक बदला नहीं गया है। इसको लेकर गुरुवार दोपहर करीब 2बजे ग्रामीणों ने बिजली विभाग के खिलाफ प्रदर्शन किया। ग्रामीणों ने बताया कि गांव की यादव बस्ती में लगा ट्रांसफार्मर करीब एक महीने पहले जल गया था, जिसकी सूचना संबंधित विभाग को दी गई थी। लेकिन कई बार शिकायत के बावजूद ट्रांसफार्मर का अब तक बदलाव नहीं किया गया, जिससे ग्रामीण अंधेरे में रहने को मजबूर हैं। ग्रामीणों ने जल्द समाधान की मांग करते हुए चेतावनी दी कि अगर शीघ्र नया ट्रांसफार्मर नहीं लगाया गया तो वे बड़े आंदोलन के लिए बाध्य होंगे। इस मौके पर हरिकेश यादव, संजय गौतम, शुभम गौतम, अंकुश यादव, आशीष यादव, लकी यादव, बेचन गौतम, सर्फू गौतम, बाबा गौतम, गोरेलाल आदि मौजूद रहे।
छापेमारी कर खाद्य सुरक्षा प्रशासन ने संग्रहित किये 33 नमूने
जौनपुर। आगामी रक्षाबन्धन पर्व को दृष्टिगत रखते हुए मिलावटी खाद्य पदार्थों के भण्डारण/विक्रय पर प्रभावी रोकथाम के उद्देश्य से विशेष प्रवर्तन अभियान के अन्तर्गत जनपद जौनपुर में 04 अगस्त से खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग द्वारा किये जा रहे प्रवर्तन कार्यवाही की जा रही है।
जिसके क्रम में 07 अगस्त को सहायक आयुक्त (खाद्य) द्वितीय के नेतृत्व में खाद्य सचल दल में सम्मिलित खाद्य सुरक्षा अधिकारीगण देवेश, विनोद कुमार यादव, मयंक शंकर दूबे, कमला रावत एवं अन्जू यादव द्वारा जनपद के विभिन्न बाजारों में कार्यवाही करते हुए कुल 14 खाद्य प्रतिष्ठानों का सघन निरीक्षण किया गया। खाद्य सचल दल द्वारा 07 अगस्त को प्रवर्तन कार्यवाही के अन्तर्गत धनियामऊ बाजार स्थित विभिन्न प्रतिष्ठानों से खाद्य पदार्थ पेड़ा का 01 नमूना एवं छेना मिठाई का 01 नमूना, पिलकिच्छा बाजार से खाद्य पदार्थ पेड़ा का 02 नमूना एवं शिवगुलामगंज बाजार से खाद्य पदार्थ खोया का 01 नमूना, बेसन लड्डू का 01 नमूना, पेड़ा का 01 नमूना एवं बर्फी का 01 नमूना, गभिरनबाजार से खाद्य पदार्थ छेना मिठाई का 01 नमूना संग्रहीत किया गया। इस प्रकार 07 अगस्त 2025 को सूचना प्राप्त होने तक जनपद के विभिन्न खाद्य प्रतिष्ठानों से विभिन्न खाद्य पदार्थों के कुल-09 नमूना जनहित में जांच हेतु संग्रहीत किये गये। इस प्रकार 04 से 07 अगस्त 2025 तक अनवरत चलाये जा रहे उक्त अभियान के अन्तर्गत जनपद के विभिन्न बाजारों में स्थित विभिन्न खाद्य प्रतिष्ठानों के सघन निरीक्षण करते हुए विभिन्न खाद्य पदार्थों के कुल-33 नमूना जनहित में जांच हेतु संग्रहीत किये गये।
5 सेमी नीचे उतरा नदी का जलस्तर
जौनपुर। उप जिलाधिकारी केराकत शैलेन्द्र कुमार ने अवगत कराया है कि ग्राम चंदवक में निरीक्षण के समय चंदवक घाट पर जिस स्थल पर जल स्तर था, उक्त स्थल से बाढ़ का पानी नीचे की तरफ उतर गया है। इस प्रकार घाट पर जल स्तर लगभग 5सेंटीमीटर नीचे उतर गया गया है। बिरभानपुर मे रात को राजस्व टीम के निरीक्षण के दौरान जल स्तर बढ़ा हुआ पाया। लेकिन किसी का मकान प्रभावित नही पाया। चार घर निचले स्तर पर थे, जहां पानी पहुँच सकता था, जिसमे से 3लोगों का अन्य घर ऊंचाई पर था जो वहाँ शिफ्ट हो गए। अवशेष एक के पास बगल के गांव बलुआ मे ऊंचाई पर मकान था जहा पर वे नही जाना चाहते थे यद्यपि उनके घर मे पानी नही पहुँचा था फिर भी सुरक्षा की दृष्टि से उन्हे पंचायत भवन मे शिफ्ट कर दिया गया तथा भोजन की भी व्यवस्था प्रशासन के द्वारा की गई। इस अवसर पर नायब तहसीलदार हुसैन अहमद व राजस्व निरीक्षक मधुकर लेखपाल प्रिंस सहित अन्य उपस्थित रहे।
पुलिस ने वांछित चल रहे दो बदमाशों को किया गिरफ्तार
