- वांछित हीरालाल मौर्य को ईओडब्ल्यू की वाराणसी टीम ने किया गिरफ्तार
- जफराबाद थाना क्षेत्र के बाबूपुर गांव का रहने वाला आरोपी भेजा गया जेल
जौनपुर। सिरकोनी विकास खण्ड में दो दशक पूर्व हुए खाद्यान्न घोटाले में संलिप्त कोटेदार शुक्रवार को आर्थिक अपराध अन्वेषण ब्यूरो (ईओडब्ल्यू) वाराणसी की टीम ने गिरफ्तार कर लिया। बता दें वर्ष 2004 से 2005 के मध्य केन्द्र व राज्य सरकार द्वारा संचालित सम्पूर्ण ग्रामीण रोजगार योजना अन्तर्गत के विकास खण्ड सरकोनी के विभिन्न गावों में क्षेत्र पंचायत अंश से नाली निर्माण, खड़न्जा निर्माण, पटरी मरम्मत, सम्पर्क मार्ग पर मिट्टी कार्य, सीसी रोड और पुलिया निर्माण कार्य कराया जाना प्रस्तावित था। काम में लगे मजदूरों को कार्य के बदले खाद्यान्न (चावल) वितरित किया जाना था। इस संबंध में वर्ष 2012में थाना-जलालपुर, जौनपुर पर अभियुक्त के विरुद्ध अभियोग पंजीकृत है। अभियोग में शामिल अभियुक्तगण बीडीओ, ब्लॉक प्रमुख, सचिव और कोटेदार ने आपस में मिलीभगत व धोखाधड़ी कर फर्जी मस्टर रोल तैयार कर खाद्यान्न पात्र श्रमिकों को न देकर कालाबाजारी कर लाखों रुपये की शासकीय धन की क्षति कारित की थी। वांछित अभियुक्त जफराबाद थाना क्षेत्र के बाबूपुर गांव निवासी हीरालाल मौर्य को पुलिस अधीक्षक प्रदीप कुमार द्वारा गठित टीम ने शुक्रवार की दोपहर उसके घर पर दबिश देकर गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी करने वाली टीम में ईओडब्ल्यू के निरीक्षक सुनील कुमार वर्मा, करुणेश सिंह, रवीन्द्र प्रताप यादव, मुख्य आरक्षी सरफराज अंसारी शामिल थे। गिरफ्तार आरोपी को टीम साथ लेकर वाराणसी गई और भ्रष्टाचार कोर्ट में प्रस्तुत कर जेल भेज दिया।