जौनपुर। जलालपुर क्षेत्र के भगरी गांव में पुलिस ने दो बदमाशों को घेराबन्दी करके गिरफ्तार कर लिया।दोनों एक झपटमारी के मुकदमे में वांछित चल रहे थे।
थाना प्रभारी जलालपुर त्रिवेणी सिंह ने बताया कि उपनिरीक्षक रोहित राज व अमरनाथ यादव राजेपुर बाजार में पुलिस बल के साथ चक्रमण कर रहे थे। उसी समय दो व्यक्ति भगरी की तरफ से अपनी सफेद रंग की अपाचे बाईक से आ रहे थे , तेज रफ्तार होने पर पुलिस ने उन्हे रूकने के लिये कहा गया तो वे दोनो भागने लगे। पुलिस ने उन्हे सई नदी पुलिया से कुछ आगे जाने पर घेराबन्दी कर पकड़ लिया गया। पुछताछ में युवकों ने अपना नाम साहिल कुमार उर्फ बाला व अमित यादव उर्फ गोलू निवासी भगरी बताया । दोनों युवक थाना क्षेत्र में घटित झपटमारी के एक मामले में वांछित चल रहे थे। पुलिस ने दोनों युवकों के पास से कुल तीन हजार पांच सौ रूपये व अपाचे मोटरसाईकिल बरामद किया है। पुलिस ने दोनो आरोपियों का चालान न्यायालय भेज दिया।
जयगुरुदेव धर्म प्रचारक संस्था के अध्यक्ष ने दिया प्रेम और शाकाहार का संदेश
जौनपुर। सिकरारा में जयगुरुदेव धर्म प्रचारक संस्था मथुरा के राष्ट्रीय अध्यक्ष संत पंकज जी महाराज ने ग्राम उदयपुर (लखउआ) में सत्संग का आयोजन किया। उन्होंने अपने संदेश में कहा कि मानव जीवन अनमोल है और सत्गुरु ही जीवन के भेद खोलते हैं।
संत पंकज महाराज ने लोगों को आपस में प्रेम बढ़ाने और समाज को खुशहाल बनाने का संदेश दिया। उन्होंने नशा त्यागने, शाकाहार अपनाने और महिलाओं का सम्मान करने पर जोर दिया। उन्होंने कहा, “शराब दोनों लोक में नाश करने वाली है। अपने सत्संग में उन्होंने बताया कि जीवात्माओं के कल्याण के लिए प्रभु ने संतों को धरती पर भेजा है। उनके अनुसार, सभी आत्माएं शब्द पर उतार कर लाई गईं हैं, लेकिन जन्म के बाद उनका संबंध शब्द से टूट जाता है। संत पंकज जी ने कहा कि मनुष्य को यह ज्ञान नहीं रहता कि वह कहां से आया है और मृत्यु के बाद कहां जाएगा। ये जटिल प्रश्न हैं जिनका उत्तर महापुरुषों के सत्संग से मिलता है। उन्होंने बताया कि मानव शरीर इसलिए मिला है ताकि संत सत्गुरु की कृपा से जन्म-मरण के बंधनों से मुक्ति मिल सके। उन्होंने अपने उद्देश्य के बारे में बताया कि वे मानव शरीर में विराजमान आत्मा को परमात्मा से मिलाने के संदेश देने, भविष्य के संकटों से आगाह करने और जीवन के वास्तविक लक्ष्य को समझाने के लिए निकले हैं।
तिहरे हत्याकांड में वांछित चल रही मनीषा गिरफ्तार
जौनपुर। जफराबाद क्षेत्र के जगदीशपुर तिराहे से गुरुवार को पुलिस ने तिहरे हत्याकांड के वांछित महिला आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
ज्ञात हो 25 मई की रात को सुल्तानपुर कांध गांव निवासी लालजी तथा उनके दो पुत्रों गुड्डू तथा यादबीर की उनके कारखाने में हथौड़े से सिर कूचकर हत्या कर दी गयी थी।घटना में जगदीशपुर निवासी पलटू राम नागर, उनके पुत्र अरविंद नागर व एक दामाद पर मुकदमा दर्ज हुआ था।घटना के बाद पुलिस की जांच में तह खुलने लगा।घटना में अब तक छह लोग अभियुक्त बन चुके है।पुलिस पांच लोगों को इसके पहले गिरफ्तार करके जेल भेज चुकी है।पुलिस घटना में शामिल मनीषा पत्नी अरविंद के तलाश में लगी हुई थी।गुरुवार को सीओ सिटी देवेश सिंह,थानाप्रभारी विश्वनाथ प्रताप सिंह के निर्देश पर चौकी प्रभारी राधेश्याम सिंह ने मुखबिर की सूचना पर जगदीशपुर तिराहे से मनीषा को गिरफ्तार कर लिया। सीओ सिटी ने बताया कि मनीषा ने हत्याकांड के सबूतों को नष्ट करने का काम किया है।



